नई महिंद्रा एक्सयूवी300 में क्या कुछ मिलेगा खास, जानिए यहां
नई एक्सयूवी300 को मार्च में लॉन्च किया जा सकता है और इसकी कीमत 85 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू हो सकती है
- Write a कमेंट

महिंद्रा एक्सयूवी300 का मौजूदा वर्जन भारत में 2019 से बिक्री के लिए उपलब्ध है और जल्द ही कंपनी इसका फेसलिफ्ट वर्जन पेश करने वाली है। इसे कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है, जिससे हमें नई एक्सयूवी 300 में मिलने वाले अपडेट का पता चल चुका है। इसमें क्या कुछ मिलेगा खास, जानेंगे आगेः
नई डिजाइन

महिंद्रा फेसलिफ्ट एक्सयूवी300 को नई डिजाइन में पेश करेगी और यही डिजाइन थीम महिंद्रा की अपकमिंग बॉर्न इलेक्ट्रिक (बीई) रेंज में भी देखने को मिलेगी। कई बार टेस्टिंग मॉडल से इसकी पुष्टि हो चुकी है। टेस्टिंग मॉडल में बीई.05 कॉन्सेप्ट की तरह आगे की तरफ फैंग शेप एलईडी डीआरएल और पीछे कनेक्टेड टेललाइट देखी जा चुकी है। अन्य एक्सटीरियर अपग्रेड में नए अलॉय व्हील और नए बंपर शामिल होंगे। कुल मिलाकर कहें तो इसका नया डिजाइन काफी अच्छा होगा।
केबिन अपडेट

एक्सयूवी300 के केबिन में नया डैशबोर्ड, नई जगह पोजिशन सेंट्रल एसी वेंट्स, रियर एसी वेंट्स के साथ नया क्लाइमेट कंट्रोल पैनल, और दो नई डिस्प्ले (एक इंफोटेनमेंट और एक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर) मिलेगी। हमारा मानना है कि महिंद्रा इसमें नई सीट अपहोल्स्ट्री भी दे सकती है।
नए फीचर

जैसा कि हमनें ऊपर बताया 2024 एक्सयूवी300 में दो नई और बड़ी डिजिटल डिस्प्ले (10.25-इंच) और शायद सेगमेंट-फर्स्ट पैनोरमिक सनरूफ दिया जा सकता है। इसके अलावा इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, ड्यूल-जोन एसी, क्रूज कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जिंग, और पुश बटन स्टार्ट-स्टॉप जैसे भी फीचर मिलते है।
पैसेंजर सुरक्षा के लिए इसमें 360 डिग्री कैमरा और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) जैसे सेफ्टी फीचर दिए जा सकते हैं। नई एक्सयूवी300 में छह एयरबैग (स्टैंडर्ड), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस) और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी) जैसे सेफ्टी फीचर भी मिल सकते हैं।
इंजन और ट्रांसमिशन

महिंद्रा नई एक्सयूवी 300 में मौजूदा मॉडल वाले पेट्रोल और डीजल इंजन दे सकती है। वर्तमान में इसमें 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन (110 पीएस/ 200 एनएम) और 1.5-लीटर डीजल इंजन (117 पीएस/ 300 एनएम) का विकल्प मिलता है। दोनों इंजन के साथ इनमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स की चॉइस मिलती है।
एक्सयूवी300 में टी-जीडीआई (डायरेक्ट-इंजेक्शन) टर्बो-पेट्रोल इंजन (130 पीएस/ 250 एनएम) का ऑप्शन भी रखा गया है, जिसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। हमारा मानना है कि महिंद्रा इसमें मौजूदा एएमटी गियरबॉक्स को टॉर्क कनवर्टर ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन से रिप्लेस कर सकती है।
संभावित लॉन्च, प्राइस और कंपेरिजन

हमारा मानना है कि फेसलिफ्ट महिंद्रा एक्सयूवी300 को मार्च 2024 में लॉन्च किया जा सकता है। इसकी कीमत 8.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू हो सकती है। नई एक्सयूवी300 का मुकाबला टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, किया सोनेट और हुंडई वेन्यू से रहेगा।
यह भी देखेंः महिंद्रा एक्सयूवी300 ऑन रोड प्राइस














