2025 रेनो ट्राइबर ऑथेंटिक वेरिएंट फोटो गैलरी: जानिए बेस मॉडल में क्या कुछ मिलता है खास
नई रेनो ट्राइबर के बेस मॉडल ऑथेंटिक में कई फीचर की कमी जरूर है, लेकिन यह 6 एयरबैग और टीपीएमएस से लैस है
- Write a कमेंट

रेनो ने ट्राइबर को अंदर और बाहर से नए डिजाइन और कई अतिरिक्त सेफ्टी फीचर के साथ अपडेट किया है। यह कार चार वेरिएंट: ऑथेंटिक, इवोल्यूशन, टेक्नो और इमोशन में उपलब्ध है। इसके बेस मॉडल ऑथेंटिक में जरूरी फीचर तो है ही, साथ ही अच्छे खासे सेफ्टी फीचर भी दिए गए हैं। अगर आप नई रेनो ट्राइबर के बेस मॉडल ऑथेंटिक को लेने पर विचार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। यहां हम आपको बताएंगे कि बेस वेरिएंट में क्या कुछ खास मिलता है।
आगे का डिजाइन

आगे की तरफ बेस वेरिएंट ऑथेंटिक में नए डिजाइन के साथ अपडेट ब्लैक ग्रिल दी गई है। इसमें नई हेडलाइट भी दी गई है, लेकिन इसमें केवल हेलोजन प्रोजेक्टर सेटअप है, एलईडी लाइटिंग और डीआरएल का अभाव है।
बंपर पर चौड़ा एयर डैम दिया गया है, लेकिन सिल्वर एक्सेंट का अभाव है, जिससे यह वेरिएंट कम प्रीमियम लगता है। हालांकि आगे और पीछे से यह अग्रेसिव दिखती है, लेकिन कुछ अतिरिक्त डिजाइन टच इसे और बेहतर कर सकती थी। हालांकि आप उपलब्ध एसेसरीज से इसकी भरपाई कर सकते हैं।
साइड


इसके साइड वाले हिस्से में सबसे ज्यादा ध्यान 14-इंच स्टील व्हील खींचते हैं। बेस मॉडल होने के कारण ट्राइबर ऑथेंटिक काफी बेसिक दिखता है और इसमें साइड बॉडी क्लेडिंग जैसे एलिमेंट्स का अभाव है।
टॉपलाइन वेरिएंट्स में ग्लॉस ब्लैक फिनिश ओआरवीएम भी दिए गए हैं और इनके स्पोर्टी लुक को बेहतर बनाने के लिए रूफ रेल्स भी दिए गए हैं।
पीछे का डिजाइन

पीछे से ट्राइबर ऑथेंटिक को ब्लैक बंपर के साथ सिंपल लुक दिया गया है। इसमें एलईडी टेल लैंप्स का अभाव है, लेकिन नया रेनो लोगो और अपडेट नेमप्लेट दी गई है।
ऑथेंटिक वेरिएंट में स्किड प्लेट दी गई है जो इसके ओवरऑल डिजाइन को ज्यादा शानदार बनाती है। इसके सभी वेरिएंट में शार्क-फिन एंटीना के बजाय रूफ एंटीना स्टैंडर्ड दिया गया है।

2025 रेनो ट्राइबर ऑथेंटिक आइसकूल व्हाइट, स्टील्थ ब्लैक और मूनलाइट सिल्वर कलर में उपलब्ध है। टॉपलाइन वेरिएंट्स में ब्लैक छत के साथ ड्यूल-टोन कलर का विकल्प भी मिलता है।
केबिन

केबिन में कदम रखते ही आपको सबसे पहले इंफोटेनमेंट सिस्टम और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स की कमी नजर आएगी। ट्राइबर का सबसे सस्ता मॉडल होने के कारण, ये कमियां स्वाभाविक है। हालांकि केबिन में ड्यूल-टोन बैज और ब्लैक थीम दी गई है जिससे यह अंदर से अच्छी नजर आती है।

सीटों पर फैब्रिक अपहोल्स्ट्री चढ़ी है और कार में पर्याप्त स्पेस उपलब्ध है। इसमें आपको क्लाइमेट कंट्रोल के लिए रोटरी डायल्स भी मिलेंगे, जबकि डैशबोर्ड पर सिल्वर एक्सेंट दिया गया है जो इसके डिजाइन को शानदार बनाता है।


हालांकि ओआरवीएम मैनुअल एडजस्ट होते हैं, रेनो ने ट्राइबर ऑथेंटिक वेरिएंट में आगे और पीछे वाले पैसेंजर के लिए पावर विंडो दी है। स्टीयरिंग व्हील भी ऊपर-नीचे की तरफ एडजस्ट होता है।

दूसरी पंक्ति के पैसेंजर को पीछे एसी वेंट्स नहीं मिलेंगे। हालांकि 2025 ट्राइबर ऑथेंटिक की सीटें स्लाइड, रिक्लाइन, फोल्ड और टंबल फंक्शन के साथ आती है। सबसे खास बात ये है कि इसकी तीसरी पंक्ति की सीट को अतिरिक्त बूट स्पेस तैयार करने के लिए हटाया जा सकता है।
फीचर


ट्राइबर ऑथेंटिक में हीटर के साथ मैनुअल एसी, आगे और पीछे पावर विंडो, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, रिमोट कीलेस एंट्री, दूसरी पंक्ति में 60:40 स्प्लिट फंक्शन वाली सीट और 12वॉट पावर सॉकेट जैसे फीचर दिए गए हैं।
सेफ्टी

पैसेंजर की सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, ईबीडी के एबीएस, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, सीटबेल्ट रिमाइंडर के साथ सभी पैसेंजर के लिए 3-पॉइंट सीटबेल्ट, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, पीछे पार्किंग सेंसर, और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे सेफ्टी फीचर दिए गए हैं।
इंजन
2025 रेनो ट्राइबर ऑथेंटिक वेरिएंट में 1-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72 पीएस की पावर और 96 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ इसमें केवल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है, जबकि ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प केवल टॉप मॉडल में दिया गया है। आप इसमें डीलरशिप द्वारा रेट्रोफिटेड सीएनजी किट का विकल्प भी चुन सकते हैं।
प्राइस और कंपेरिजन

2025 रेनो ट्राइबर ऑथेंटिक वेरिएंट की कीमत 6.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। ट्राइबर हाल ही में लॉन्च हुई किआ कैरेंस क्लाविस, किआ कैरेंस, मारुति सुजुकी अर्टिगा और मारुति एक्सएल6 का एक किफायती विकल्प है।














