2026 फोक्सवैगन वर्टस फेसलिफ्ट से उठा पर्दा, दिसंबर तक हो सकती है लॉन्च
फोक्सवैगन वर्टस में स्लीक और स्पोर्टी स्टाइलिंग तो बरकरार है, लेकिन अब इसमें कुछ ऐसे बारीक डिज़ाइन एलिमेंट जोड़े गए हैं जो इसके प्रीमियम अहसास को और बढ़ाते हैं।
- Write a कमेंट

फोक्सवैगन ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान वर्टस के फेसलिफ्ट वर्जन की तस्वीरें साझा कर दी है। अनुमान है कि इसे भारत में दिसंबर 2026 तक पेश किया जा सकता है। यह अपडेट सिर्फ एक मैकेनिकल बदलाव नहीं है, बल्कि यह शहर में रोज़ाना ड्राइव करने वाले लोगों के अनुभव को पूरी तरह से बदलने की क्षमता रखता है। वहीं, इसकी कजिन स्कोडा स्लाविया को भी हाल ही में नया फेसलिफ्ट अपडेट मिला था। चलिए, जानते हैं कि वर्टस फेसलिफ्ट में क्या कुछ है नया :-
क्या यह नई डिजाइन के साथ आएगी?
2026 फोक्सवैगन वर्टस फेसलिफ्ट में ज्यादा कोई कॉस्मेटिक बदलाव नहीं किए गए हैं, बल्कि कंपनी ने इसके आकर्षक डिज़ाइन को और निखारने पर ज्यादा ध्यान दिया है। सबसे पहला और ध्यान खींचने वाला बदलाव इसके फ्रंट बंपर में हुआ है। इसे पूरी तरह से नया रूप दिया गया है, जिसमें अब पियानो-ब्लैक फिनिश का इस्तेमाल किया गया है जो इसे एक स्पोर्टी और अपमार्केट फील देता है। बंपर के निचले हिस्से में एयर डैम पर एक नया डायमंड जैसा पैटर्न है, जो इसे बेहद आकर्षक लुक देगा। हेडलैंप का डिज़ाइन पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन अब हैलोजन फॉग लैंप की जगह नई एलईडी प्रोजेक्टर यूनिट्स दी गई हैं। यह ना केवल दिखने में मॉडर्न लगती हैं, बल्कि रात और खराब मौसम में बेहतर रोशनी भी देती है।
साइड से देखने पर कार का लुक पहले जैसा ही लगता है। यहां सबसे बड़ा बदलाव 16-इंच अलॉय व्हील्स का किया गया है जिस पर अब नई 10-स्पोक डिज़ाइन मिलती है। परफॉरमेंस-ओरिएंटेड जीटी और जीटी लाइन वेरिएंट्स में इन व्हील्स पर ऑल-ब्लैक फिनिश दी गई है जो इसके स्पोर्टी कैरेक्टर को निखारती हैं। जबकि, टॉप वेरिएंट्स में व्हील्स पर डुअल-टोन व्हील्स फिनिश मिलेगी।

पीछे की तरफ भी कई हल्के-फुल्के बदलाव किए गए हैं। बंपर के निचले हिस्से में भी फ्रंट की तरह डायमंड पैटर्न दिया गया है जो इसे एक प्रीमियम लुक देता है। टेललैंप और बूट लिड की डिजाइन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कुल मिलाकर, ये सभी छोटे-छोटे अपडेट्स फोक्सवैगन वर्टस को नयापन देंगे।

इस सेडान कार के इंटीरियर की तस्वीरें फिलहाल सामने नहीं आई है। उम्मीद है कि इसका केबिन लेआउट पहले जैसा हो सकता है और इसमें कई हल्के-फुल्के डिजाइन अपडेट्स दिए जा सकते हैं जो इसे बिलकुल फ्रेश लुक देंगे।
संभावित फीचर्स
फीचर्स के मामले में सबसे बड़े अपग्रेड्स में से एक नया 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले हो सकता है। यह ना केवल केबिन को ज़्यादा मॉडर्न बनाएगा, बल्कि ड्राइवर को ज़्यादा जानकारी भी देगा। इसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ अपडेटेड 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी दिया जा सकता है। कंफर्ट के लिहाज से इसमें पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर दिए जा सकते है। इसके अलावा इसमें सिंगल-पेन सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, और वायरलेस फोन चार्जर जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।

सेफ्टी के मामले में वर्टस पहले से ही सेगमेंट लीडर है, जिसे ग्लोबल एनकैप से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है। उम्मीद है कि वर्टस फेसलिफ्ट में 360-डिग्री कैमरा, ऑल-फोर डिस्क ब्रेक्स, फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे नए सेफ्टी फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूदा मॉडल वाले सेफ्टी फीचर्स जैसे 6 एयरबैग, एबीएस के साथ ईबीडी, हिल-होल्ड असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस) और बच्चों की सीटों के लिए आइएसोफिक्स माउंट सीट भी मिलने जारी रहेंगे।
पावरट्रेन ऑप्शन
2026 फोक्सवैगन वर्टस सेडान में मौजूदा मॉडल वाला 1-लीटर टीएसआई और 1.5-लीटर टीएसआई इंजन मिलना जारी रहेगा। हालांकि, इसमें 1-लीटर इंजन के साथ नया 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स जोड़ा जा सकता है, साथ ही इसमें पहले वाला 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स भी मिलना जारी रहेगा। जबकि, 1.5-लीटर इंजन के साथ पॉपुलर डीएसजी गियरबॉक्स दिया जाएगा। यहां देखें इसके इंजन स्पेसिफिकेशन :-
| स्पेसिफिकेशन |
1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल टीएसआई |
1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल टीएसआई |
| पावर |
115 पीएस |
150 पीएस |
| टॉर्क |
178 एनएम |
250 एनएम |
| ट्रांसमिशन |
6-स्पीड एमटी / 8-स्पीड एटी |
7-स्पीड डीसीटी |
एमटी - मैनुअल ट्रांसमिशन / एटी - टॉर्क कन्वर्टर (ऑटोमैटिक) / डीसीटी - डुअल-क्लच ट्रांसमिशन (ऑटोमैटिक)

1.0-लीटर टीएसआई पेट्रोल इंजन को इसके फुर्तीले स्वभाव और आसानी से रेव होने की खूबी के लिए काफी पसंद किया जाता है। ज्यादातर ड्राइविंग कंडीशन में यह इंजन पर्याप्त से भी ज्यादा पावर देता है। 8-स्पीड गियरबॉक्स का जुड़ना एक सराहनीय कदम है क्योंकि आठ गियर होने से हाईवे पर क्रूज़ करते समय इंजन कम आरपीएम पर चल पाएगा, जिससे फ्यूल एफिशिएंसी में भी सुधार होने की उम्मीद है।
वहीं, परफॉरमेंस पसंद करने वालों के लिए 1.5-लीटर टीएसआई इंजन का विकल्प बना रहेगा। यह इंजन अपने 7-स्पीड डीसीटी (डुअल-क्लच ट्रांसमिशन) गियरबॉक्स के साथ तेज़ी से गियर बदलता है और एक रोमांचक ड्राइविंग अनुभव देता है। इस इंजन की एक और खास बात इसकी एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी (एसीटी) है, जो कम लोड पर चार में से दो सिलेंडर को बंद कर देती है जिससे फ्यूल की खपत कम होती है।
संभावित कीमत और मुकाबला
फेसलिफ्ट फोक्सवैगन वर्टस को नवंबर 2026 के आखिर में या फिर दिसंबर की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इस गाड़ी की कीमत 12 लाख रुपये से शुरू हो सकती है। कॉम्पेक्ट सेडान सेगमेंट में इसका मुकाबला स्कोडा स्लाविया, होंडा सिटी और हुंडई वरना से रहेगा।
कारदेखो का क्या है कहना
फोक्सवैगन वर्टस अपने सेगमेंट की सबसे ज़्यादा बिकने वाली सेडान रही है। यह गाड़ी उन लोगों को ज्यादा पसंद आती है जो शानदार स्टाइल, बेहतरीन परफॉरमेंस, कंफर्ट और फीचर्स का अच्छा तालमेल चाहते हैं। नए फेसलिफ्ट वर्जन के साथ वर्टस में कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे, जैसे कि 8-स्पीड गियरबॉक्स, यूवी कट ग्लास और एक नया एसी सिस्टम, जो केबिन को पहले से ज़्यादा ठंडा कर देगा। बड़ा डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, फ्रंट पार्किंग सेंसर और 360-डिग्री कैमरा (अनुमानित) जैसे फीचर्स के जुड़ने से वर्टस अपने प्रतिद्व्न्दियों के मुकाबले और भी आकर्षक विकल्प बन जाएगी और इसे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर चलाना भी काफी आसान हो जाएगा।














