महिंद्रा एक्सयूवी700 ने 3 लाख बिक्री का आंकड़ा किया पार
कंपनी अब अपकमिंग एक्सयूवी700 फेसलिफ्ट पर काम कर रही है जिसे नए डिजाइन और ज्यादा फीचर के साथ पेश किया जाएगा
- Write a कमेंट

इसमें कोई शक नहीं कि महिंद्रा एक्सयूवी700 कंपनी की एक सफल पेशकश है। अगस्त 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से ही इसे जबरदस्त बिक्री मिली है। अब एक्सयूवी700 को भारत में आए चार साल होने वाले हैं और महिंद्रा ने घोषणा की है कि इस मिड साइज एसयूवी कार ने 3 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।
ध्यान रहे, मार्च 2025 में एक्सयूवी700 ने 2.5 लाख बिक्री का आंकड़ा पार किया था और महिंद्रा को अगली 50,000 बिक्री पार करने में केवल चार महीने लगे हैं।
महिंद्रा एक्सयूवी700: ओवरव्यू

महिंद्रा एक्सयूवी 700 को भारत में अगस्त 2025 में चार साल पूरे होने जा रहे हैं। यह अभी भी आकर्षक और दमदार दिखती है, जिसमें बोल्ड महिंद्रा स्लेटेड ग्रिल और एंगुलर डीआरएल के साथ एलईडी हेडलाइट दी गई है। साइड में 18-इंच अलॉय व्हील दिए गए हैं और यह फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल वाली पहली महिंद्रा कार भी थी, जो इसे अच्छा लुक देते हैं। इसमें सिक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर के साथ रैप अराउंड एलईडी टेल लैंप्स दिए गए हैं जो इसके ओवरऑल लुक को पूरा करते हैं।

केबिन डिजाइन की बात करें तो केबिन अभी भी नया और मॉडर्न लगता है। इसके टॉप हाइलाइट में मर्सिडीज जैसी दो 10.25-इंच स्क्रीन है, जिन्हें आधुनिक लुक देने के लिए एक ही ग्लास स्लैब के नीचे रखा गया है। एक्सयूवी700 में एयर कंडिशनिंग सिस्टम के लिए नोब और फिजिकल कंट्रोल दिए गए हैं, जिससे ऑपरेट करना ज्यादा आसान रहता है।
जब बात फीचर की बात आती है तो यह आपको निराश नहीं करती है, जिनके बारे में हम आगे बात करेंगे:
महिंद्रा एक्सईवी700: फीचर और सेफ्टी

महिंद्रा एक्सयूवी700 की फीचर लिस्ट में एक 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, एक 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 12-स्पीकर सोनी 3डी साउंड सिस्टम, एक पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जर और आगे वेंटिलेटेड सीटें शामिल है।
पैसेंजर की सुरक्षा के लिए इसमें 7 एयरबैग (6 स्टैंडर्ड), ईबीडी के साथ एबीएस, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी) आगे और पीछे पार्किंग सेंसर, 360 डिग्री कैमरा और लेवल 2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) जैसे सेफ्टी फीचर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ के कुछ वेरिएंट की कीमत में हुई 20,000 रुपये की कटौती
महिंद्रा एक्सयूवी700: इंजन

महिंद्रा एक्सयूवी 700 टर्बो-पेट्रोल और डीजल इंजन में उपलब्ध है, दोनों इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है। इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव सेटअप स्टैंडर्ड दिया गया है, जबकि डीजल इंजन के साथ ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप का विकल्प भी दिया गया है। यहां देखिए इसके स्पेसिफिकेशन:
| पैरामीटर |
महिंद्रा एक्सयूवी700 पेट्रोल |
महिंद्रा एक्सयूवी700 डीजल |
| इंजन |
2-लीटर टर्बो-पेट्रोल |
2.2-लीटर डीजल |
| पावर |
200 पीएस |
185 पीएस |
| टॉर्क |
380 एनएम |
450 एनएम तक |
| गियरबॉक्स |
6-स्पीड एमटी / 6-स्पीड एटी* |
6-स्पीड एमटी / 6-स्पीड एटी |
| ड्राइव |
फ्रंट-व्हील-ड्राइव |
फ्रंट-व्हील-ड्राइव / ऑल-व्हील-ड्राइव |
महिंद्रा एक्सयूवी700: प्राइस और कंपेरिजन

महिंद्रा एक्सयूवी700 की कीमत 14.49 लाख रुपये से 25.14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। इसका मुकाबला टाटा सफारी, एमजी हेक्टर प्लस और हुंडई अल्कजार से है। इसे मारुति इनविक्टो और टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस के एसयूवी विकल्प के तौर पर भी चुना जा सकता है।
महिंद्रा एक्सयूवी700: आगे क्या?
महिंद्रा ने आगामी एक्सयूवी700 फेसलिफ्ट पर काम शुरू कर दिया है, जिसमें कई कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिलेंगे। टेस्ट मॉडल में अपडेट ग्रिल और नई एलईडी हेडलाइट जैसे नए डिजाइन एलिमेंट्स की जानकारी पहले ही सामने आ चुकी है। केबिन में महिंद्रा एक्सईवी 9ई की तरह ट्रिपल स्क्रीन लेआउट के साथ ज्यादा प्रीमियम डैशबोर्ड मिलेगा। फेसलिफ्ट महिंद्रा एक्सयूवी700 को 2026 में लॉन्च किया जा सकता है और इसके बारे में ज्यादा जानकारी आप यहां देख सकते हैं। फेसलिफ्ट एक्सयूवी700 के साथ हम उम्मीद करते हैं कि महिंद्रा एक्सईवी 7ई को भी लॉन्च करेगी जो एक्सयूवी700 का इलेक्ट्रिक वर्जन है, जिसे हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया।














