टेस्ला मॉडल वाई की भारत में बुकिंग हुई शुरू
टेस्ला ने मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम के साथ पुणे को भी उन शहरों की सूची में शामिल कर लिया है जहां 2025 की तीसरी तिमाही में डिलीवरी सबसे पहले शुरू होगी
- Write a कमेंट

टेस्ला मॉडल वाई भारत में लॉन्च हो चुकी है। इस गाड़ी की कीमत 59.89 लाख रुपये (इंट्रोडक्ट्री एक्स-शोरूम पैन इंडिया) से शुरू होती है। टेस्ला ने कंफर्म किया है कि इस कार की डिलीवरी 2025 की तीसरी तिमाही में शुरू होगी, जिसमें शुरुआती प्राथमिकता दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई के ग्राहकों को दी जाएगी। अब कंपनी ने इस लिस्ट में पुणे को भी शामिल कर दिया है, साथ ही मॉडल वाई गाड़ी की ऑनलाइन बुकिंग देशभर में लेनी शुरू कर दी है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी कार को दूसरे शहरों में कब डिलीवर किया जाएगा फिलहाल इससे जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
यदि आप भी टेस्ला मॉडल वाई को बुक करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यहां इस मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी कार से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं :-
टेस्ला मॉडल वाई से जुड़ी जानकारी

टेस्ला मॉडल वाई का एक्सटीरियर एकदम क्लीन और मॉडर्न है। आगे की तरफ इसमें ब्लेंक-ऑफ ग्रिल, कनेक्टेड एलईडी डीआरएल्स और चौड़ा बंपर दिया गया है। इसमें स्लोपिंग रूफलाइन, फ्लश-टाइप डोर हैंडल्स, और 19-इंच ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। पीछे की तरफ इसमें कनेक्टेड एलईडी टेललैंप्स और इंटीग्रेटेड स्पॉइलर दिया गया है।

केबिन के अंदर इसमें ऑल-ब्लैक कलर थीम स्टैंडर्ड दी गई है और इसमें अतिरिक्त प्राइस पर डुअल-टोन कलर ऑप्शन भी मिलता है। इसका डैशबोर्ड एकदम फ्लैट है और इस पर कोई बटन नहीं दिए गए हैं, इसमें 15.4-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन दी गई है। इस गाड़ी में 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, एम्बिएंट लाइटिंग, स्टोरेज के साथ चौड़ा सेंटर कंसोल और रियर पैसेंजर के लिए डेडिकेटेड स्क्रीन दी गई है जिससे इसमें अच्छा केबिन एक्सपीरिएंस मिलेगा।

मॉडल वाई में वेंटिलेटेड और हीटेड फ्रंट सीटें, पावर-रिक्लाइनिंग रियर सीटें, 9-स्पीकर साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर और पावर्ड फ्रंक जैसे फीचर दिए गए हैं। इसमें एंटरटेनमेंट और क्लाइमेट कंट्रोल्स के लिए 8-इंच रियर स्क्रीन के साथ कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ओटीए अपडेट्स दिए गए हैं।
सेफ्टी के लिए इसमें कई सारे एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा, और बिल्ट-इन डैशकैम दिया गया है। ग्राहक 6 लाख रुपये खर्च करके इसमें एडीएएस फीचर जैसे अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल और ऑटो लेन चेंज भी जुड़वा सकते हैं।
यह भी पढ़ें : टेस्ला मॉडल वाई के साथ मिल रहे ऑप्शनल एक्सटीरियर कलर ऑप्शन की जानकारी आई सामने, आप भी डालिए एक नजर
टेस्ला मॉडल वाई : बैटरी पैक, मोटर व रेंज
टेस्ला मॉडल वाई के बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। लेकिन, कंपनी ने कंफर्म किया है कि मॉडल वाई में रियर-व्हील-ड्राइव (आरडब्ल्यूडी) सेटअप दिया जाएगा और इसकी सर्टिफाइड रेंज और एसेलेरेशन आंकड़े भी साझा कर दिए हैं। यहां देखें इसकी जानकारी :-
| वर्जन |
आरडब्ल्यूडी |
आरडब्लूडी लॉन्ग रेंज |
| सर्टिफाइड रेंज |
500 किलोमीटर |
622 किलोमीटर |
| एसेलेरेशन (0-100 किमी/घंटे) |
5.9 सेकंड |
5.6 सेकंड |
टेस्ला ने कंफर्म किया है कि मॉडल वाई भारतीय वर्जन की टॉप स्पीड 201 किमी/घंटे है।
टेस्ला मॉडल वाई : मुकाबला

भारत के प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में मॉडल वाई का मुकाबला किआ ईवी6, बीवाईडी सीलायन 7, हुंडई आयोनिक 5, वोल्वो ईएक्स40 और वोल्वो ईसी40 से होगा।














