टाटा कर्व एसयूवी की फोटो कैमरे में हुई कैद, 2024 तक हो सकती है लॉन्च
कर्व एसयूवी को भारत में 2024 तक लॉन्च किया जा सकता है, कंपनी पहले इसका इलेक्ट्रिक वर्जन उतारेगी
- Write a कमेंट
कंपनी कर्व एसयूवी का पहले इसका इलेक्ट्रिक वर्जन उतारेगी

टाटा कर्व कूपे-एसयूवी को भारत की सड़कों पर पहली बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। कंपनी ने इस गाड़ी के प्रोडक्शन रेडी वर्जन से ऑटो एक्सपो 2023 के दौरान पर्दा उठाया था और अब इस गाड़ी की टेस्टिंग शुरू हो गई है। इस बार टाटा कर्व एसयूवी कवर से ढकी पार्किंग एरिया में खड़ी नज़र आई है।
स्पाय शॉट में क्या आया है नज़र?

कैमरे में कैद मॉडल की फ्रंट और साइड प्रोफाइल की झलक साफ तौर पर देखी जा सकती है। आगे की तरफ इसमें हमें केवल हेडलैंप्स की पोज़िशनिंग, डीआरएल स्ट्रिप की झलक और बीच में दिए गए टाटा लोगो की पोज़िशनिंग देखने को मिली है। इसमें ग्रिल की पोज़िशनिंग ऑटो एक्सपो में शोकेस हुए मॉडल में लगी यूनिट जैसी ही नज़र आ रही है।
साइड प्रोफाइल पर इसमें ऑटो एक्सपो में शोकेस हुए मॉडल के मुकाबले नए डिज़ाइन के अलॉय व्हील्स लगे हुए नज़र आए हैं। इस एंगल से कार की पूरी लंबाई, फ्लश डोर हैंडल्स और पतली विंडो आसानी से देखी जा सकती हैं। तस्वीरों को देखकर लग रहा है कि कंपनी ने इसके प्रोडक्शन रेडी मॉडल की स्लोप्ड रियर एंड स्टाइल को एक एक्स्ट्रा बॉक्स लगाकर छिपाया है जो कर्व कार की डिज़ाइन का सबसे बड़ा हाइलाइट है।
पावरट्रेन

कर्व कार में टाटा का 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 125 पीएस की पावर और 225 एनएम का टॉर्क देता है। इस कार के साथ मिलने वाले ट्रांसमिशन ऑप्शंस की डिटेल फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन अनुमान है कि इसमें ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन (डीसीटी) गियरबॉक्स दिया जा सकता है। इसके अलावा इसमें मिलने वाले दूसरे इंजन ऑप्शंस की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

कंपनी कर्व कार का इलेक्ट्रिक वर्जन भी उतारेगी जो टाटा के जेन2 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगा। कंपनी का दावा है कि कर्व इलेक्ट्रिक की रेंज 500 किलोमीटर तक की होगी। टाटा के प्रोडक्ट प्लानर के अनुसार इसके इलेक्ट्रिक वर्जन को आईसीई मॉडल (पेट्रोल-डीजल मॉडल) से पहले उतारा जा सकता है।
फीचर्स व सेफ्टी

2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस हुए मॉडल के आधार पर इसमें कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी के साथ बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फु डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, टच पैनल के साथ ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा इसमें सेंटर पर डिजिटल डिस्प्ले के साथ टाटा का नया स्टीयरिंग व्हील भी दिया जा सकता है।
सुरक्षा के लिए इस एसयूवी कार में छह एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी), रियर पार्किंग सेंसर और आइएसोफिक्स चाइल्ड सीट एंकर जैसे फीचर्स मिलेंगे। अनुमान है कि इसमें टाटा हैरियर एसयूवी वाले कई एडीएएस फीचर्स दिए जा सकते हैं।
कीमत व कंपेरिजन

भारत में टाटा कर्व को अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है। इसके इलेक्ट्रिक वर्जन की कीमत 20 लाख रुपए से शुरू हो सकती है, जबकि इसके पेट्रोल-डीजल वर्जन (आईसीई) की शुरूआती प्राइस 10.5 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) रखी जा सकती है। सेगमेंट में इस एसयूवी कार का मुकाबला हुंडई क्रेटा, किया सेल्टोस, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा हाइराइडर, फोक्सवैगन टाइगन, स्कोडा कुशाक और एमजी एस्टर से रहेगा। वहीं, कर्व इलेक्ट्रिक का कंपेरिजन एमजी ज़ेडएस ईवी और हुंडई कोना इलेक्ट्रिक से होगा।














