महिंद्रा चार नए एसयूवी कॉन्सेप्ट मॉडल्स 15 अगस्त को कर सकती है शोकेस
इन कॉन्सेप्ट मॉडल्स के अलावा महिंद्रा नए प्लेटफॉर्म से भी पर्दा उठाएगी, कंपनी के पुणे के पास में स्थित नए चाकण प्लांट में प्रति वर्ष इस प्लेटफॉर्म पर बेस्ड 1.2 लाख यूनिट्स तैयार की जाएंगी
- Write a कमेंट

महिंद्रा अपने चार नए एसयूवी कॉन्सेप्ट मॉडल्स का टीजर जारी कर चुकी है जिसमें विजन.टी, विजन.एस, विजन.एक्सटी और विजन.एक्स शामिल है। कंपनी इन चारों कॉन्सेप्ट मॉडल से 15 अगस्त 2025 को मुंबई में आयोजित होने वाले अपकमिंग फ्रीडम एनयू इवेंट के दौरान पर्दा उठा सकती है। यहां देखें इन चारों कॉन्सेप्ट मॉडल से जुड़ी जानकारी :-
विजन.टी

विजन.टी थार.ई कॉन्सेप्ट मॉडल का प्रोडक्शन रेडी वर्जन लग रहा है जिसे अगस्त 2023 में शोकेस किया गया था। इसका एक्सटीरियर लेआउट बॉक्सी हो सकता है और इसमें स्क्वायर-ऑफ व्हील आर्क, एंगुलर एजेज, चौड़े ऑफ-रोड टायर और बोनट लैचेज दिए जा सकते हैं। इस कॉन्सेप्ट मॉडल में महिंद्रा थार इलेक्ट्रिक वर्जन की झलक देखने को मिल सकती है, जिसमें डुअल मोटर के साथ ऑल-व्हील-ड्राइवट्रेन दी गई है। नए विजन.टी कॉन्सेप्ट मॉडल का प्रोडक्शन रेडी वर्जन 2026 में शोकेस किया जा सकता है और इसकी कीमत 20 लाख रुपये के आसपास रखी जा सकती है।
विजन.एस

विजन.एस कॉन्सेप्ट में स्कॉर्पियो-बेस्ड एसयूवी (संभावित न्यू जनरेशन स्कॉर्पियो) की झलक देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि इसे इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वर्जन में पेश किया जा सकता है। जारी हुए टीजर में इस गाड़ी में आगे की तरफ चौड़ी ग्रिल लगी हुई नजर आई है और इसमें बोनट स्कूप भी दिया गया है। यह गाड़ी काफी ऊंची लग रही है। अनुमान है कि इसमें स्कॉर्पियो रेगुलर मॉडल वाले ऑफ-रोड फीचर दिए जा सकते हैं, लेकिन इसे नए फ्रीडम एनयू आर्किटेक्चर पर तैयार किया जाएगा। इसका प्रोडक्शन रेडी वर्जन भी 2026 में शोकेस किया जा सकता है और इसकी कीमत 30 से 35 लाख रुपये के आसपास रखी जा सकती है।
विजन.एसएक्सटी

विजन एसएक्सटी एक दमदार यूटिलिटी-फोकस्ड एसयूवी कार लग रही है जिसमें क्लैमशेल बोनट, बोल्ड आर्क और हैवी-ड्यूटी बंपर जैसे एलिमेंट दिए गए हैं। यह थार या स्कॉर्पियो एसयूवी का पिकअप वर्जन हो सकता है। टीजर में इस गाड़ी में नजर आई हिंजेज और स्किड प्लेट इसकी फ़ंक्शनेलिटी पर फोकस कर रही है। इस गाड़ी की लॉन्चिंग या शोकेस की तारीख फिलहाल सामने आनी बाकी है।
विजन.एक्स

विजन एक्स का लुक कॉम्पेक्ट और अर्बन-फ्रेंडली है। इस गाड़ी को विजन.एस और विजन.टी के बीच में पोजिशन किया जा सकता है। टीजर के अनुसार, इसमें स्मूद लाइंस दी गई है और इसकी प्रोफाइल स्लीक है। इसमें महिंद्रा की नई कॉम्पेक्ट एसयूवी की झलक देखने को मिल सकती है, अनुमान है कि यह महिंद्रा के एक्सयूवी ब्रांड के तहत आने वाली इलेक्ट्रिक कार हो सकती है। लिस्ट के बाकी तीनों कॉन्सेप्ट मॉडल्स के मुकाबले विजन एक्स को शहर में चलाने के हिसाब से तैयार किया जा सकता है और इसमें कई प्रीमियम फीचर भी दिए जा सकते हैं।
एनएफए प्लेटफॉर्म
इन चार कॉन्सेप्ट मॉडल्स के अलावा महिंद्रा नए प्लेटफॉर्म से भी पर्दा उठाएगी। यह नया प्लेटफॉर्म नए फ्लेक्सिबल आर्किटेक्चर को शोकेस करेगा जिसमें हाइब्रिड, आईसीई और ईवी जैसी कारें तैयार की जाएंगी। महिंद्रा के पुणे के पास में स्थित नए चाकण प्लांट में साल भर में इस प्लेटफॉर्म पर बेस्ड 1.2 लाख यूनिट्स तैयार की जाएंगी।

