क्या आप इस दिवाली 7-सीटर कार खरीद रहे हैं? इन 10 सस्ती एमपीवी और एसयूवी कारों पर डालिए एक नजर
कॉम्पैक्ट एमपीवी से लेकर मजबूत, पुराने जमाने की एसयूवी तक यह 10 7-सीटर गाड़ियां इस दिवाली पूरे परिवार को साथ ले जाने के लिए अच्छी हैं
- Write a कमेंट

अगर आपने कभी भारत में रोड ट्रिप की है, तो आप जानते होंगे कि 7-सीटर गाड़ियों की उपयोगिता का कोई मुकाबला नहीं है। भले ही आपको गाड़ी की सभी सात सीटों और तीनों रो की जरूरत नहीं पड़ती हो, लेकिन फिर भी यह गाड़ियां आपको जो फ्लेक्सिबिलिटी देती है, वह शानदार होती है।
आपको लगता होगा कि ज्यादा सीटों के लिए आपको कुछ अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ेंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। बाजार में कुछ ऐसी कारें मौजूद हैं जो साइज में काफी छोटी हैं, लेकिन फिर भी उनमें सात सीटें मिलती हैं। अगर आप कोई बड़ी कार लेना चाहते हैं, मगर ज़्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते तो मार्केट में कई ऐसी गाड़ियां उपलब्ध हैं जो कम बजट में भी आती है। यहां हमने टॉप 10 सबसे सस्ती 7-सीटर गाड़ियों की एक लिस्ट तैयार की है जो आप इस दिवाली खरीद सकते हैं। चलिए, डालते हैं इस पर एक नजर :-
निसान ग्रेवाइट
कीमत : 5.73 लाख रुपये से 9.38 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन: पेट्रोल
निसान ग्रेवाइट भारत की सबसे सस्ती 7-सीटर कार है, जो कि रेनो ट्राइबर का रिबैज्ड वर्जन है।

4-मीटर से कम लंबाई वाली गाड़ी होने के बावजूद इसमें सात लोगों के बैठने के लिए काफी जगह मिलती है। इसकी लंबाई टाटा नेक्सन और हुंडई वेन्यू जैसी कारों के बराबर है। हालांकि, इसकी तीसरी रो बड़ों के लिए बहुत आरामदायक या खुली-खुली नहीं है, लेकिन स्लाइडिंग और रिक्लाइन सेकंड रो सीट होने की वजह से आपको अच्छी वर्सेटिलिटी मिलती है अगर आप तीसरी रो में बैठकर सफर करना चाहते हैं। इसमें तीसरी और दूसरी रो की सीटों को फोल्ड करने की सुविधा भी है, जिससे यह और भी ज्यादा काम की बन जाती है। निसान ग्रेवाइट के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए यह स्टोरी पढ़ें।
रेनो ट्राइबर
कीमत : 5.81 लाख रुपये से 9.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन: पेट्रोल
अगर हाल ही में इसका रीबैज्ड वर्जन लॉन्च नहीं हुआ होता तो रेनो ट्राइबर इस लिस्ट की सबसे सस्ती 7-सीटर कार होती। भारत में इसे 2019 में लॉन्च किया गया था और हाल ही में इसे फेसलिफ्ट अपडेट भी मिला है जिसके चलते इसके पावरट्रेन में कई बड़े बदलाव हुए हैं, जिसमें टर्बो-पेट्रोल इंजन भी शामिल है।

जो लोग एक ऐसी सस्ती 7-सीटर कार ढूंढ रहे हैं जिसमें प्रैक्टिकैलिटी, कंफर्ट और रोजाना काम आने वाले सभी जरूरी फीचर्स मौजूद हों, तो उनके लिए ट्राइबर देश के सबसे अच्छे विकल्पों में से एक है। रेनो इसका सीएनजी वर्जन लाने पर भी काम कर रही है।
महिंद्रा बोलेरो
कीमत : 8.49 लाख रुपये से 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : डीजल
महिंद्रा बोलेरो भारत में लंबे समय से उपलब्ध है। शहर में रहने वाले परिवारों की लिस्ट में शायद इसका नाम ना हो, लेकिन गांव वालों के लिए यह एक बहुत काम की और मजबूत गाड़ी बनी हुई है। हाल ही में मिले कुछ अपडेट्स के बाद इसमें लेदरेट सीटें जैसे कुछ कंफर्ट जुड़ गए हैं, लेकिन बात यह है कि यह एक मजबूत लैडर-फ़्रेम एसयूवी है जो कंफर्ट से ज़्यादा यूटिलिटी को अहमियत देती है।

भले ही इसके ब्रोशर में सात सीटों का दावा किया गया हो, लेकिन असल में इसकी तीसरी रो की सीटें सामने की तरफ फेसिंग की हुई नहीं हैं। महिंद्रा बोलेरो में आपको जंप सीटें मिलती हैं, और उन पर बैठना बहुत आरामदायक अनुभव नहीं लगता। इनमें सीटबेल्ट भी नहीं दी गई है, जिससे यह जगह थोड़ी असुरक्षित हो जाती है। भले ही यह भारत में सात सीटों वाली सबसे सस्ती 10 कारों की लिस्ट में शामिल हो, लेकिन इसकी आखिरी रो की सीटें शायद सबसे कम आरामदायक हैं।
मारुति अर्टिगा
कीमत : 8.90 लाख रुपये से 13.14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : पेट्रोल और सीएनजी
अगर आपने कभी चार या पांच से ज़्यादा लोगों के साथ कैब में सफर किया है, तो हो सकता है कि आप मारुति अर्टिगा से वाकिफ हों। यह भारत में लंबे समय से चल रही एक जानी-मानी कार है, जिसकी तीनों रो में बैठने की जगह मिलती है और इसकी कीमत भी काफी सही है।

आज के जमाने के हिसाब से इसके फीचर्स थोड़े पुराने लग सकते हैं, लेकिन कंफर्ट, रिफाइनमेंट, स्पेस, प्रेक्टिकेलिटी और माइलेज के मामले में यह 7-सीटर फैमिली एमपीवी कार बहुत अच्छी है। मारुति का बड़ा नेटवर्क और सर्विस का भरोसा भी इसे एक बहुत सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प बनाता है, खासकर उन लोगों के लिए जो एक सीधी-सादी और काम की 7-सीटर कार चाहते हैं।
महिंद्रा बोलेरो नियो
कीमत : 9.06 लाख रुपये से 10.85 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : डीजल
आप महिंद्रा बोलेरो नियो को स्टैंडर्ड बोलेरो का ज़्यादा बेहतर और मॉडर्न वर्जन मान सकते हैं। इसमें भी वैसी ही मजबूती और क्षमता है, साथ ही इसमें रियर-व्हील ड्राइवट्रेन और पुराना लेकिन दमदार टॉर्क देने वाला डीजल इंजन मिलता है, लेकिन यह केवल काम-काज वाली गाड़ी जैसी नहीं लगती, बल्कि मॉडर्न परिवार भी इसे खरीदने के बारे में सोच सकते हैं।

हालांकि, इस मॉडर्न लुक के बावजूद बोलेरो नियो की तीसरी रो में फ्रंट-फेसिंग सीटें नहीं हैं। इसमें अभी भी साइड-फेसिंग जंप सीटें मिलती हैं जिनमें कोई सीट बेल्ट नहीं दी गई है, इसलिए इसे पूरी तरह से 7-सीटर गाड़ी ना समझें। अगर आप तीसरी रो का इस्तेमाल बहुत कम और छोटी दूरी के सफर के लिए करने वाले हैं, और आपको कोई ऐसी गाड़ी चाहिए जो मजबूत हो और खराब रास्तों या ऑफ-रोडिंग के लिए अच्छी हो तो आप बोलेरो नियो को लेने के बारे में सोच सकते हैं। वरना, लिस्ट में मौजूद दूसरी गाड़ियां आपके लिए ज़्यादा बेहतर रहेंगी।
बोलेरो नियो के अलावा मार्केट में बोलेरो नियो प्लस भी मौजूद है, जिसकी तीसरी रो में साइड-फेसिंग सीटों के लिए लंबी बेंच के जरिए 9 सीटें मिलती है।
टोयोटा रुमियन
कीमत : 9.79 लाख रुपये से 14.21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : पेट्रोल और सीएनजी
टोयोटा रूमियन भी निसान और रेनो की तरह ही रीबैज्ड वर्जन है। इसमें भी अर्टिगा जैसी ही खूबियां हैं जैसे कि बड़ा, प्रैक्टिकल और आरामदायक केबिन और स्मूद व रिफाइंड इंजन। हालांकि, अर्टिगा की तरह ही इसका स्टाइल और फीचर्स अब थोड़े पुराने लगने लगे हैं।

अगर कोई एक ऐसी सिंपल और भरोसेमंद फैमिली एमपीवी कार चाहते हैं जिसमें काम के फीचर्स की कोई कमी ना हो, तो टोयोटा रूमियन एक बेहतरीन ऑप्शन है, खासकर इसलिए क्योंकि इसमें टोयोटा का भरोसा और ब्रांड वैल्यू भी जुड़ी है।
किआ कैरेंस
कीमत : 11.12 लाख रुपये से 12.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : पेट्रोल, सीएनजी और डीजल
2022 में लॉन्च हुई किआ कैरेंस कंपनी की भारत में लॉन्च की गई पहली 7-सीटर फैमिली एमपीवी कार थी। हालांकि, अब कैरेंस का एक नया फेसलिफ्ट वर्जन कैरेंस क्लाविस भी आ गया है, जो मॉडर्न स्टाइलिंग और शानदार फीचर्स के साथ ज्यादा बेहतर अनुभव देता है।

यह मॉडल उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है जो अर्टिगा जैसी गाड़ियों से अपग्रेड करना चाहते हैं, लेकिन नए मॉडल के लिए बहुत ज़्यादा पैसे खर्च को तैयार नहीं है। यह गाड़ी अब केवल मिड-वेरिएंट में ही उपलब्ध है, लेकिन इसमें एक मॉडर्न कार वाली सभी खूबियां मिलती हैं। साथ ही, इसमें डीजल इंजन का ऑप्शन भी दिया गया है, जो इसकी कीमत वाली दूसरी गाड़ियों में नहीं मिलता। इसमें सीएनजी का ऑप्शन भी उपलब्ध है, लेकिन उसे डीलर लेवल पर लगवाना पड़ता है।
अर्टिगा/रुमियन के मुकाबले ज़्यादा प्रीमियम अनुभव देने के कारण, कैरेंस अब ज्यादातर प्रीमियम फ्लीट मैनेजर्स द्वारा पसंद की जाने लगी है।
किआ कैरेंस क्लाविस
कीमत : 11.39 लाख रुपये से 21.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : पेट्रोल, सीएनजी और डीजल
किआ कैरेंस क्लाविस इस कीमत पर सबसे अच्छी ऑल-राउंडर 7-सीटर एमपीवी कार है। यह ना सिर्फ लुक्स में मॉडर्न है, बल्कि इसका केबिन भी काफी प्रीमियम लगता है और इसमें कई आरामदायक फीचर्स भी मौजूद हैं। इसमें चुनने के लिए कई तरह के पावरट्रेन ऑप्शन दिए गए हैं, जिनमें टर्बो पेट्रोल और डीज़ल इंजन शामिल हैं। इसमें परफ़ॉर्मेंस और एफिशिएंसी से आपको कोई समझौता नहीं करना पड़ेगा।

इसकी तीसरी रो की सीटें बड़ों के इस्तेमाल के लिए सही है। 7-सीटर ऑप्शन के अलावा इसमें आपको 6-सीटर का ऑप्शन भी मिलता है, जिसके बीच में कैप्टन सीटें दी गई हैं। इसमें चुनने के लिए कई वेरिएंट्स मिलते हैं, जिसका मतलब है कि आप अपनी पसंद और बजट के हिसाब से कैरेंस क्लाविस चुन सकते हैं।
महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक
कीमत : 13.37 लाख रुपये से 17.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : डीजल
स्कॉर्पियो एक पॉपुलर गाड़ी है जो लंबे समय से मार्केट में मौजूद है। भले ही महिंद्रा ने इसे 'स्कॉर्पियो एन' वर्जन के साथ मॉडर्न बना दिया हो, लेकिन 'स्कॉर्पियो क्लासिक' में वही मजबूत, पुराने जमाने वाला अंदाज बरकरार है जिसके लिए यह गाड़ी हमेशा से जानी जाती रही है।

इसके बॉक्सी डिज़ाइन, खराब रास्तों पर चलने की क्षमता और दमदार डीजल इंजन को एक तरफ रखें, तो असल में इस कार के बेस वेरिएंट में नौ लोगों के बैठने की जगह मिलती है। बोलेरो की तरह ही, इसकी तीसरी रो में जंप सीट्स मिलती हैं, लेकिन इसका सीट बेस दोनों तरफ एक लंबी बेंच जैसा है। आप तीसरी रो में कुल चार लोगों को बैठा सकते हैं। यह बहुत आरामदायक तो नहीं होगा और शायद आपको थोड़ी जगह की कमी भी महसूस हो, लेकिन फिर भी इसमें यह ऑप्शन मिलता है। इस एसयूवी कार के टॉप वेरिएंट में सिर्फ सात सीटें ही मिलती हैं।
कुल मिलाकर, यह ऐसी कार नहीं है जिसे आप इसके प्रीमियम फील या फीचर्स के लिए चुनते हैं, बल्कि इसे इसके पुराने जमाने के एसयूवी वाले अंदाज और अलग-अलग तरह के सीटिंग ऑप्शन के लिए चुना जाता है।
टाटा सफारी
कीमत : 13.40 लाख रुपये से 26.91 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फ्यूल ऑप्शन : डीजल
टाटा सफारी इस लिस्ट की सबसे बड़ी और सबसे महंगी कार है। टाटा सफारी के बेस और एंट्री-लेवल वेरिएंट्स एक वैल्यू-फॉर-मनी पैकेज हैं। इनमें रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए जरूरी सभी मॉडर्न फीचर्स तो मिलते ही हैं, साथ ही यह कार शानदार रोड प्रेजेंस, अच्छी स्पेस और कंफर्ट भी देती है।

कैरेंस क्लाविस की तरह इसके टॉप वेरिएंट में भी 6 सीटों का ऑप्शन मिलता है, जिसमें मिडल रो पर कैप्टेन सीटें दी गई हैं। इसमें कई अतिरिक्त फीचर्स भी मिलते हैं जो एक्सपीरिएंस को ज्यादा बेहतर बनाते हैं। यदि आपका बजट कम है और आपको कोई बड़ी कार और उसमें मिलने वाले फायदे चाहिए तो टाटा सफारी के एंट्री-लेवल और मिड-वेरिएंट्स आपके लिए सबसे अच्छे ऑप्शन रहेंगे।
कारदेखो का क्या है कहना…
एक फैमिली के लिए 7-सीटर गाड़ी बढ़िया विकल्प हो सकती है, खासकर तब जब आप अक्सर बड़े ग्रुप के साथ सफर करते हैं या फिर आपको अतिरिक्त सीटों की जरूरत होती है। अच्छी बात यह है कि अब इसे खरीदने के लिए आपको बहुत ज़्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। निसान ग्रेवाइट और रेनो ट्राइबर की शुरूआती कीमत सबसे कम है, जबकि मारुति अर्टिगा और टोयोटा रुमियन प्रेक्टिकल फैमिली एमपीवी के तौर पर एक मजबूत दावेदार हैं। अगर आपको कोई ज्यादा मजबूत गाड़ी चाहिए, तो महिंद्रा बोलेरो और बोलेरो नियो अलग तरह की वर्सटैलिटी देती हैं, जबकि किआ कैरेंस, कैरेंस क्लाविस और टाटा सफारी उन खरीदारों के लिए बनी है जो ज़्यादा प्रीमियम अनुभव चाहते हैं।
आपको सिर्फ कीमत या सीटों की संख्या के आधार पर 7-सीटर गाड़ी नहीं चुननी चाहिए। अगर आप तीनों रो का नियमित रूप से इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो सुनिश्चित करें कि तीसरी रो पैसेंजर्स के लिए आरामदायक हो, उसमें सही सीटबेल्ट मिले और वहां तक पहुंचना भी आसान हो। आपको यह भी सोचना चाहिए कि सभी सीटों पर पैसेंजर्स बैठे होने पर आप कितना सामान ले जा सकते हैं, साथ ही गाड़ी के फीचर्स, पावरट्रेन और सेफ्टी पर भी ध्यान दें।
यदि आपको कोई किफायती और कॉम्पैक्ट 7-सीटर कार चाहिए तो ट्राइबर या ग्रेवाइट आपके लिए अच्छी रहेगी। जबकि, अर्टिगा और रुमियन रोजमर्रा के पारिवारिक कामों के लिए अच्छी हैं। अगर आपको बड़ी और ज़्यादा प्रीमियम गाड़ी चाहिए, तो कैरेंस क्लाविस या सफारी आपके लिए अच्छी रहेगी। इस दिवाली घर लाने से पहले ऐसी गाड़ी चुनें जो सिर्फ ड्राइवर के लिए ही नहीं, बल्कि सभी पैसेंजर के लिए सही हो।
आप कौनसी गाड़ी चुनना पसंद करेंगे? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं।














