इस दिवाली खरीदें 10 लाख रुपये से कम बजट वाली ये टॉप 5 किफायती डीजल एसयूवी कारें, देखिए पूरी लिस्ट
महिंद्रा इस लिस्ट में सबसे आगे है, जिसके पास एक ही कीमत में कई अलग-अलग तरह की एसयूवी कारें मौजूद हैं।
- Write a कमेंट

भारत में सख्त उत्सर्जन नियमों के कारण कई कार कंपनियां अपने डीजल इंजन बंद कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद डीजल कारों की मांग अभी भी बनी हुई है। खासकर उन ग्राहकों के लिए जिनकी रनिंग ज्यादा है, डीजल इंजन परफॉर्मेंस और माइलेज का एक बेहतरीन संतुलन प्रदान करते हैं। चाहे आपका आम दिनों में गाड़ी का इस्तेमाल कितना भी हो, दिवाली के दौरान दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने-जुलने के लिए आप अपनी कार का इस्तेमाल सामान्य से कहीं ज्यादा करते हैं। अगर आप इस दिवाली 10 लाख रुपये से कम कीमत में कोई डीजल एसयूवी खरीदने के बारे में सोच रहे हैं, तो यहां आपके लिए 5 बेहतरीन विकल्प दिए गए हैं जिन्हें घर लाने पर आप विचार कर सकते हैं :-
महिंद्रा बोलेरो
| डीजल वेरिएंट |
कीमत (एक्स-शोरूम) |
| बी4 |
8.57 लाख रुपये |
| बी6 |
9.37 लाख रुपये |
| बी6 ऑप्शनल |
9.69 लाख रुपये |
| बी8 |
9.99 लाख रुपये |
महिंद्रा बोलेरो लंबे समय से भारतीय बाजार में एक भरोसेमंद नाम रही है। यह एक पारंपरिक लैडर-फ्रेम एसयूवी है जिसका मुख्य फोकस कंफर्ट और लग्जरी फीचर्स की बजाए मजबूती, और प्रेक्टिकेलिटी पर ज्यादा है। भारत में इसका इस्तेमाल कई तरह से होता है - एम्बुलेंस से लेकर पुलिस की गाड़ियों तक। इसे एक अच्छी फैमिली कार नहीं कहा जा सकता, लेकिन खराब रास्तों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प साबित है। हाल ही में इसका नया बोल्ड एडिशन भी लॉन्च किया गया है, जिसमें ब्रॉन्ज लेदरेट सीटें और कुछ फैंसी एक्सटीरियर स्टाइलिंग भी मिलती है।

इस एसयूवी कार में केवल 1.5-लीटर डीजल इंजन दिया गया है जो 76 पीएस की पावर और 210 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है जो रियर व्हील्स तक पावर पहुंचाता है। इसे चलाने पर आपको एकदम पुराने ज़माने की गाड़ी जैसा अनुभव होगा। इसका क्लच और स्टीयरिंग व्हील काफी भारी है और गियर बदलने के लिए काफी लंबा मूवमेंट भी करना पड़ता है।

यह एक 7-सीटर कार है जिसमें पीछे की तरफ साइड-फेसिंग जंप सीटें दी गई हैं, जिनमें सीट बेल्ट नहीं मिलती। इस वजह से यह सीटें लंबे सफर या परिवार के लिए सुरक्षित और आरामदायक नहीं लगती हैं। बोलेरो उन खरीदारों के लिए सबसे अच्छा ऑप्शन है जिन्हें एक मजबूत, भरोसेमंद और कम खर्च वाली एसयूवी कार चाहिए।
महिंद्रा बोलेरो नियो
| डीजल वेरिएंट |
कीमत (एक्स-शोरूम) |
| एन4 |
9.06 लाख रुपये |
| एन6 |
9.69 लाख रुपये |
| एन10 आर |
10 लाख रुपये |
जो ग्राहक बोलेरो जैसी मजबूती और विश्वसनीयता एक ज़्यादा आधुनिक और आरामदायक पैकेज में चाहते हैं, उनके लिए महिंद्रा बोलेरो नियो एक शानदार विकल्प है। यह भी लैडर-फ्रेम चेसिस पर बनी है, लेकिन इसका डिज़ाइन, इंटीरियर और राइड क्वालिटी ट्रेडिशनल बोलेरो से काफी बेहतर है। यह गाड़ी पांच वेरिएंट में आती है, जिनमें से तीन वेरिएंट की कीमत 10 लाख रुपये से कम है।

रेगुलर बोलेरो के मुकाबले बोलेरो नियो में लगा 1.5-लीटर डीजल इंजन (100 पीएस/260 एनएम) ज़्यादा पावरफुल है। यह इंजन कम आरपीएम पर भी दमदार टॉर्क देता है, जिससे शहर में ड्राइविंग आसान हो जाती है। इसमें एक एडवांस सस्पेंशन सेटअप भी दिया गया है, जो खराब रास्तों को आसानी से पार कर लेता है और अच्छी सड़कों पर तेज रफ्तार में भी यह गाड़ी को स्थिर रखता है।

बोलेरो नियो एक 7-सीटर एसयूवी कार है जिसमें तीसरी रो पर जंप सीटें मिलती हैं। यदि आपको ज्यादा सीटों की जरूरत है तो आपके पास बोलेरो नियो प्लस का ऑप्शन भी है जो 9-सीटर कॉन्फिगरेशन में आती है, लेकिन इसकी कीमत 10 लाख रुपये से ज्यादा है। 10 लाख रुपये से कम बजट में यह सबसे मजबूत और दमदार एसयूवी कार है, जिसमें आपको परिवार की जरूरतों और आराम से ज्यादा समझौता भी नहीं करना पड़ेगा।
टाटा नेक्सन
| डीजल वेरिएंट |
कीमत (एक्स-शोरूम) |
| स्मार्ट प्लस एमटी |
9.27 लाख रुपये |
| स्मार्ट प्लस एस एमटी |
9.57 लाख रुपये |
| प्योर प्लस एमटी |
10 लाख रुपये |
नेक्सन भारत की उन चुनिंदा सब-4मीटर एसयूवी में से एक है, जिसमें टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ-साथ डीजल इंजन का विकल्प भी मिलता है। बोलेरो और बोलेरो नियो के मुकाबले यह एक ऐसी एसयूवी है जिसे खासतौर पर शहर में इस्तेमाल करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह स्टाइल, मॉडर्न फीचर्स और सेफ्टी का एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन पेश करती है।

इसमें 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर डीजल इंजन दिया गया है, जो 115 पीएस की पावर और 260 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। 10 लाख रुपये से कम के बजट में इस एसयूवी कार के तीन वेरिएंट्स उपलब्ध है और इन तीनों वेरिएंट्स के साथ केवल मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन दिया गया है। इसमें डीजल ऑटोमेटिक (एएमटी) का ऑप्शन प्योर प्लस वेरिएंट से मिलना शुरू होता है, जिसकी कीमत 10.87 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
इस बजट में डीजल वेरिएंट्स के विकल्प भले ही सीमित हों, लेकिन स्मार्ट प्लस, स्मार्ट प्लस एस और प्योर प्लस वेरिएंट्स के साथ आपको एक बेहतरीन पैकेज मिलता है। इन वेरिएंट्स में फंक्शनल व कंफर्ट फीचर्स, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी फीचर्स का एक अच्छा बैलेंस देखने को मिलता है। स्मार्ट प्लस एस वेरिएंट मे सिंगल-पेन सनरूफ दिया गया है जो आपके परिवार के काम आ सकता है, जिससे वह बाहर के नज़ारों का आनंद ले सकते हैं और दिवाली के समय रोशनी का मज़ा ले सकते हैं।

अगर आप वॉइस-असिस्टेड पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीटों जैसे शानदार फीचर्स चाहते हैं, तो आपको अपना बजट थोड़ा बढ़ाना होगा। लेकिन अपनी कीमत के हिसाब से, नेक्सन डीजल के इन वेरिएंट्स में ज़्यादातर जरूरी फीचर्स मिल जाते हैं।
किआ सोनेट
| डीजल वेरिएंट |
कीमत (एक्स-शोरूम) |
| एचटीई (ओ) एमटी |
9.29 लाख रुपये |
| एचटीई (ओ) एटी |
10 लाख रुपये |
| एचटीके (ओ) एमटी |
10 लाख रुपये |
किआ सोनेट सब-4 मीटर एसयूवी सेगमेंट की एक स्टाइलिश और फीचर लोडेड कार है। यह अपनी प्रीमियम फील और रिफाइंड इंजन के लिए जानी जाती है। 10 लाख रुपये से कम के बजट में केवल इसके तीन वेरिएंट्स ही आते हैं, जबकि इसके टॉप डीजल वेरिएंट की कीमत 14.36 लाख रुपये तक जाती है।

इसमें 1.5-लीटर 4-सिलेंडर डीजल इंजन दिया गया है जो 115.5 पीएस की पावर और 250 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड दिया गया है, साथ ही इसमें टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी मिलता है, जो कि नेक्सन के डीजल एएमटी वर्जन से ज्यादा स्मूद और रिफाइंड है। किआ सोनेट कार में नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और टर्बो पेट्रोल इंजन ऑप्शन भी मिलते हैं।

सोनेट इस लिस्ट की इकलौती एसयूवी कार है जो 10 लाख के बजट में प्रॉपर टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प देती है। 10 लाख रुपये कीमत वाला एचटीई (ओ) डीजल एटी वेरिएंट ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की सुविधा तो देता है, लेकिन इसमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और स्पीकर्स जैसे बेसिक फीचर्स नहीं मिलते हैं। वहीं, इसी कीमत पर आने वाले एचटीके (ओ) मैनुअल वेरिएंट में ये सभी फीचर्स मौजूद हैं। इसका मतलब है कि ग्राहकों को ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की सुविधा और ज़रूरी फीचर्स के बीच किसी एक को चुनना होगा। अगर आपको दोनों चाहिए तो आपको अपना बजट भी बढ़ाना होगा।
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ
| डीजल वेरिएंट |
कीमत (एक्स-शोरूम) |
| एमएक्स2 एमटी |
9.36 लाख रुपये |
महिंद्रा एसयूवी 3एक्सओ नेक्सन और सोनेट की तरह ही सब-4मीटर एसयूवी कार है। इसमें कई सारे इंजन ऑप्शन मिलते हैं, जिसमें टर्बो-पेट्रोल, सीएनजी के साथ टर्बो-पेट्रोल (जो हाल ही में लॉन्च हुआ है) और डीजल शामिल हैं। हालांकि, 10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से कम कीमत में केवल इसका एक डीजल वेरिएंट एमएक्स2 ही उपलब्ध है।

इस लिस्ट की सभी कारों में से इसमें सबसे पावरफुल डीजल (1.5-लीटर) इंजन दिया गया है, जो 117 पीएस की पावर और 300 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। एमएक्स2 वेरिएंट में केवल मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है, जबकि एएमटी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन रेवएक्स एज (ओ) वेरिएंट से मिलना शुरू होता है जिसकी कीमत 11.91 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। एमएक्स2 वेरिएंट में आपको रोज़मर्रा के इस्तेमाल के सभी ज़रूरी फीचर्स, कंफर्ट फीचर्स, एडजस्टेबिलिटी और एक टेक पैकेज भी मिलता है, जिसमें चार स्पीकर वाला इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन भी शामिल है। अगर आपके लिए ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का होना बहुत ज़रूरी है, तो आपको अपना बजट काफी बढ़ाना पड़ेगा।

कारदेखो का क्या है कहना
10 लाख से कम कीमत में डीजल एसयूवी को चुनना पूरी तरह से खरीदार की जरूरतों पर निर्भर करता है। इस लिस्ट में शामिल पांचों गाड़ियां अलग-अलग तरह के ग्राहकों को टारगेट करती हैं।
जो ग्राहक मुख्य रूप से शहर में ड्राइव करते हैं और एक आरामदायक, फीचर-लोडेड और स्टाइलिश फैमिली कार चाहते हैं, उनके लिए टाटा नेक्सन, किआ सोनेट और महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ बेहतर विकल्प हैं। इन तीनों में से एक्सयूवी 3एक्सओ अपने सबसे पावरफुल इंजन के साथ परफॉर्मेंस चाहने वालों को काफी आकर्षित करती है। किआ सोनेट उन लोगों के लिए है जो एक स्मूद ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन चाहते हैं, भले ही इसके लिए कुछ फीचर्स से समझौता करना पड़े। वहीं, टाटा नेक्सन सेफ्टी, स्टाइल और फीचर्स का एक संतुलित पैकेज पेश करती है।
जिन ग्राहकों की प्राथमिकता मज़बूती, विश्वसनीयता और खराब रास्तों पर चलने की क्षमता है, उनके लिए महिंद्रा बोलेरो और बोलेरो नियो सही विकल्प हैं। ये गाड़ियां उन इलाकों के लिए अच्छी हैं जहां सर्विस नेटवर्क कमज़ोर है और सड़कें अच्छी नहीं हैं। बोलेरो एक प्योर यूटिलिटी व्हीकल है, जबकि बोलेरो नियो मज़बूती के साथ कुछ आधुनिक कंफर्ट भी प्रदान करती है।
कोई भी फैसला लेने से पहले, खरीदारों को अपनी पसंदीदा गाड़ी की ऑन-रोड कीमत, ईएमआई विकल्प और दिवाली पर चल रहे ऑफर्स की जांच ज़रूर कर लेनी चाहिए।














