महिंद्रा बीई 6 पैक टू वेरिएंट में क्या कुछ मिलता है खास, तस्वीरों के जरिए जानिए यहां
महिंद्रा बीई 6 पैक टू वेरिएंट में ना केवल दो स्क्रीन सेटअप और एडीएएस दिया गया है, बल्कि इसमें बड़ा 79 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक भी मिलता है
- Write a कमेंट

महिंद्रा बीई 6, भारत में महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार लाइनअप में सबसे नई पेशकश में से एक है। हाल ही में कंपनी ने बीई 6 के पैक टू वेरिएंट में बड़े 79 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक का विकल्प शामिल किया है। इस मिड वेरिएंट की डिलीवरी भी शुरू हो गई है। अगर आप इसे घर लाने की योजना बना रहे हैं तो यहां तस्वीरों के जरिए जानिए महिंद्रा बीई 6 पैक टू वेरिएंट में क्या कुछ खास मिलता है:
आगे का डिजाइन

यह वेरिएंट आगे से टॉप मॉडल से ज्यादा अलग नहीं दिखता है। इसमें आगे की तरफ एलईडी डीआरएल और ड्यूल-पोड एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट दी गई है, हालांकि डीआरएल पैक थ्री वेरिएंट की तरह सी आकार में नहीं है। बोनट पर बीच में एक चमकीला ‘बीई’ लोगो दिया गया है। इसमें कॉर्नरिंग फॉग लैंप्स और एक सिल्वर फिनिश स्किड प्लेट भी दी गई है।
साइड प्रोफाइल

साइड से देखने पर बीई 6 में एक कूपे स्टाइल रूफलाइन नजर आती है जो इसे ओवरऑल अच्छा लुक देती है। स्पोर्टी लुक के लिए इसमें ऊभरे हुए व्हील आर्क और मोटी बॉडी क्लेडिंग दी गई है। फेंडर पर क्यूआर कोड के साथ ‘पैक टू’ बैजिंग भी दी गई है। आगे वाले दरवाजों पर फ्लश-टाइप डोर हैंडल दिए गए हैं, जबकि पीछे वाले डोर हैंडल को सी-पिलर में फिट किया गया है। टर्न इंडिकेटर ओआरवीएम पर लगे हैं।

हालांकि साइड में सबसे बड़ा अंतर पहियों में नजर आता है। महिंद्रा बीई 6 पैक टू वेरिएंट में स्टाइलिश कवर के साथ 19-इंच स्टील व्हील दिए गए हैं, वहीं टॉप मॉडल में अलॉय व्हील मिलते हैं।
पीछे का डिजाइन


पीछे की तरफ आपको टेलगेट पर महिंद्रा का नया ‘इनफिनिटी’ लोगो और सी आकार की एलईडी टेल लाइट मिलती है। टेलगेट पर ‘बीई 6’ बैजिंग और एक स्पोर्टी स्पॉइलर भी दिया गया है। इसके अलावा एक शानदार सिल्वर फिनिश स्किड प्लेट भी दी गई है।
केबिन


महिंद्रा बीई 6 पैक टू वेरिएंट के केबिन में टॉप मॉडल की तरह हवाई जहाज से प्रेरित केबिन लेआउट दिया गया है। इसकी खासियत इसका 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील है जिस पर ‘बीई’ लोगो और प्रोपेलर जैसा गियर शिफ्टर दिया गया है। इसमें दो 12.3-इंच स्क्रीन (एक इंफोटेनमेंट और दूसरी डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले) भी दी गई है।


महिन्द्रा बीई 6 पैक टू के अन्य फीचर में 16-स्पीकर हरमन कार्डन साउंड सिस्टम, फिक्स्ड पैनोरमिक ग्लास रूफ, पीछे वेंट्स के साथ ड्यूल-जोन एसी, और एक वायरलेस फोन चार्जर शामिल है। पैसेंजर की सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, सभी पहियों पर डिस्क ब्रेक, और ईबीडी के साथ एबीएस जैसे सेफ्टी फीचर दिए गए हैं। इसमें लेवल 2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) भी दिया गया है, जिसके तहत लेन कीप असिस्ट, फॉरवर्ड कोलिशन वार्निंग और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फंक्शन मिलते हैं।

यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि पावर्ड ड्राइवर सीट, दो वायरलेस फोन चार्जर, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, 360 डिग्री कैमरा, पार्क असिस्ट और वन-टच ऑटो-डाउन ड्राइवर साइड विंडो जैसे फीचर इससे ऊपर वाले पैक थ्री सिलेक्ट वेरिएंट में दिए गए हैं। वहीं मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, अतिरिक्त एडीएएस फीचर जैसे ऑटो लेन चेंज, लेन सेंटरिंग और इमरजेंसी स्टीयरिंग असिस्ट, आगे और पीछे क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट जैसे फीचर टॉप मॉडल पैक थ्री में ही दिए गए हैं।
बीई 6 पैक टू वेरिएंट की सीटों पर ड्यूल-टोन कलर वाली सेमी-लेदरेट अपहोल्स्ट्री चढ़ी है।
बैटरी पैक, मोटर और रेंज

पैक टू महिन्द्रा बीई 6 इलेक्ट्रिक कार का एकमात्र वेरिएंट है जिसमें दोनों 59 केडब्ल्यूएच और 79 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक का विकल्प मिलता है:
| बैटरी पैक |
59 केडब्ल्यूएच |
79 केडब्ल्यूएच |
| इलेक्ट्रिक मोटर की संख्या |
1 |
1 |
| ड्राइव |
रियर-व्हील-ड्राइव |
रियर-व्हील-ड्राइव |
| फुल चार्ज में रेंज (एमआईडीसी पार्ट I+II) |
535 किलोमीटर |
682 किलोमीटर |
| पावर |
231 पीएस |
286 पीएस |
| टॉर्क |
380 एनएम |
380 एनएम |
प्राइस और कंपेरिजन

महिंद्रा बीई 6 पैक टू की कीमत 21.90 लाख रुपये से 23.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है। इसका मुकाबला टाटा कर्व ईवी, एमजी जेडएस ईवी और हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक से है।














