सनरूफ के साथ दिखी 2020 हुंडई एलीट आई20
नई हुंडई एलीट आई20 पहले से महंगी हो सकती है। इसका मुकाबला मारुति बलेनो, टोयोटा ग्लैंजा, होंडा जैज़ और फोक्सवैगन पोलो से है।
- Write a कमेंट

हुंडई मोटर्स इन दिनों नई जनरेशन की एलीट आई20 पर काम कर रही है। हाल ही में इस कार को भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इसका डिजाइन यूरोप में देखी गई कार जैसा है। भारत में जो कार देखी गई है उसमें सनरूफ दिया गया है जो इसे यूरोपियन मॉडल से अलग बनाता है।
भारत में उपलब्ध कारों की बात करें तो यहां अभी किसी भी प्रीमियम हैचबैक कार में सनरूफ नहीं दिया गया है। इस मामले में नई एलीट आई20 पहली कार हो सकती है। यूरोप में इस कार का इंटीरियर भी देखा गया था, इसमें फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नया डैशबोर्ड और 8.0 इंच फ्रीस्टेंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर दिए गए थे।

नई एलीट आई20 में वेन्यू वाला 1.0 लीटर बीएस6 टर्बा-पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। हुंडई वेन्यू में यह इंजन 120 पीएस की पावर और 172 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स का विकल्प रखा गया है। चर्चाएं हैं कि कंपनी इसमें अपडेट 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन भी दे सकती है। यह इंजन 83 पीएस की पावर और 115 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा।
नई हुंडई एलीट आई20 के डीजल वेरिएंट में किया सेल्टोस वाला 1.5 लीटर इंजन, नई पावर ट्यूनिंग के साथ दिया जा सकता है। सेल्टोस में यह इंजन 115 पीएस की पावर और 250 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ इसमें 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प रखा गया है।

कीमत के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि यह मौजूदा मॉडल से थोड़ी महंगी हो सकती है। मौजूदा एलीट आई20 की प्राइस 5.52 लाख रुपये से 9.34 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है। इसका मुकाबला मारुति बलेनो, टोयोटा ग्लैंजा, होंडा जैज़ और फोक्सवैगन पोलो से है।
यह भी पढें : हुंडई एक्सेंट की जगह लेगी ये नई कार, जानिए कब होगी लॉन्च














