हुंडई ऑरा के ऑफिशियल स्कैच जारी, 19 दिसंबर को होगी शोकेस
यह नई जनरेशन की एक्सेंट सेडान है, जिसे ऑरा नाम से पेश किया जाएगा। इसे ग्रैंड आई10 निओस पर तैयार किया गया है।
- Write a कमेंट
लेटेस्ट अपडेट : हुंडई मोटर्स (Hyundai Motors) ने ऑरा सेडान (Aura Sedan) को भारत में लॉन्च कर दिया है। यह पांच वेरिएंट ई, एस, एसएक्स, एसएक्स प्लस और एसएक्स (ओ) में उपलब्ध है। हुंडई ऑरा की प्राइस (Hyundai Aura Price) 5.80 लाख रुपये से शुरू होती है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए यहां क्लिक करें।

हुंडई ने अपनी अपकमिंग सब-4 मीटर सेडान ऑरा के नए ऑफिशियल स्कैच जारी किए हैं। इसे हुंडई की नई सेंसुयस स्पोर्टनेस डिजाइन थीम पर तैयार किया गया है। इसके प्रोडक्शन मॉडल को 19 दिसंबर 2019 को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।
हुंडई ऑरा को ग्रैंड आई10 निओस पर तैयार किया जाएगा। यह नई जनरेशन की एक्सेंट सेडान है, जिसे ऑरा नाम से पेश किया जाएगा। कुछ ऐसा ही कंपनी ने ग्रैंड आई10 निओस के साथ भी किया है। जिस तरह कंपनी ने ग्रैंड आई10 निओस आने के बाद रेग्यूलर ग्रैंड आई10 की बिक्री जारी रखी है, उसी तरह कंपनी ऑरा सेडान आने के बाद मौजूदा एक्सेंट की सेल्स भी जारी रखेगी।

हुंडई ऑरा की फोटोज पर गौर करें तो इस में ग्रैंड आई10 निओस की तरह आगे की तरफ ब्लैक कलर की ट्रेपजोडिएल ग्रिल दी गई है, इसके दोनों ओर अग्रेसिव हेडलैंप लगे हैं। ग्रिल के नीचे की तरफ एयरडैम और ऊपर की तरफ स्टाइलिश बोनट दिया गया है। कार में दी गई शोल्डर लाइन आगे और पीछे वाले हिस्से तक कनेक्ट नहीं होती है। राइडिंग के लिए इस में ड्यूल-टोन अलॉय व्हील दिए गए हैं। कार के पीछे वाले हिस्से का डिजाइन एलांट्रा फेसलिफ्ट से मिलता-जुलता है। एलांट्रा में पीछे की तरफ कार का नाम लिखा हुआ है, जबकि हुंडई ऑरा में बूट लिड पर कंपनी का लोगो लगा है।

कंपनी ने कार के इंटीरियर का स्कैच जारी नहीं किया है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि इसका इंटीरियर ग्रैंड आई10 निओस जैसा हो सकता है। इसमें ग्रे और बैज कलर कॉम्बिनेशन वाला ड्यूल-टोन इंटीरियर दिया जा सकता है। कार में एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले कनेक्टिविटी सपोर्ट करने वाला 8.0 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलैस चार्जर जैसे फीचर दिए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें : अपकमिंग हुंडई ऑरा के डिज़ाइन, प्राइस, फीचर्स और संभावित लॉन्च डेट के बारे में जानिए यहां
हुंडई ऑरा में बीएस6 नॉर्म्स वाले तीन इंजन मिलेंगे, जिनमें दो पेट्रोल और एक डीजल इंजन का विकल्प शामिल होगा। पेट्रोल वेरिएंट में एक तो ग्रैंड आई10 निओस वाला 1.2 लीटर इंजन मिलेगा। दूसरा हुंडई वेन्यू वाला 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन होगा, हालांकि यह ऑरा में वेन्यू से कम पावर आउटपुट देगा। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि यह इंजन 100 पीएस की पावर और 172 एनएम का टॉर्क जनरेट कर सकता है। इंजन के साथ इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया जा सकता है।
हुंडई ऑरा को भारत में ऑटो एक्सपो 2020 के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी इसकी बुकिंग आने वाले कुछ दिनों में शुरू कर सकती है। भारत में हुंडई ऑरा की प्राइस 6 लाख से 9 लाख रुपये के बीच हो सकती है। इसका मुकाबला होंडा अमेज़, मारुति डिजायर, टाटा टिगॉर और फोक्सवैगन एमियो से होगा।
यह भी पढ़ें : हुंडई ऑरा के स्पेसिफिकेशन की जानकारी आई सामने, मिलेगा वेन्यू वाला 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन














