टाटा मोटर्स अपने चुनिंदा मॉडल्स में देगी फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट्स
न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल सेक्शन के प्रेसिडेंट शैलेश चंद्रा ने इस बात की पुष्टि की है कि कंपनी के लाइनअप में मौजूद कुछ कारों में 2022 तक फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट का ऑप्शन दिया जाएगा।
- Write a कमेंट

- 2022 तक टाटा लॉन्च करेगी सीएनजी कारें
- फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट्स मिलेंगे इनमें
- टियागो, अल्ट्रोज और टिगॉर जैसी कारों में दिया जा सकता है सीएनजी किट का ऑप्शन
- तीनों कारों में दिया गया है 86 पीएस की पावर वाले 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन का ऑप्शन
- थोड़ी कम पावर देंगे सीएनजी वेरिएंट्स और इनके साथ दिया जाएगा 5 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स
- पेट्रोल वेरिएंट्स के मुकाबले 50,000 रुपये ज्यादा हो सकती है सीएनजी वेरिएंट्स की प्राइस
कंपनी किन मॉडल्स में सीएनजी किट का ऑप्शन देगी इस बात की आधिकारिक तौर पर तो पुष्टि नहीं की गई है, मगर हमारे अंदाज से टियागो, टिगॉर और अल्ट्रोज में ये किट दिए जा सकते हैं। यदि हमारा अंदाजा सही निकलता है तो फिर अल्ट्रोज हैचबैक में तीन तरह के फ्यूल ऑप्शंस: पेट्रोल, डीजल और सीएनजी मिलना शुरू हो जाएंगे।

वैसे टियागो, टिगॉर और अल्ट्रोज में 86 पीएस की पावर और 113 एनएम का टॉर्क जनरेट करने वाला 1.2 लीटर 3 सिलेंडर पेट्रोल इंजन का ऑप्शन दिया गया है। हालांकि सीएनजी किट मिलने से इंजन की पावर डिलीवरी थोड़ी कम हो जाएगी, वहीं सीएनजी किट के साथ ये कारें 30 किलोमीटर प्रति किलोग्राम माइलेज रिटर्न दे सकती है। इनके सीएनजी वेरिएंट्स में 5 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स की ही एकमात्र चॉइस रखी जाएगी।
इन कारों के आईसी इंजन वाले वर्जन के मुकाबले सीएनजी वर्जन की कीमत 50,000 रुपये तक ज्यादा हो सकती है। संभावना ये भी है कि इनमें सीएनजी किट का ऑप्शन बेस और मिड वेरिएंट्स में ही दिया जाए।
मारुति और हुंडई के बाद फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट देने वाली कंपनियों की लिस्ट में टाटा तीसरी कंपनी के तौर पर जानी जाएगी। भारत में इस वक्त 10 सीएनजी किट वाली कारें मौजूद हैं जिनमें मारुति अर्टिगा, वैगन आर, ऑल्टो, सेलेरियो, एस प्रेसो, हुंडई ग्रैंड आई10 निओस, सेंट्रो और ऑरा शामिल है। हालांकि, कुछ दूसरी कंपनियां भी अपनी कारों में सीएनजी किट देने पर विचार कर रही है।














