टेस्ला मॉडल वाई के साथ मिल रहे ऑप्शनल एक्सटीरियर कलर ऑप्शन की जानकारी आई सामने, आप भी डालिए एक नजर
कलर की ज्यादा कीमत के अलावा, मॉडल वाई की सेल्फ-ड्राइविंग फीचर की प्राइस ऑल्टो के10 टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम प्राइस जितनी है!
- Write a कमेंट

टेस्ला मॉडल वाई भारत में लॉन्च हो गई है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कार दो वेरिएंट में उपलब्ध है, इस गाड़ी के रियर-व्हील-ड्राइव वेरिएंट की कीमत 59.89 लाख रुपये है, जबकि लॉन्ग-रेंज रियर-व्हील-ड्राइव वर्जन की प्राइस 67.89 लाख रुपये (एक्स शोरूम) रखी गई है। इन दोनों वेरिएंट में एक स्टैंडर्ड एक्सटीरियर कलर ऑप्शन और सिंगल ऑल-ब्लैक इंटीरियर कलर थीम दी गई है। इस गाड़ी के साथ पांच अतिरिक्त एक्सटीरियर कलर ऑप्शन और एक एक्स्ट्रा इंटीरियर कलर थीम भी मिल रही है, लेकिन इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इसके अलावा मॉडल वाई कार में सेल्फ-ड्राइविंग फीचर भी दिया गया है जिसके बारे में हम आगे चर्चा करेंगे।
टेस्ला मॉडल वाई : एक्सटीरियर कलर और कीमत
टेस्ला मॉडल वाई में स्टेल्थ ग्रे एक्सटीरियर कलर ऑप्शन स्टैंडर्ड दिया गया है। यदि आप जानना चाहते हैं कि इस गाड़ी के साथ मिल रहे ऑप्शनल कलर ऑप्शन की कीमत कितनी है तो इसके बारे में यहां देख सकते हैं :-
| एक्सटीरियर कलर ऑप्शन |
अतिरिक्त कीमत |
| स्टेल्थ ग्रे |
— |
| पर्ल व्हाइट मल्टी-कोट |
95,000 रुपये |
| डायमंड ब्लैक |
95,000 रुपये |
| ग्लेशियर ब्लू |
1.25 लाख रुपये |
| क्विक सिल्वर |
1.85 लाख रुपये |
| अल्ट्रा रेड |
1.85 लाख रुपये |
टेस्ला मॉडल वाई : इंटीरियर कलर और कीमत

इस इलेक्ट्रिक मिड-साइज एसयूवी कार में ऑल-ब्लैक इंटीरियर कलर थीम स्टैंडर्ड दी गई है। इसमें डुअल-टोन ब्लैक और व्हाइट कलर थीम ऑप्शनल भी मिलती है जिसके लिए आपको अतिरिक्त 95,000 रुपये खर्च करने होंगे।
| इंटीरियर कलर ऑप्शन |
अतिरिक्त कीमत |
| ऑल ब्लैक |
— |
| ब्लैक और व्हाइट |
95,000 रुपये |
टेस्ला मॉडल वाई : सेल्फ-ड्राइविंग फीचर
इसमें कोई शक नहीं कि टेस्ला अपनी सेल्फ-ड्राइविंग क्षमताओं के लिए जानी जाती है और मॉडल वाई में भी यह फीचर उपलब्ध है। हालांकि, यह तकनीक सस्ती नहीं है क्योंकि इसकी कीमत 6 लाख रुपये है। यह कीमत मारुति ऑल्टो के10 टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम प्राइस के बराबर है।
टेस्ला के सेल्फ ड्राइविंग सिस्टम को फुल सेल्फ ड्राइविंग नाम दिया गया है। यह सिस्टम सड़क, ट्रैफिक, लोग और सिग्नल को देखने के लिए गाड़ी के चारों ओर लगे कैमरा का इस्तेमाल करता है। मॉडल वाई कार में 8 एक्सटीरियर कैमरा लगे हुए हैं। इसके बाद यह लेन कीपिंग और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर से लैस एडीएएस सूट के जरिए कंप्यूटिंग का इस्तेमाल करके ड्राइविंग से जुड़े तुरंत फैसले लेता है जैसे लेन में बने रहना, दूसरे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना, लेन बदलना, ट्रैफिक लाइट पर रुकना और पार्किंग।
अन्य फीचर और सेफ्टी

टेस्ला मॉडल वाई कार में बड़ा 15.4-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटेड और हीटेड फ्रंट सीटें, पावर-रिक्लाइनिंग सेकंड रो सीटें, 8-इंच सेकंड रो स्क्रीन, पावर्ड टेलगेट, 9-स्पीकर साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर, वायरलेस फोन चार्जर और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर दिए गए हैं।
सेफ्टी के लिए इसमें कई सारे एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर और बिल्ट-इन डैशकैम दिया गया है।
मुकाबला

टेस्ला मॉडल वाई का मुकाबला किआ ईवी6, हुंडई आयोनिक 5, बीवाईडी सीलायन 7, वोल्वो ईएक्स40 और वोल्वो ईसी40 से है।














