• English
    • लॉगिन / रजिस्टर

    2026 होंडा एलिवेट एसवी वेरिएंट: क्या इसे खरीदना है फायदे का सौदा या फिर सिर्फ एक समझौता?

    एसवी वेरिएंट मुकाबले में मौजूद ज्यादातर कार से महंगा है। क्या यह खरीदने लायक है? आइए जानते हैं

    याशीन
    याशीन
    published on नवंबर 06, 2026 11:20 ist
    info icon
    published onNov 06, 2026 11:20 IST
    last updated onNov 06, 2026 11:20 IST
    11 Views
    • Write a कमेंट

    Honda Elevate SV Explained

    होंडा ने हाल ही में एलिवेट का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है, जो फिलहाल भारतीय बाजार में कंपनी की एकमात्र एसयूवी कार है। इसका बेस वेरिएंट एसवी उन खरीदारों को टारगेट करता है जो होंडा एलिवेट का बड़ा साइज, स्पेशियस केबिन और रिफाइंड इंजन परफॉर्मेंस सबसे कम कीमत पर चाहते हैं। 11.8 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर, एसवी वेरिएंट एलिवेट लाइन-अप में सबसे किफायती विकल्प है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह वेरिएंट जरूरी फीचर्स के साथ एक अच्छा पैकेज है, या फिर कीमत कम रखने के लिए इसमें बहुत ज्यादा समझौते किए गए हैं? चलिए, हर पहलू पर विस्तार से नजर डालते हैं।

    होंडा एलिवेट एसवी: एक्सटीरियर

    पहली नजर में, होंडा एलिवेट एसवी को एक बेस वेरिएंट के तौर पर पहचानना थोड़ा मुश्किल है। इसका क्रेडिट इसके मस्क्युलर और अपराइट स्टांस को जाता है। सामने से, आपको वही बोल्ड और बड़ी ग्लॉस ब्लैक फिनिश वाली ग्रिल मिलती है जो इसके टॉप वेरिएंट्स में भी है। सबसे अच्छी बात यह है कि होंडा ने बेस वेरिएंट में भी एलईडी डीआरएल और एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैम्प्स दिए हैं, जो इसे एक प्रीमियम लुक देते हैं। हालांकि, टॉप मॉडल्स में मिलने वाला कनेक्टेड एलईडी लाइट बार यहां नहीं दिया गया है।

    Honda Elevate SV Front

    साइड प्रोफाइल में सबसे बड़ा अंतर इसके पहियों में नजर आता है। एसवी वेरिएंट में 16-इंच के स्टील व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर व्हील कवर लगे हैं। अगर आपको अलॉय व्हील्स चाहिए, तो उसके लिए आपको वी वेरिएंट से शुरुआत करनी होगी। एक अच्छी बात यह है कि ओआरवीएम पर टर्न इंडिकेटर दिए गए हैं, जो आजकल इस सेगमेंट में एक स्टैंडर्ड फीचर बन गया है। दरवाजों के निचले हिस्से पर ग्लॉस ब्लैक गार्निश की कमी थी, जो फेसलिफ्ट के साथ नए मॉडल में जोड़ी गई है।

    Honda Elevate SV Side

    पीछे की तरफ इसमें शार्क फिन एंटीना, एक सिल्वर स्किड प्लेट और रूफ-माउंटेड स्पॉइलर जैसे एलिमेंट्स दिए गए हैं। ये सभी मिलकर कार को एक बैलेंस्ड और पूरा लुक देते हैं। यहां भी फेसलिफ्ट के साथ आया कनेक्टेड एलईडी टेललाइट बार नहीं मिलता, जो सिर्फ टॉप-एंड वेरिएंट्स के लिए रिजर्व है।

    Honda Elevate SV Rear

    होंडा एलिवेट एसवी: इंटीरियर

    अंदर कदम रखते ही आपको एलिवेट का स्पेशियस और हवादार केबिन मिलता है। होंडा ने यहां भी कुछ अच्छी चीजें स्टैंडर्ड रखी हैं। केबिन की डुअल-टोन आइवरी और ब्लैक थीम सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड है, जो इसे एक प्रीमियम और खुला-खुला महसूस कराती है। 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील पर ऑडियो कंट्रोल्स दिए गए हैं और यह टिल्ट व टेलीस्कोपिक एडजस्टमेंट के साथ आता है। ड्राइवर की सुविधा के लिए सीट हाइट-एडजस्टेबल है और स्टोरेज के साथ एक फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट भी मिलता है। पीछे की सीटें 60:40 स्प्लिट फंक्शन के साथ आती हैं, जिससे बूट स्पेस को मैनेज करना आसान हो जाता है।

    Honda Elevate SV Interior

    अब बात करते हैं उन चीजों की जिनकी यहां कमी है। डैशबोर्ड और दरवाजों पर सॉफ्ट-टच फिनिश नहीं है, जो जेडएक्स वेरिएंट से मिलना शुरू होती है। सीटें फैब्रिक की हैं। इस वजह से केबिन प्रीमियम से ज्यादा फंक्शनल लगता है। स्टीयरिंग व्हील और गियर नॉब पर लेदर रैप नहीं है। इसके अलावा, एम्बिएंट लाइटिंग, दरवाजों के आर्मरेस्ट पर सॉफ्ट-टच पैड और डोर पॉकेट्स में एलईडी लाइट्स जैसे छोटे-छोटे प्रीमियम टच भी यहां नहीं मिलते। कुछ प्रैक्टिकल फीचर्स भी हटाए गए हैं, जैसे कपहोल्डर वाला रियर सेंटर आर्मरेस्ट, फ्रंट सीट के पीछे पॉकेट्स, रियर पार्सल शेल्फ और बूट में लाइट। ये फीचर्स रोजमर्रा के इस्तेमाल में काफी काम आते हैं और इनकी कमी महसूस हो सकती है। इनमें से ज्यादातर फीचर्स आपको एक वेरिएंट ऊपर, यानी वी वेरिएंट से मिलने शुरू हो जाते हैं।

    Honda Elevate SV Rear Seats

    होंडा एलिवेट एसवी: फीचर्स

    एसवी में ज्यादातर बेसिक चीजों को कवर करते हुए फीचर लिस्ट को सिंपल रखा गया है। आपको पुश-बटन स्टार्ट के साथ कीलेस एंट्री, रियर  एसी वेंट के साथ ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 7-इंच इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्टीयरिंग-व्हील-माउंटेड ऑडियो कंट्रोल और फॉलो-मी-होम हेडलैंप जैसे फीचर मिलते हैं। ओआरवीएम इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल हैं लेकिन इलेक्ट्रिक फोल्ड नहीं होते, और ड्राइवर-साइड विंडो में वन-टच अप/डाउन ऑपरेशन मिलता है। फ्रंट सन वाइजर में वैनिटी मिरर है, लेकिन रोशनी नहीं है, और आगे 12वाट का पावर सॉकेट है।

    Honda Elevate SV Auto Climate Control

    हालांकि सबसे बड़ी कमी ये है कि इसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और साउंड सिस्टम नहीं है। आपको ऑटोमैटिक हेडलाइट्स, रेन-सेंसिंग वाइपर, सनरूफ, पीएम2.5 एयर फिल्टर, वायरलेस फोन चार्जर और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट भी नहीं मिलेंगे। ऊपर वाले वेरिएंट में पावर्ड सीट, फ्रंट और रियर वेंटिलेशन और 8 स्पीकर्स जैसे फैंसी फीचर्स भी मिलते हैं। यहां होंडा एलिवेट के वेरिएंट अनुसार फीचर देखें।

    होंडा एलिवेट एसवी: सेफ्टी

    Honda Elevate SV

    बेस वेरिएंट में अच्छे खासे सेफ्टी फीचर मिलते हैं। इसमें छह एयरबैग, एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज और रियर पार्किंग सेंसर शामिल हैं। लेवल-2 एडीएएस, 360-डिग्री कैमरा, वॉशर के साथ रियर वाइपर, ऑटो-डिमिंग आईआरवीएम और लेन-वॉच कैमरा जैसे फीचर्स टॉप मॉडल्स के लिए रिजर्व हैं।

    होंडा एलिवेट एसवी: पावरट्रेन

    एसवी वेरिएंट में आपको सिर्फ एक इंजन और ट्रांसमिशन का कॉम्बिनेशन मिलता है, जो होंडा की विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है।

    इंजन

    1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल

    पावर

    121 पीएस

    टॉर्क

    145 एनएम

    ट्रांसमिशन

    6-स्पीड मैनुअल

    Honda Elevate SV Gear Lever

    यह इंजन अपनी स्मूदनेस और रिफाइनमेंट के लिए मशहूर है। शहर और हाईवे, दोनों जगहों पर यह पर्याप्त परफॉर्मेंस देता है। हालांकि, एसवी वेरिएंट में ऑटोमैटिक (सीवीटी) ट्रांसमिशन का ऑप्शन नहीं है। अगर आपको ऑटोमैटिक गियरबॉक्स चाहिए, तो आपको कम से कम वी वेरिएंट चुनना होगा।

    होंडा एलिवेट एसवी: कीमत और मुकाबला

    होंडा एलिवेट एसवी की कीमत 11.8 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। यह इसे होंडा एलिवेट लाइन-अप का सबसे किफायती वेरिएंट बनाता है, वहीं टॉप मॉडल की प्राइस 18.4 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर, फॉक्सवैगन टाइगन, स्कोडा कुशाक, टाटा सिएरा, टाटा कर्व और रेनो डस्टर से है।

    कारदेखो का क्या है कहना

    एलिवेट एसवी उन खरीदारों के लिए है जो कम कीमत पर होंडा बैज, बड़ा केबिन और स्मूद इंजन चाहते हैं। इसमें ज्यादातर जरूरी चीजें हैं, जिसमें छह एयरबैग शामिल हैं, लेकिन इसमें फीचर्स कम लगते हैं, और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन न होने से शहर के ट्रैफिक में इसकी अपील कम हो जाती है। अगर आप अपना बजट बढ़ा सकते हैं, तो वी वेरिएंट अपने अतिरिक्त फीचर्स और सीवीटी ऑप्शन के साथ ज्यादा सही रहेगा। क्या आप एसवी वेरिएंट चुनेंगे? हमें नीचे कमेंट सेक्शन में बताएं।

    was this article helpful ?

    होंडा एलिवेट पर अपना कमेंट लिखें

    कंपेयर करने के लिए मिलती-जुलती कारें

    कार न्यूज़

    • ताजा खबरें

    ट्रेंडिंग एसयूवी कारें

    • अपकमिंग
    • पॉपुलर
    *नई दिल्ली में एक्स-शोरूम प्राइस
    ×
    हमें आपके अनुभव को कस्टमाइज करने के लिए आपके शहर की आवश्यकता है