मारुति सुजुकी जिम्नी का भारत में ट्रायल प्रोडक्शन हुआ शुरू, विदेशों में एक्सपोर्ट की जाएगी ये कार: रिपोर्ट
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार मारुति ने गुरुग्राम स्थित प्लांट में नई जिम्नी का ट्रायल प्रोडक्शन शुरू किया है। कहा जा रहा है कि यहां से इसे विदेशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा।
- Write a कमेंट

- ऑटो एक्सपो 2020 में शोकेस किया गया था सुुजुकी जिम्नी ऑफ रोडर का लेटेस्ट वर्जन
- भारत में इसका 5-डोर वर्जन पेश कर सकती है कंपनी, इंटरनेशनल मार्केट में इसका 3-डोर वर्जन है उपलब्ध
- इसमें अर्टिगा वाला 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन किया जा सकता है पेश, जिसके साथ 4x2 और 4x4 पावरट्रेन की दी जा सकती है चॉइस
- मारुति का अपकमिंग बीएस6 1.5 लीटर डीजल इंजन भी दिया जा सकता है इसमें
- महिंद्रा थार को टक्कर देने के लिए मारुति 2021 में उतार सकती है जिम्नी का इंडियन वर्जन
सुजुकी जिम्नी के चौथे जनरेशन मॉडल को अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 2018 में पेश किया गया था, मगर भारत में इसकी झलक फरवरी में आयोजित हुए ऑटो एक्सपो 2020 में देखने को मिली थी। भारत में लोगों के बीच मारुति जिप्सी का एक अलग ही क्रेज था जो आज भी है। ये गाड़ी सुजुकी जिम्नी का ही एक एक्सटेंडेड वर्जन है और अब इसके फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि कंपनी वापस से इस ऑफ रोडर कार को मार्केट में उतारे।
मारुति सुजुकी जिम्नी को भारत में 5-डोर वर्जन के रूप में उतारे जाने का विचार किया जा रहा है जो कि ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध इसके 3-डोर वर्जन से ज्यादा आकर्षक होगा। हालांकि, नई महिंद्रा थार भी 3-डोर वर्जन में ही पेश की गई है जो इस वक्त काफी पॉपुलर हो चली है, ऐसे में मारुति भी जिम्नी के 5-डोर वर्जन के साथ साथ इसका 3-डोर वर्जन भी उतार सकती है। भारत में हाल ही में सुजुकी मारुति जिम्नी का 3-डोर सिएरा वेरिएंट टेस्टिंग के दौरान नजर आया था।
सुजुकी जिम्नी के ग्लोबल मॉडल में 4x4 स्टैंडर्ड दिया गया है, वहीं इसके इंडियन वर्जन में अफोर्डेबल ऑप्शन के तौर पर 4x2 पावरट्रेन दिया जा सकता है। इस सेगमेंट की कार चाहने वाले ग्राहकों को इसका इंटीरियर काफी पसंद आ सकता है, जिसमें 7.0 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, क्लाइमेट कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल जैसे कंफर्ट फीचर्स दिए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नई महिंद्रा थार के लिए मई 2021 तक का करना होगा इंतजार
जिम्नी के इंटरनेशनल मॉडल में लो रेंज ट्रांसफर केस का फीचर दिया गया है जो ऑल व्हील ड्राइव हाई, ऑल व्हील ड्राइव लो और 2 व्हील ड्राइव हाई के बीच स्विच करने के काम में आता है। जिम्नी के इंडियन मॉडल में अर्टिगा वाला 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है जिसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की चॉइस मिल सकती है। इस इंजन का आउटपुट भी अर्टिगा की तरह 105 पीएस और 138 एनएम होगा। मारुति का 1.5 लीटर डीजल इंजन फिर से वापसी करने जा रहा है जो कि जिम्नी में भी दिया जा सकता है।

मारुति जिम्नी के इंडियन वर्जन को 2021 तक लॉन्च किया जा सकता है। इसे नेक्सा डीलरशिप के जरिए बेचा जा सकता है जहां इसकी प्राइस 10 लाख रुपये के आसपास हो सकती है। इस ऑफ रोडर को यहां जिप्सी के नाम से उतारा जा सकता है जो कि महिंद्रा थार और अपकमिंग बीएस6 फोर्स गुरखा को टक्कर देती नजर आएगी।
यह भी पढ़ें: नई महिंद्रा थार को खरीदना हुआ महंगा














