नई हुंडई वरना को मिली 7,000 बुकिंग
सेडान सेगमेंट में नई वरना सबसे अफोर्डेबल डीज़ल कार है
- Write a कमेंट

हुंडई की नई वरना सेडान को ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, यही वजह है कि नई वरना ने अब तक 7,000 बुकिंग हासिल कर ली है। बुकिंग ज्यादा होने की वजह से वरना के कुछ वेरिएंट वेटिंग पीरियड में चल रहे हैं।

नई वरना को इसी महीने लॉन्च किया गया था, इसकी शुरूआती कीमत 7.99 लाख रूपए है, जो 12.39 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) तक जाती है। कंपनी के अनुसार शुरूआती 20,000 ग्राहकों को ही इस कीमत पर नई वरना सेडान मिलेगी, बाद में इसकी कीमतों में बदलाव किया जाएगा। हुंडई का कहना है कि वह दीपावली से पहले करीब 10,000 ग्राहकों को नई वरना डिलीवर कर देगी।

नई हुंडई वरना फिलहाल 1.6 लीटर पेट्रोल और डीज़ल इंजन में उपलब्ध है, पेट्रोल वेरिएंट में 123 पीएस की पावर और 155 एनएम का टॉर्क मिलता है। डीज़ल वेरिएंट में 128 पीएस की पावर और 260 एनएम का टॉर्क मिलता है। दोनों इंजन 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़े हैं। 1.5 लीटर से बड़ा इंजन होने की वजह से यह लग्ज़री कार सेगमेंट में आती है, हाल ही में जीएसटी काउंसिल ने लग्ज़री कारों पर 10 फीसदी सेस बढ़ाने का फैसला लिया है। ऐसे में हुंडई कीमत बढोतरी से बचने के लिए जल्द ही नई वरना में 1.4 लीटर इंजन का विकल्प जोड़ सकती है। चर्चाएं हैं कि नया इंजन आने के बाद इसकी कीमत घट सकती है और बिक्री में इजाफा देखने को मिल सकता है।















