2025 किआ कैरेंस क्लाविस भारत में कल होगी लॉन्च, जानिए क्या कुछ मिलेगा खास
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी में 51.4 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक समेत दो बैटरी पैक ऑप्शन दिए जा सकते हैं और इसके बड़े बैटरी पैक वर्जन की सर्टिफाइड रेंज 490 किलोमीटर हो सकती है
- Write a कमेंट

किआ कैरेंस क्लाविस ईवी को भारत में कल यानी 15 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा। क्लाविस ईवी इस बजट में आने वाली इकलौती एमपीवी कार होगी और इसे केवल 7-सीटर लेआउट में पेश किया जाएगा। इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक एमपीवी कार में क्या कुछ मिलेगा खास आइए डालते हैं इस पर एक नजर:
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी डिजाइन
कैरेंस क्लाविस ईवी का लुक स्टैंडर्ड कैरेंस एमपीवी कार के जैसा हो सकता है, लेकिन इसमें कई ईवी-स्पेसिफिक एलिमेंट जरूर दिए जाएंगे। आगे की तरफ इसमें क्लोज़्ड-ऑफ ग्रिल के साथ इंटीग्रेटेड चार्जिंग पोर्ट मिलेगा। पीछे की तरफ इसमें रेगुलर मॉडल की तरह कनेक्टेड एलईडी लाइट बार मिलना जारी रह सकता है।
राइडिंग के लिए इसमें एरोडायनामिक अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं और स्टैंडर्ड मॉडल से अलग दिखाने के लिए इसमें मॉडिफाइड बंपर भी मिल सकता है। इसकी डिजाइन लेंग्वेज काफी जानी पहचानी लगती है।
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी इंटीरियर
कैरेंस क्लाविस ईवी के केबिन में रेगुलर वर्जन जैसा डैशबोर्ड लेआउट दिया जा सकता है। हालांकि, इसमें इंफोटेनमेंट और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले पर कई ईवी-स्पेसिफिक ग्राफिक्स दिए जाएंगे। अनुमान है कि कंपनी अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस के लिए इसके लोअर सेंटर कंसोल को मॉडिफाई कर सकती है। इस इलेक्ट्रिक एमपीवी कार में सिरोस और क्लाविस की तरह डुअल 12.3-इंच कनेक्टेड स्क्रीन और 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील डिजाइन दी जाएगी।
केबिन के अंदर इसमें ब्लैक और व्हाइट डुअल-टोन कलर थीम दी जाएगी और इसमें फ्रंट सीटों के बीच में रिट्रेक्टेबल-लिड स्टोरेज कम्पार्टमेंट भी मिलेगा।
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी फीचर
क्लाविस ईवी में अच्छे-खासे कंफर्ट और सेफ्टी फीचर दिए जा सकते हैं। इस गाड़ी में पावर्ड और वेंटिलेटेड ड्राइवर सीटें, फ्रंट और रियर पैसेंजर के लिए वायरलेस फोन चार्जिंग, रियर एसी वेंट्स के साथ डुअल-जोन ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ और ऑटो-डिमिंग इनसाइड रियरव्यू मिरर (आईआरवीएम) जैसे फीचर दिए जा सकते हैं।
सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग्स स्टैंडर्ड, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग के साथ 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 एडीएएस जैसे फीचर दिए जा सकते हैं। एडीएएस के तहत अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन-कीप असिस्ट, ड्राइवर ड्राउजीनेस डिटेक्शन और ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग शामिल हो सकते हैं।
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी पावरट्रेन
किआ कैरेंस क्लोविस ईवी में 51.4 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक दिया जाएगा जिसके जरिए यह गाड़ी 490 किलोमीटर (एमआईडीसी पार्ट 1 + 2) की सर्टिफाइड रेंज देगी। अनुमान है कि कंपनी इसके लोअर वेरिएंट में स्मॉल 42 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक शामिल सकती है, जो 400 किलोमीटर के आसपास की रेंज देने में सक्षम हो सकता है।
इस गाड़ी की इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है, उम्मीद है कि इसमें फ्रंट-व्हील-ड्राइव (एफडब्ल्यूडी) सेटअप दिया जा सकता है और इसमें लगी मोटर का पावर आउटपुट 135-170 पीएस के आसपास हो सकता है।
किआ कैरेंस क्लाविस कीमत और मुकाबला
क्लाविस ईवी की कीमत 18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू हो सकती है। इसके मुकाबले में सीधे तौर पर कोई भी गाड़ी मौजूदा नहीं है, लेकिन यह टाटा कर्व ईवी, एमजी जेडएस ईवी, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, महिंद्रा बीई 6 और अपकमिंग मारुति ई विटारा के मुकाबले अच्छा 7-सीटर ऑप्शन साबित होगी।














