ऐसी होगी नई हुंडई क्रेटा, टाटा हैरियर को देगी टक्कर
भारत में नई हुंडई क्रेटा को ऑटो एक्सपो-2020 में पेश किया जा सकता है
- Write a कमेंट

हुंडई ने चीन में आयोजित शंघाई ऑटो शो-2019 में दूसरी जनरेशन की आईएक्स25 एसयूवी से पर्दा उठाया है। पहली जनरेशन की आईएक्स25 का डिजाइन मौजूदा हुंडई क्रेटा जैसा था, ऐसे में दूसरी जनरेशन की आईएक्स25 को देखकर उम्मीद की जा सकती है कि नई हुंडई क्रेटा कैसी होगी। दूसरी जनरेशन की हुंडई क्रेटा को ऑटो एक्सपो-2020 में पेश किया जा सकता है।

दूसरी जनरेशन की आईएक्स25 को हुंडई की नई डिजाइन थीम पर तैयार किया गया है। इसी डिजाइन थीम पर हुंडई पैलिसेड और वेन्यू एसयूवी को भी तैयार किया गया है। नई आईएक्स25 में आगे की तरफ बंपर माउंटेड हैडलैंप और दो भागों में बंटी सी शेप वाली डे-टाइम रनिंग एलईडी लाइटें दी गई हैं। कार की ग्रिल का डिजायन हुंडई वेन्यू से मिलता-जुलता है। कार के पीछे वाले हिस्से का डिजाइन पूरी तरह से नया है। यहां भी दो भागों में बंटा सी शेप वाला ट्रीटमेंट दिया गया है।
नई आईएक्स25 के साइड वाले हिस्से का डिजाइन मौजूदा मॉडल की तरह काफी दमदार है। इस में चौड़े व्हील आर्क और शार्प शोल्डर लाइन दी गई है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि इस मामले में भी दूसरी जनरेशन की हुंडई क्रेटा नई आईएक्स25 से मिलती-जुलती होगी। चर्चाएं हैं कि भारत आने वाली नई क्रेटा को हल्का-फुलका मोडिफाई भी किया जा सकता है।

कार का केबिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचेगा। यहां टेस्ला कारों की तरह सेंट्रल कंसोल पर बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि भारत आने वाली हुंडई क्रेटा में छोटी टचस्क्रीन यूनिट दी जा सकती है। इस में वेन्यू की तरह 8.0 इंच की यूनिट दी जा सकती है। नई आईएक्स25 में नया स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, यही स्टीयरिंग हुंडई वेन्यू में भी मिलेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और पेडल शिफ्टर्स जैसे फीचर भी दिए गए हैं।
मौजूदा मॉडल में वेंटिलेटेड सीटें, पावर ड्राइवर सीट और वायरलैस चार्जिंग समेत कई फीचर दिए गए हैं। चर्चाएं हैं कि नए मॉडल की फीचर लिस्ट पहले से ज्यादा बड़ी होगी। नई क्रेटा में हुंडई की इंटरनेट कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और ब्लूलिंक जैसे फीचर भी मिलेंगे।

इंजन के बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि नई क्रेटा में नए 1.5 लीटर बीएस6 पेट्रोल और डीज़ल इंजन दिए जा सकते हैं। यही इंजन किया एसपी2आई में भी मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि इंजन के साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी दिया जा सकता है।
भारत में नई जनरेशन की हुंडई क्रेटा को ऑटो एक्सपो-2020 में पेश किया जाएगा। नई हुंडई क्रेटा की प्राइस 10 लाख रूपए से 16 लाख रूपए के बीच हो सकती है। इसका मुकाबला टाटा हैरियर, किया एसपी2आई, महिन्द्रा एक्सयूवी500 और एमजी हेक्टर से होगा।
यह भी पढें : कल उठेगा हुंडई वेन्यू से पर्दा, मारुति विटारा ब्रेज़ा को देगी टक्कर














