महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी को भारत एनकैप क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी का भारत एनकैप स्कोर इसे इकलौती ऐसी कॉम्पैक्ट एसयूवी बनाता है जिसे सीएनजी टैंक के साथ टेस्ट किया गया है!
- Write a कमेंट

महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी ने भारत एनकैप क्रैश टेस्ट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस कॉम्पैक्ट एसयूवी ने एडल्ट और चाइल्ड पैसेंजर सेफ्टी दोनों मामलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। भारत में सीएनजी गाड़ियों की बढ़ती मांग के बीच महिंद्रा ने जीएनजी को सबसे पावरफुल पेट्रोल-सीएनजी इंजन वाली कार के तौर पर पेश किया था और अब इस सेफ्टी रेटिंग ने इसकी विश्वसनीयता को और भी मजबूत कर दिया है। चलिए, महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी के भारत एनकैप क्रैश टेस्ट नतीजों पर डालते हैं एक नजर :-
वयस्क पैसेंजर प्रोटेक्शन
29.36/32 पॉइंट्स
फ्रंटल ऑफसेट डिफॉरमेबल बैरियर टेस्ट : 13.36/16 पॉइंट्स
साइड डिफॉरमेबल बैरियर टेस्ट: 16/16 पॉइंट्स
भारत एनकैप के कड़े प्रोटोकॉल के तहत महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी ने एडल्ट पैसेंजर प्रोटेक्शन के मामले में कुल 32 में से 29.36 अंक हासिल किए। फ्रंटल ऑफसेट टेस्ट 64 किमी/घंटे की रफ़्तार पर किया गया था, जिसमें एसयूवी ने ड्राइवर और पैसेंजर के सिर और गर्दन के हिस्से को 'अच्छा' प्रोटेक्शन दिया। इस टेस्ट में ड्राइवर के छाती के हिस्से को भी 'अच्छी' रेटिंग दी गई, जबकि को-ड्राइवर की छाती की सुरक्षा को 'सबसे अच्छी' बताई गई। दोनों फ्रंट पैसेंजर्स के जांघों और पेल्विस की सुरक्षा को भी 'अच्छा' करार दिया गया। हालांकि, ड्राइवर के दोनों टिबिया की सुरक्षा को 'पर्याप्त' रेटिंग मिली, जबकि को-ड्राइवर के टिबिया की सुरक्षा 'अच्छी' बताई गई। ड्राइवर के पैरों की सुरक्षा को भी 'अच्छा' प्रोटेक्शन मिला।

साइड डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी का प्रदर्शन शानदार रहा रहा। 50 किमी/घंटे की रफ्तार पर हुए इस टेस्ट में इसे 16 में से पूरे 16 अंक मिले। इस टेस्ट में ड्राइवर के शरीर के सभी हिस्सों (जैसे सिर, छाती, पेट और पेल्विस) को 'अच्छी' सुरक्षा मिली। जबकि, साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी इस एसयूवी कार ने ड्राइवर के सिर, छाती, पेट और पेल्विस के हिस्सों के लिए 'अच्छी' रेटिंग हासिल की।

चाइल्ड पैसेंजर प्रोटेक्शन
45/49 पॉइंट्स
डायनामिक स्कोर : 24/24 पॉइंट्स
चाइल्ड रेस्ट्रेन्ट इंस्टॉलेशन स्कोर : 12/12 पॉइंट्स
व्हीकल असेसमेंट स्कोर : 9/13 पॉइंट्स
बच्चों की सुरक्षा के मामले में भी महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसे चाइल्ड पैसेंजर प्रोटेक्शन के मामले में कुल 49 में से 45 अंक मिले हैं, जो इसे इस सेगमेंट की सबसे सुरक्षित गाड़ियों में से एक बनाता है। 18 महीने के बच्चे की डमी (रियर-फेसिंग चाइल्ड सीट में) और 3 साल के बच्चे की डमी (फॉरवर्ड-फेसिंग चाइल्ड सीट में) दोनों के लिए इसे 12 में से 12 अंक मिले। सीआरएस इंस्टॉलेशन स्कोर में भी इसे 12 में से पूरे 12 अंक दिए गए। यह स्कोर इस बात को दर्शाता है कि कार में चाइल्ड सीट को सही तरीके से और सुरक्षित रूप से इंस्टॉल किया जा सकता है। व्हीकल असेसमेंट में इसे 13 में से 9 अंक मिले। इस कैटेगरी में कार में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े फीचर्स का मूल्यांकन किया जाता है। हालांकि, भारत एनकैप की जारी की गई फैक्ट शीट में बच्चों के सिर, छाती और गर्दन जैसे हिस्सों पर आए असर की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, जैसा कि आमतौर पर ग्लोबल एनकैप की रिपोर्ट्स में देखने को मिलता है।
सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी के मामले में महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी काफी अच्छी कार है। इसमें 6 एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी), कीलेस एंट्री और गो, रियर पार्किंग सेंसर, रिवर्स पार्किंग कैमरा, ऑटोमैटिक हेडलैंप, रेन-सेंसिंग वाइपर और आइएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। एक्सयूवी 3एक्सओ को भी भारत एनकैप से क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है।

इंजन ऑप्शन
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी में 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसके साथ मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। यह गाड़ी 1.5-लीटर डीजल इंजन, और 1.2-लीटर टीजीडीआई टर्बो-पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ भी उपलब्ध है, जिसके साथ मैनुअल और ऑटोमेटिक गियरबॉक्स की चॉइस मिलती है। यहां देखें इसके इंजन स्पेसिफिकेशन :-
| मॉडल |
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ |
||
| इंजन |
1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल |
1.2लीटर टी-जीडीआई पेट्रोल |
1.5-लीटर डीजल |
| पावर |
111 पीएस |
131 पीएस |
117 पीएस |
| टॉर्क |
200 एनएम |
230 एनएम |
300 एनएम |
| ट्रांसमिशन |
6-स्पीड एमटी, 6-स्पीड एटी |
6-स्पीड एमटी, 6-स्पीड एटी |
6-स्पीड एमटी, 6-स्पीड एएमटी |
| ड्राइवट्रेन |
एफडब्लूडी |
एफडब्लूडी |
एफडब्लूडी |
*एमटी मैनुअल ट्रांसमिशन, एटी- टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक, एफडब्लूडी- फ्रंट-व्हील ड्राइव
कीमत और मुकाबला
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी की कीमत 9.99 लाख रुपये से 12.27 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। इसका मुकाबला टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, मारुति फ्रॉन्क्स और टाटा पंच से है, जो फ़ैक्ट्री-फिटेड सीएनजी ऑप्शन के साथ उपलब्ध है। यह गाड़ी किआ सोनेट, रेनो काइगर, हुंडई वेन्यू, निसान मैग्नाइट, टोयोटा टाइजर और किआ सिरोस को भी कड़ी टक्कर देती है।
कारदेखो का क्या है कहना
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ पहले से ही अपने दमदार लुक्स, एडवांस्ड फीचर्स और पावरफुल इंजन विकल्पों के लिए जानी जाती थी। अब इसके सीएनजी वर्जन को भारत एनकैप से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है जिसके चलते यह पैकेज और भी आकर्षक बन गया है। यह रेटिंग उन ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत है जो सीएनजी कार की कम रनिंग कॉस्ट का फायदा तो उठाना चाहते हैं, लेकिन सेफ्टी से किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं हैं। एक्सयूवी 3एक्सओ जेडएनजी ने यह साबित कर दिया है कि एक किफायती और सीएनजी फ्यूल ऑप्शन वाली कार भी मजबूत सेफ्टी स्टैंडर्ड सेट कर सकती है। यह उन खरीदारों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर उभरी है जो एक सुरक्षित, फीचर-लोडेड और पावरफुल कॉम्पैक्ट एसयूवी चाहते हैं, जिसमें सीएनजी का फायदा भी मिले।














