टाटा नेक्सन ईवी 2023 मॉडल के केबिन में आप जैसे ही एंट्री लेंगे तो आपको ऐसा लगेगा कि आप रेंज रोवर के किसी सस्ते वर्जन में बैठे हों। सिंपल डिजाइन, नए 2 स्पोक फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील और नई कलर स्कीम के रहते ये पहले से ज्यादा आकर्षक हो गई है।

टाटा ने नई नेक्सन ईवी के टॉप वेरिएंट एंपावर्ड+ में व्हाइट ग्रे कलर की इंटीरियर थीम दी है। इसकी सीटों और क्रैश पैड पर टरकॉइज स्टिचिंग की गई है। भारतीय परिस्थिति को देखते हुए ये कॉम्बिनेशन कोई ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता है। यदि आप इन्हें ठीक ढंग से मेंटेन कर पाएं तो आपको एक आलीशान एक्स्पीरियंस जरूर मिलेगा।
पेट्रोल/डीजल वर्जन की तरह इसके केबिन की क्वालिटी में भी काफी इंप्रूवमेंट किया गया है। इसके डैशबोर्ड में इस्तेमाल किए गए प्लास्टिक और लैदरेट पैडिंग, अपहोल्स्ट्री की क्वालिटी और एसेंट्स के इस्तेमाल ने केबिन को काफी प्रीमियम बना दिया है। इसके डैशबोर्ड का डिजाइन जर्मन कारों जैसा नजर आ रहा है। उम्मीद है कि टाटा ने इसमें फिट और फिनिशिंग के मोर्चे पर भी सुधार किया होगा और हमें दी गई टेस्ट कार में तो कोई कमी नजर नहीं आई।

डिजाइन के मोर्चे पर इसमें 3 अहम बदलाव हुए हैं। अब इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन, यूजर इंटरफेस के लिए यूनीक कलर और इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक फीचर वाला नए डिजाइन का सेंटर कंसोल दिया गया है।

प्रैक्टिकैलिटी के मोर्चे पर ये नई टाटा नेक्सन के रेगुलर मॉडल जैसी ही है। यदि आप इसका लॉन्ग रेंज वर्जन लेते हैं तो बड़ा बैटरी पैक होने के कारण आपको ऊंचा फ्लोर मिलेगा। फ्रंट सीट में तो समस्या नहीं आएगी, मगर आपको रियर सीट पर बेहतर अंडरथाई सपोर्ट नहीं मिलेगा। फ्रंट सीट पर बेहतर कुशनिंग तो दी गई है, मगर इससे नीरूम से समझौता करना पड़ेगा।

नई नेक्सन ईवी 2023 में पहले की तरह 350 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है और यदि आपको ज्यादा स्पेस चाहिए तो इसकी सीटों को 60:40 के अनुपात में फोल्ड भी किया जा सकता है। इसके फ्रंट में काम के कपहोल्डर्स नहीं दिए गए हैं और रियर में डोर पॉकेट्स में भी कम स्पेस दिया गया है और फुटवेल एरिया में भी जगह कम दी गई है।
फीचर
टाटा नेक्सन ईवी में कंपनी ने कुछ अच्छे फीचर्स दिए गए हैं जिससे ये एक ऑल राउंडर कार बन गई है। इसमें पेट्रोल/डीजल वर्जन से भी कुछ फीचर्स लिए गए हैं जो कि इस प्रकार से है:
| कीलेस एंट्री |
वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स |
| पुश-बटन स्टार्ट स्टॉप |
इलेक्ट्रिक सनरूफ |
| ऑटोमैटिक हेडलाइट्स |
वायरलेस चार्जिंग |
| क्रूज कंट्रोल |
10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले |
| ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल |
9-स्पीकर जेबीएल साउंड सिस्टम |
| रियर एसी वेंट |
360-डिग्री कैमरा |
इस कार में अब पहले से बड़ी 12.3 इंच टचस्क्रीन दी गई है जो टाटा की किसी कार में दी गई अब तक की सबसे बेस्ट यूनिट है। हालांकि टाटा नेक्सन के रेगुलर मॉडल में दी गई 10.25 इंच की छोटी यूनिट में हमें कुछ कमियां नजर आई, मगर नेक्सन ईवी में दी गई बड़ी स्क्रीन में कोई परेशानी नहीं आई। छोटी वाली डिस्प्ले की तरह इसकी डिस्प्ले में भी क्रिस्प ग्राफिक्स, अच्छा कॉन्ट्रास्ट और अच्छा यूजर इंटरफेस मिलेगा।

इसकी स्क्रीन क्वालकॉम प्रोसेसर से काम करती है और इसमें 64 जीबी का स्टोरेज और 8 जीबी की रैम दी गई है। इसका ऑपरेटिंग सॉफ्टवेयर एंड्रॉयड ऑटोमोटिव पर बेस्ड है, जिसपर काफी सारी एप्स को काम में लिया जा सकता है। टाटा ने इसे 'आर्केड.ईवी' नाम दिया है, जिसके जरिए आप प्राइम वीडियो, हॉटस्टार, यूट्यूब और गेम्स डाउनलोड कर सकते हैं। इस फीचर के रहते कार को बाहर चार्ज करवाते समय आप बोर नहीं होंगे। वहीं जब तक व्हीकल चार्ज होता है तब तक आप अपना कोई फेवरेट शो देख सकते हैं या फिर गेम खेल सकते हैं।

इसकी 10.25 इंच की डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले पर आपको काफी जरूरी इंफॉर्मेशन मिल जाएगी। इस स्क्रीन पर गूगल/एपल मैप्स भी डिस्प्ले होती है, जिससे एक स्मूद नेविगेशन एक्सपीरियंस मिलता है।