महिंद्रा विजन टी टेस्टिंग के दौरान दिखी, क्या यह नई इलेक्ट्रिक थार होगी?
महिंद्रा जल्द ही इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड पावरट्रेन वाली ज्यादा मजबूत और ऊंची एसयूवी लाने की योजना बना रही है
- Write a कमेंट

महिंद्रा की नई अपकमिंग एसयूवी विजन टी को पहली बार भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इस एसयूवी कार को सबसे पहले 2025 में एक कॉन्सेप्ट मॉडल के तौर पर देखा गया था और अब यह महिंद्रा के नए इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) लाइनअप का हिस्सा बनने के लिए तैयार लग रही है। अनुमान है कि इसे महिंद्रा थार इलेक्ट्रिक या इसी तरह के किसी दूसरे नाम से लॉन्च किया जा सकता है। आइए जानते हैं महिंद्रा की इस अपकमिंग मल्टी-पावरट्रेन एसयूवी के बारे में सब कुछ :-
महिंद्रा विजन टी स्पाई शॉट्स : क्या कुछ आया है नजर?
सामने आई तस्वीरों से साफ पता चला है कि महिंद्रा अपनी विजन टी एसयूवी के लिए बॉक्सी और अपराइट डिज़ाइन अपना रही है। आगे की तरफ इसमें महिंद्रा की सिग्नेचर वर्टिकल स्लैट्स वाली ग्रिल और रेट्रो-स्टाइल वाले हेडलैंप्स दिए गए हैं। इसका लंबा और फ्लेट बोनट, और मजबूत दिखने वाला बंपर इसके रग्ड कैरेक्टर को और बढ़ाता है। इस अपकमिंग कार के आगे की डिजाइन थीम काफी हद तक थार जैसी लगती है।

साइड प्रोफाइल पर गौर करें तो इसमें चंकी व्हील आर्क क्लैडिंग, बड़े साइज के मिरर और प्रैक्टिकल साइड फुटस्टेप्स देखे जा सकते हैं। इसकी लंबाई लगभग 4.3 मीटर है और उम्मीद है कि इसके प्रोडक्शन मॉडल में रूफ रेल्स भी दिए जाएंगे।


पीछे की तरफ इसमें थार की तरह साइड-हिंज्ड टेलगेट और इस पर स्पेयर व्हील दिया गया है जो इसके ऑफ-रोड कैरेक्टर को साफ दिखाता है। चूंकि यह टेस्टिंग मॉडल पूरी तरह से कैमोफ्लाज से ढका हुआ था, इसलिए टेललाइट्स और अन्य छोटी-मोटी डिजाइन डिटेल्स फिलहाल सामने नहीं आई हैं।

महिंद्रा विजन टी स्पाई शॉट्स : इंटीरियर
महिंद्रा की इस अपकमिंग एसयूवी कार के इंटीरियर में फ्लैट डैशबोर्ड के साथ कई सारी स्क्रीन दी जा सकती है जो इसे एक मॉडर्न टच देंगी। एक्सटीरियर की तरह इसमें केबिन के अंदर भी एक रेट्रो-मॉडर्न थीम देखने को मिल सकती है। स्पाई शॉट्स से पता चला है कि इसमें ड्राइवर के लिए एक पूरी तरह से डिजिटल डिस्प्ले और सेंटर में एक टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा।

विजन टी कॉन्सेप्ट वर्जन में एक बड़ी वर्टिकल टचस्क्रीन दिखाई गई थी, जिसमें इन्फोटेनमेंट, ड्राइव मोड्स और क्लाइमेट कंट्रोल जैसे कई फंक्शन इंटीग्रेटेड हो सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान ली गई तस्वीरों में डैशबोर्ड के नीचे एक और स्क्रीन जैसी चीज दिखाई दी है, लेकिन अभी यह पक्का नहीं है कि यह कार का हिस्सा है या फिर टेस्टिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा कोई इक्विपमेंट। उम्मीद है कि इसके केबिन में इस्तेमाल होने वाले मैटेरियल्स और फिट-फिनिश क्वालिटी काफी प्रीमियम होगी।
महिंद्रा विजन टी स्पाई शॉट्स : संभावित फीचर्स और सेफ्टी
महिंद्रा विजन टी प्रोडक्शन मॉडल में कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान दिखी विजन टी में डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, ऑटो हेडलैंप्स, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स नजर आए हैं। अन्य फीचर्स में पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, कीलेस एंट्री और ब्रांडेड मल्टी-स्पीकर साउंड सिस्टम शामिल हो सकते हैं।
महिंद्रा विजन टी स्पाई शॉट्स : संभावित पावरट्रेन ऑप्शन
टेस्टिंग के दौरान देखा गया प्रोटोटाइप एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) था। उम्मीद है कि इसमें महिंद्रा की दूसरी इलेक्ट्रिक कार एक्सईवी 9एस और बीई 6 वाली ड्राइवट्रेन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें 59 केडब्लूएच से 79 केडब्लूएच क्षमता वाले बैटरी पैक्स दिए जा सकते हैं। यह डुअल-मोटर सेटअप वाले ऑल-इलेक्ट्रिक फोर-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ आने वाली पहली महिंद्रा ईवी भी हो सकती है। यह इसे उन ग्राहकों के लिए एक आकर्षक ऑप्शन बनाएगा जो इलेक्ट्रिक व्हीकल में भी असली ऑफ-रोड क्षमता चाहते हैं।
जिस एनयू_आईक्यू प्लेटफॉर्म पर यह इलेक्ट्रिक कार आधारित है, वह मल्टी-पावरट्रेन को सपोर्ट करता है। इसका मतलब है कि भविष्य में इसका एक हाइब्रिड वर्जन भी पेश किया जा सकता है। इस हाइब्रिड सेटअप में 1.5-लीटर इंजन के साथ लगभग 1 केडब्लूएच की बैटरी हो सकती है, जो बेहतर माइलेज और कम एमिशन सुनिश्चित करेगा।
महिंद्रा विजन टी स्पाई शॉट्स : संभावित लॉन्च टाइमलाइन, कीमत और मुकाबला
बता दें कि महिंद्रा विजन टी को भारत में 2025 में शोकेस गया था। उम्मीद है कि इसे 2027 के मध्य में या फिर फेस्टिव सीजन के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, महिंद्रा ने अभी तक इसकी लॉन्च डेट की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
थार रॉक्स के इलेक्ट्रिक वर्जन (अनुमानित) की कीमत एक्सईवी 9एस के बराबर हो सकती है, जो 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। विजन टी का मुकाबला महिंद्रा की ही दूसरी इलेक्ट्रिक कारों जैसे बीई 6, एक्सईवी 9एस और एक्सईवी 9ई से रहेगा। यह गाड़ी टाटा हैरियर ईवी और एमजी हेक्टर टोमाहॉक ईवी को भी कड़ी टक्कर देगी। उम्मीद है कि इसका कंपेरिजन जल्द ही आने वाली जेएसडब्लू जेटूर टी2 और आईकार वी23 से भी होगा।
कारदेखो का क्या है कहना
महिंद्रा नए गाड़ियां बनाने के लिए एनयू-आईक्यू जैसे नए प्लेटफॉर्म्स पर काम कर रही है, जो अगले साल से कभी भी लॉन्च हो सकती हैं। इनमें विजन एस, विजन एसएक्सटी, विजन एक्स और विजन टी शामिल होंगी। हालांकि, इस साल बीई 07 इलेक्ट्रिक एसयूवी को लॉन्च किया जा सकता है, जो कि बीई 6 का बड़ा वर्जन होगी।
हालांकि, ऐसा पहली बार है जब विजन टी को भारत की सड़कों पर टेस्ट करते देखा गया है, जबकि विजन एस को टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है और उम्मीद है कि ये दोनों कारें 2027 के आखिर तक मार्केट में पेश की जा सकती हैं।
2028 तक लागू होने वाले नए CAFE III नियमों को देखते हुए, कार कंपनियों को अपने टारगेट पूरे करने के लिए ज़्यादा एफिशिएंट और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में यह महिंद्रा, रेनो, मारुति, किआ, हुंडई, एमजी और जेएसडब्लू की ओर से पेश किए जाने वाले कई हाइब्रिड पावरट्रेन विकल्पों के लिए बिलकुल सही समय होगा।
क्या आप भी महिंद्रा की नई एसयूवी का इंतजार कर रहे हैं? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं।














