महिंद्रा एक्सईवी 9ई में 2025 टाटा हैरियर ईवी के मुकाबले मिलता है इन 7 फीचर का एडवांटेज, देखिए पूरी लिस्ट
डैशबोर्ड पर अतिरिक्त स्क्रीन और बेहतर साउंड सिस्टम के अलावा महिंद्रा एक्सईवी 9ई में टाटा हैरियर ईवी की तुलना में कई अतिरिक्त कंफर्ट फीचर दिए गए हैं
- Write a कमेंट

हाल ही में 2025 टाटा हैरियर ईवी का कंपनी की सबसे महंगी इलेक्ट्रिक कार के तौर पर डेब्यू हुआ है, जिसका मुकाबला महिंद्रा एक्सईवी 9ई से है। बड़े बैटरी पैक और पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर के अलावा दोनों ईवी में कई सारे फीचर दिए गए हैं। पहले हमने एक्सईवी 9ई की तुलना में हैरियर ईवी में मिलने वाले अतिरिक्त फीचर के बारे में बात की थी, अब हम जानेंगे टाटा इलेक्ट्रिक कार की तुलना में महिंद्रा ईवी में कौनसे फीचर का एडवांटेज मिलता है:
तीन 12.3-इंच स्क्रीन

हाल ही में लॉन्च हुई टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक कार में ड्यूल डिस्प्ले सेटअप दिया गया है, जिसमें एक बड़ी 14.5-इंच ओएलईडी टचस्क्रीन और एक 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले शामिल है। वहीं महिंद्रा एक्सईवी 9ई में डैशबार्ड पर तीन 12.3-इंच स्क्रीन मिलती है, जिसमें एक पैसेंजर डिस्प्ले शामिल है जो टाटा इलेक्ट्रिक कार में नहीं दी गई है।
एक्सईवी 9ई में बेस मॉडल पैक वन से यह फीचर उपलब्ध है, जबकि हैरियर ईवी के लोअर वेरिएंट में छोटी 10.25-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी गई है।
16-स्पीकर साउंड सिस्टम

एक्सईवी 9ई में न केवल सुपीरियर स्क्रीन सेटअप दिया गया है, बल्कि इसमें बेहतर साउंड एक्सपीरियंस के लिए डॉल्बी एटमॉस साउंड सपोर्ट के साथ 16-स्पीकर हरमन कार्डन साउंड सिस्टम भी दिया गया है। वहीं हैरियर ईवी में भी डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट मिलता है, लेकिन इसमें 10-स्पीकर जेबीएल ब्लैक साउंड सिस्टम दिया गया है।
दो वायरलेस फोन चार्जर

टाटा हैरियर ईवी में आगे वाले पैसेंजर के लिए एक वायरलेस फोन चार्जर दिया गया है, वहीं एक्सईवी 9ई में आगे और पीछे वाले दोनों पैसेंजर के लिए दो वायरलेस सेटअप दिए गए हैं। यह फीचर टॉप लाइन वेरिएंट पैक थ्री सिलेक्ट से उपलब्ध है, जबकि लोअर वेरिएंट में आगे वाले पैसेंजर के लिए एक चार्जिंग पेड दिया गया है।
एआर-बेस्ड हेड्स-अप डिस्प्ले

महिंद्रा एक्सईवी 9ई में एक आर्टिफिशियल रियल्टी (एआर) बेस्ड हेड्स-अप डिस्प्ले (एचयूडी) दी गई है, जो ईवी की स्पीड के अलावा टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, वर्तमान साउंडट्रैक, एडीएएस फीचर और कई अन्य जानकारी भी दिखाती है। हैरियर ईवी में एचयूडी नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें: 2025 टाटा हैरियर ईवी: वीडियो में देखे इलेक्ट्रिक कार की पीछे वाली सीट है कितनी कंफर्टेबल
ग्लास रूफ पर लाइटिंग एलिमेंट्स

हैरियर ईवी में दिए गए पैनोरमिक सनरूफ की तुलना में महिंद्रा एक्सईवी 9ई में फिक्स्ड ग्लास रूफ दी गई है, जिसे खोला नहीं जा सकता है। हालांकि महिंद्रा ने कुछ कस्टमाइजेबल मल्टी-कलर लाइटिंग एलिमेंट्स शामिल किए हैं जो खासकर रात में केबिन को ज्यादा मॉडर्न लुक देते हैं।
सेल्फी कैमरा

महिंद्रा एक्सईवी 9ई में अतिरिक्त सेफ्टी के लिए एक सेल्फी कैमरा दिया गया है जो ड्राइवर की निगरानी रखने के साथ ही लाइव वीडियो कॉल या ईवी के केबिन से सेल्फी लेने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं हैरियर इलेक्ट्रिक कार में एक इलेक्ट्रॉनिक आईआरवीएम और एक बिल्ड-इन डैशकैम दिया गया है, टाटा मोटर्स ने कोई सेल्फी कैमरा नहीं दिया है।
फ्लश-टाइप डोर हैंडल

टाटा मोटर्स के लिए फ्लश-टाइप डोर हैंडल कोई नई चीज नहीं है, क्योंकि यह टाटा अल्ट्रोज, कर्व और कर्व ईवी जैसी कार में उपलब्ध है, लेकिन हैरियर ईवी में रेगुलर पुल-टाइप डोर हैंडल दिए गए हैं। वहीं महिंद्रा एक्सईवी 9ई में बेस मॉडल से फ्लश-टाइप डोर हैंडल दिए गए हैं जो इसे ज्यादा मॉडर्न और शानदार लुक देते हैं।
हैरियर ईवी की पूरी प्राइस लिस्ट अभी जारी नहीं हुई है, हालांकि इसकी इंट्रोडक्ट्री प्राइस 21.49 लाख रुपये रखी गई है। वहीं महिंद्रा एक्सईवी 9ई की कीमत 21.90 लाख रुपये से 30.50 लाख रुपये के बीच है। दोनों इलेक्ट्रिक कार को बीवाईडी एटो 3 के विकल्प के तौर पर चुना जा सकता है, इसके अलावा इन्हें हुंडई आयनिक 5 और बीवाईडी सीलायन 7 से सस्ती इलेक्ट्रिक गाड़ी के तौर पर भी खरीदा जा सकता है।
सभी कीमत एक्स-शोरूम, पैन-इंडिया के अनुसार है।
आप टाटा हैरियर ईवी और महिंद्रा एक्सईवी 9ई में से कौनसी इलेक्ट्रिक कार खरीदना पसंद करेंगे? हमें नीचे कमेंट में बताएं।














