भारत में अप्रैल 2026 में ये 7 कारें हो सकती हैं लॉन्च व शोकेस, देखिए पूरी लिस्ट
अप्रैल 2026 में एसयूवी के साथ-साथ नए इलेक्ट्रिक मॉडल्स को भी पेश किया जा सकता है, जो खरीदारों की सभी जरूरतों को पूरा करेंगी
- Write a कमेंट

2026 की पहली तिमाही में कई सारी नई गाड़ियों को लॉन्च होते देखा गया, और फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि यह रफ्तार जल्द ही धीमी पड़ने वाली है। अप्रैल का महीना भी जबरदस्त साबित होने वाला है, जिसमें कई पॉपुलर मॉडल्स को नए अपडेट दिए जाएंगे और अलग-अलग सेगमेंट की कई सारी नई गाड़ियों को पेश होते भी देखा जाएगा।
आने वाले कुछ हफ्तों में नए फेसलिफ्ट मॉडल्स, नए वेरिएंट और अपकमिंग कारों को शोकेस होते देखा जा सकता है। अप्रैल 2026 में इन सभी गाड़ियों को भारत में लॉन्च और शोकेस किया जा सकता है :-
एमजी हेक्टर डीजल
शोकेस डेट : अप्रैल के आखिर 2026
संभावित कीमत : 18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
एमजी हेक्टर के लाइनअप में जल्द डीजल इंजन का ऑप्शन शामिल किया जा सकता है। हाल ही में इस एसयूवी कार को नया फेसलिफ्ट अपडेट मिला है जिसके चलते इसमें नई स्टाइलिंग दी गई है और इसमें कई नए फीचर भी जुड़ गए हैं। इस गाड़ी में डीजल इंजन का ऑप्शन मौजूदा पेट्रोल इंजन के साथ मिलना जारी रहेगा। अनुमान है कि इसमें 2-लीटर डीजल इंजन (170 पीएस/350 एनएम) के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया जा सकता है।

हेक्टर फेसलिफ्ट कार में 14-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पावर्ड और वेंटिलेटेड सीटें, और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और लेवल-2 एडीएएस जैसे फीचर दिए गए हैं।
फोक्सवैगन टाइगन फेसलिफ्ट
शोकेस डेट : 09 अप्रैल 2026
संभावित कीमत : 11 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
फोक्सवैगन अपनी फेसलिफ्ट टाइगन को अप्रैल 2026 में शोकेस करने की तैयारी कर रही है। इस गाड़ी को लॉन्चिंग के बाद अब पहला बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है। इस अपकमिंग कार का एक्सटीरियर लेआउट जाना पहचाना हो सकता है, लेकिन मुकाबले में मौजूद गाड़ियों को कड़ी टक्कर देने के लिए इसमें नए स्टाइलिंग एलिमेंट जरूर दिए जा सकते हैं।

केबिन के अंदर इसमें नए फीचर अपडेट देखने को मिल सकते हैं। इस गाड़ी के इंफोटेनमेंट सिस्टम में बदलाव किए जा सकते हैं, साथ ही इसमें अतिरिक्त कंफर्ट फीचर और सेफ्टी टेक्नोलॉजी दी जा सकती है। इसमें प्री-फेसलिफ्ट वर्जन वाले टर्बो पेट्रोल इंजन ऑप्शन दिए जा सकते हैं, जिसमें 1-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन ऑप्शन शामिल है।
मारुति सुजुकी ब्रेजा फेसलिफ्ट
लॉन्च डेट : अप्रैल 2026 के आखिर में
संभावित कीमत : 9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
अप्रैल में मारुति सुजुकी अपनी फेसलिफ्ट ब्रेजा कार को लॉन्च कर सकती है, जो कि एक पॉपुलर कॉम्पेक्ट एसयूवी कारों में से एक है। इस गाड़ी से जुड़ी ऑफिशियल जानकारी फिलहाल सामने आनी बाकी है, लेकिन सामने आई तस्वीरों से संकेत मिले हैं कि इसमें कई हल्के-फुल्के डिजाइन अपडेट दिए जाएंगे और इसकी फीचर लिस्ट को भी अपडेट किया जाएगा।

मौजूदा ब्रेजा कार में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप, क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए इसमें छह एयरबैग, एबीएस के साथ ईबीडी, रियर पार्किंग सेंसर्स और सभी पैसेंजर के लिए 3-पॉइंट सीट बेल्ट जैसे मिलते हैं।
मर्सिडीज-बेंज सीएलए इलेक्ट्रिक
लॉन्च डेट : अप्रैल 2026 के आखिर में
संभावित कीमत : 65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
मर्सिडीज-बेंज अपनी सीएलए इलेक्ट्रिक से भारत में पर्दा उठा चुकी है और अब इसे यहां अप्रैल में लॉन्च किया जा सकता है। यह नई इलेक्ट्रिक सेडान कंपनी का ईवी लाइनअप में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसकी सर्टिफाइड रेंज 750 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है, जो कि इसे सेगमेंट की सबसे लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार बना सकता है। सीएलए इलेक्ट्रिक कार में 85.5 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक के साथ सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप (272 पीएस) दिया जाएगा। इसमें टेक्नोलॉजी लोडेड केबिन, कई सारे प्रीमियम मटीरियल और मर्सिडीज का न्यू जनरेशन एमबी.ओएस इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा।
एमजी मेजेस्टर
लॉन्च डेट : अप्रैल 2026 के आखिर में
संभावित कीमत : 45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
एमजी मेजेस्टर से भारत में पर्दा उठ चुका है और यहां इसे अप्रैल तक लॉन्च किया जा सकता है। एक प्रीमियम एसयूवी कार के तौर पर पेश की गई यह गाड़ी प्रेक्टिकेलिटी के साथ-साथ शानदार फीचर से भरपूर अनुभव देने का लक्ष्य रखती है।

इस एसयूवी कार में 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन वाली 12-वे पावर एडजस्टेबल फ्रंट सीटें, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ और डुअल वायरलेस चार्जर जैसे फीचर दिए गए हैं। एमजी मेजेस्टर कार में 2-लीटर टर्बो चार्ज्ड डीजल इंजन दिया जाएगा जो 215 पीएस की पावर और 478 एनएम का टॉर्क देता है। एमजी अपनी मेजेस्टर एसयूवी के साथ नए 5-5-5 ओनरशिप प्रोग्राम की पेशकश भी कर रही है। यहां देखें एमजी मेजेस्टर की बुकिंग प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी।
टोयोटा एबेला
लॉन्च डेट : अप्रैल 2026 के मिड में
संभावित कीमत : 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
टोयोटा एबेला ईवी से भारत में पर्दा उठ चुका है और यहां इसे अप्रैल के मिड लॉन्च किया जा सकता। मास-मार्केट इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में यह टोयोटा की प्रमुख पेशकशों में से एक होगी।

एबेला ईवी कार में ईवी-स्पेसिफिक स्टाइलिंग एलिमेंट के साथ मॉडर्न और क्लीन लुक मिलेगा। इस गाड़ी का केबिन फीचर लोडेड हो सकता है और इसमें 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर दिए जा सकते हैं। इसमें 49 केडब्लूएच और 61 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक ऑप्शन दिए जाएंगे और इसकी सर्टिफाइड रेंज 543 किलोमीटर होगी। इसे बैटरी रेंटल स्कीम के साथ पेश किया जाएगा, जिससे इसकी ओनरशिप कॉस्ट काफी कम हो जाएगी। यहां देखें इसकी डिजाइन, फीचर और स्पेसिफिकेशन से जुड़ी जानकारी।
निसान ग्रेवाइट सीएनजी
लॉन्च डेट : अप्रैल 2026 के आखिर में
संभावित कीमत : 10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम)
निसान ग्रेवाइट एमपीवी की लॉन्चिंग के बाद अब कंपनी ग्रेवाइट सीएनजी वेरिएंट को पेश कर सकती है, ताकि यह कम बजट वाले खरीदारों के लिए ज्यादा सस्ता ऑप्शन साबित हो सके। इस कदम से निसान को किफायती एमपीवी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसमें फैक्ट्री फिटेड सीएनजी किट के साथ 1-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन (72 पीएस) दिया जाएगा।

ग्रेवाइट एमपीवी कार में 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, एबीएस के साथ ईबीडी, छह एयरबैग और कैमरे के साथ रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर दिए गए हैं।














