2026 टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट की लॉन्च डेट कन्फर्म: जानिए नई एमपीवी कार में क्या कुछ खास मिलेगा
नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस एमपीवी कार में बड़ी डिजिटल डिस्प्ले और फ्लेक्स-फ्यूल पावरट्रेन के साथ-साथ एक्सटीरियर में भी हल्के बदलाव हो सकते हैं।
- Write a कमेंट

टोयोटा ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि फेसलिफ्ट इनोवा हाईक्रॉस भारत में 25 नवंबर 2026 को लॉन्च की जाएगी। यह इस पॉपुलर एमपीवी के लिए एक मिड-लाइफ अपडेट होगा, जिसमें डिजाइन, इंटीरियर और फीचर्स में कई अहम बदलाव देखने की उम्मीद है। भारत में नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस के टेस्ट मॉडल कई बार देखे जा चुके हैं, और इसके ज्यादातर अपडेट्स इंडोनेशिया में हाल ही में लॉन्च हुई Kijang Innova Zenix से प्रेरित हो सकते हैं।
बाहर की तरफ मामूली बदलाव

फेसलिफ्ट इनोवा हाईक्रॉस के एक्सटीरियर में बहुत बड़े बदलावों की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसे फ्रेश लुक देने के लिए कुछ कॉस्मेटिक अपडेट्स जरूर किए जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव फ्रंट में देखने को मिल सकता है, जहां मौजूदा ग्रिल से थोड़ी बड़ी ग्रिल दी जा सकती है। इसके अलावा, एलईडी डीआरएल के हाउसिंग सेटअप को भी थोड़ा बदला जा सकता है। मौजूदा मॉडल में ये डीआरएल टर्न इंडिकेटर का भी काम करते हैं। बंपर और फॉग लैंप की हाउसिंग में भी हल्के बदलाव संभव हैं, जो इसे एक नयापन देंगे।

साइड प्रोफाइल में सबसे कम बदलाव होने की उम्मीद है। यहां एकमात्र संभावित बदलाव 10-स्पोक 18-इंच अलॉय व्हील्स हो सकता है। शार्क फिन एंटीना, ओआरवीएम पर लगे टर्न इंडिकेटर और व्हील आर्च क्लैडिंग जैसे एलिमेंट्स मौजूदा मॉडल की तरह ही बने रहने की संभावना है।

पीछे की तरफ भी कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रैपअराउंड एलईडी टेल लाइट्स, जो एक स्लीक क्रोम स्ट्रिप से जुड़ी हैं, रूफ स्पॉइलर और बैजिंग को बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि, बंपर में मामूली बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
इंटीरियर में क्या होंगे बदलाव?

*संदर्भ के लिए इंडोनेशियाई इनोवा जेनिक्स की फोटो की इस्तेमाल किया गया है
इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट के केबिन में सबसे बड़ा अपग्रेड इसके डिस्प्ले में होने की उम्मीद है। इंडोनेशियाई मॉडल की तरह, इसमें नए डुअल डिजिटल डिस्प्ले दिए जा सकते हैं, जो केबिन को एक मॉडर्न और प्रीमियम फील देंगे। इसके अलावा, पूरे केबिन में नई अपहोल्स्ट्री और एक नई केबिन थीम भी दी जा सकती है। हालांकि, डैशबोर्ड का ओवरऑल लेआउट और 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा। सीटिंग कॉन्फिगरेशन में भी कोई बदलाव नहीं होगा, यह पहले की तरह 7-सीटर और 8-सीटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध रहेगी।
फीचर्स में क्या होगा खास?

फीचर्स के मामले में, नई इनोवा हाईक्रॉस पहले से ज्यादा आकर्षक हो सकती है। सबसे बड़ा आकर्षण दो 12.3-इंच की स्क्रीन हो सकती है: एक टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए और दूसरी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए। इसके अलावा, मौजूदा मॉडल के टॉप वेरिएंट्स में मिलने वाले प्रीमियम फीचर्स जारी रहने की उम्मीद है, जिनमें शामिल हैं:
-
वेंटिलेटेड फ्रंट सीट
-
8 तरह से पावर एडजस्ट होने वाली ड्राइवर सीट
-
पैनोरमिक सनरूफ
-
पावर्ड टेलगेट
-
9-स्पीकर जेबीएल म्यूजिक सिस्टम

सेफ्टी के लिहाज से भी यह एमपीवी काफी मजबूत रहेगी। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट्स, और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी) जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। टॉप वेरिएंट्स में 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 एडीएएस (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) भी दिया जा सकता है।
इंजन और गियरबॉक्स
पावरट्रेन के मामले में सबसे बड़े अपग्रेड की उम्मीद एक फ्लेक्स-फ्यूल इंजन के विकल्प के रूप में की जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो यह इनोवा हाईक्रॉस को और भी वर्सेटाइल बना देगा। इसके साथ ही, मौजूदा इंजन ऑप्शंस भी जारी रहेंगे। इसमें 2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 2-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड सेटअप शामिल है। डीजल इंजन की कमी को पूरा करने के लिए टोयोटा अपनी पुरानी इनोवा क्रिस्टा को रियर-व्हील-ड्राइव के साथ बेचती रहेगी, जबकि हाईक्रॉस एक फ्रंट-व्हील-ड्राइव एमपीवी है।
| स्पेसिफिकेशन |
टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस (पेट्रोल) |
टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस (हाइब्रिड) |
| इंजन |
2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड |
2-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड |
| पावर |
175 पीएस |
186 पीएस (संयुक्त) |
| टॉर्क |
209 एनएम |
188 एनएम (संयुक्त) |
| गियरबॉक्स |
सीवीटी* |
ई-सीवीटी* |

स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड वेरिएंट का एआरएआई सर्टिफाइड माइलेज 21.1 किलोमीटर प्रति लीटर बताया गया है, जो इसे अपनी कैटेगरी की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली गाड़ी में से एक बनाता है।
संभावित कीमत और मुकाबला
इन सभी अपडेट्स के साथ, नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस की कीमत में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि इसकी शुरुआती कीमत लगभग 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। लॉन्च होने के बाद, इसका सीधा मुकाबला मारुति इनविक्टो से होगा, जो इसी का री-बैज्ड वर्जन है। इसके अलावा, यह किआ कैरेंस क्लाविस, टोयोटा रुमियन, मारुति अर्टिगा और एक्सएल6 जैसी गाड़ियों के ज्यादा प्रीमियम विकल्प के तौर पर मौजूद रहेगी।
कारदेखो का क्या है कहना
कई बार टेस्ट मॉडल देखे जाने के बाद अब यह कन्फर्म हो गया है कि इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट भारत में लॉन्च के लिए तैयार है। इस अपडेट से उम्मीद है कि टोयोटा सिर्फ दिखावटी बदलावों पर ही नहीं, बल्कि फंक्शनल अपग्रेड्स पर भी ध्यान देगी। खासकर क्रिएचर कम्फर्ट्स और टेक्नोलॉजी में सुधार इसे आने वाले कुछ और सालों तक सेगमेंट में फ्रेश और प्रतिस्पर्धी बनाए रखेगा। इस अपडेट का सबसे बड़ा फायदा तब होगा जब टोयोटा इसके साथ एक फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन भी लॉन्च कर दे। ऐसे में, ग्राहकों के लिए मॉडर्न हाईक्रॉस और भरोसेमंद क्रिस्टा के बीच का चुनाव एक अहम फैसला बना रहेगा।














