भारत में जुलाई 2025 में लॉन्च हुईं ये नई कार, देखिए पूरी लिस्ट
जुलाई 2025 में कैरेंस क्लाविस ईवी और एमजी साइबरस्टर के अलावा टेस्ला मॉडल वाई को भी लॉन्च किया गया
- Write a कमेंट

जुलाई 2025 के महीने में कई सारी नई कारों को लॉन्च होते देखा गया और पिछले महीने कई गाड़ियों को नए अपडेट भी मिले। इसकी शुरुआत रेनो ट्राइबर और बीएमडब्ल्यू 2 सीरीज ग्रां कूपे जैसे फेसलिफ्ट मॉडल्स से हुई, जिसे कई डिजाइन अपडेट मिले और इनमें नए फीचर भी जोड़े गए। जबकि, इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में किआ कैरेंस क्लाविस ईवी और एमजी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार साइबरस्टर को पेश किया गया। जुलाई 2025 में कौनसी कारें हुई लॉन्च जानेंगे इसके बारे में आगे:-
रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट

कीमत : 6.30 लाख रुपये से 9.40 लाख रुपये
भारत में 2019 से बिक्री के लिए उपलब्ध रेनो ट्राइबर को आखिरकार अब नया फेसलिफ्ट अपडेट मिल गया है। रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट में कई एक्सटीरियर अपडेट दिए गए हैं जिनमें ऑटो एलईडी हेडलाइट, एलईडी फॉग लैंप्स, एलईडी टेललाइट को कनेक्ट करती ग्लॉस ब्लैक स्ट्रिप शामिल हैं। इस गाड़ी में अलॉय व्हील्स की डिजाइन को भी अपडेट किया गया है, हालांकि यह अभी भी स्टाइलिश कवर के साथ स्टील व्हील्स ही हैं। इस एमपीवी कार के इंटीरियर को भी अपडेट किया गया है जिसके चलते इसमें अब नई लेयर्ड डैशबोर्ड डिजाइन मिलती है जिसके सेंटर पर फॉक्स वुडन ट्रिप, 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, सेमी-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और नए रेनो लोगो के साथ 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। इसमें क्रूज़ कंट्रोल, रेन सेंसिंग वाइपर, फ्रंट पार्किंग सेंसर और 6 एयरबैग (स्टैंडर्ड) जैसे नए फीचर भी दिए गए हैं। इसमें प्री-फेसलिफ्ट वर्जन वाला 1-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन (72 पीएस) मिलना जारी है।
किआ कैरेंस क्लाविस ईवी

कीमत : 17.99 लाख रुपये से 24.49 लाख रुपये
किआ ने पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक कार कैरेंस क्लाविस ईवी भारत में लॉन्च कर दी है, जो कि भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार है। इसमें रेगुलर कैरेंस क्लाविस वाले कई सारे एलिमेंट दिए गए हैं जिनमें ऑल-एलईडी लाइट, ब्लेंक-ऑफ ग्रिल और कनेक्टेड एलईडी टेललाइट शामिल हैं। इस गाड़ी में नए एलईडी फॉग लैंप्स और एक्टिव एयर फ्लैप्स दिए गए हैं। इस इलेक्ट्रिक कार में एरो इंसर्ट के साथ नए डिजाइन के 17-इंच अलॉय व्हील्स और ग्रिल पर चार्जिंग फ्लैप दिए गए हैं। इसमें कैरेंस क्लाविस वाला डैशबोर्ड लेआउट दिया गया है, लेकिन इसमें रेगुलर मॉडल के लोअर वेरिएंट की तरह व्हाइट और ग्रे कलर थीम दी गई है। इसमें दो बैटरी पैक ऑप्शन : 42 केडब्ल्यूएच और 51.4 केडब्ल्यूएच दिए गए हैं। इसकी सर्टिफाइड रेंज 490 किलोमीटर है।
टेस्ला मॉडल वाई

कीमत : 59.89 लाख रुपये से 73.89 लाख रुपये
टेस्ला ने मॉडल वाई को भारत में 15 जुलाई 2025 को लॉन्च किया गया था। एक्सटीरियर पर इसमें कनेक्टेड एलईडी डीआरएल्स, स्लीक एलईडी हेडलाइट और कनेक्टेड एलईडी टेललाइट दी गई है। इसका केबिन लेआउट मिनिमल है, इसमें 15.4-इंच टचस्क्रीन और ऑल-ब्लैक कलर थीम स्टैंडर्ड दी गई है, जबकि डुअल-टोन ऑप्शन इसमें अतिरिक्त कीमत पर मिलता है। इस गाड़ी में वेंटिलेटेड और हीटेड फ्रंट सीटें, पावर्ड रियर रेक्लाइन, एम्बिएंट लाइटिंग, 9-स्पीकर साउंड सिस्टम, पावर्ड फ्रंक और 8-इंच रियर स्क्रीन जैसे फीचर दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें कई सारे एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा, बिल्ट-इन डैशकैम और ऑप्शनल एडीएएस दिया गया है। मॉडल वाई कार दो आरडब्ल्यूडी वेरिएंट में उपलब्ध है। इसकी सर्टिफाइड रेंज 622 किलोमीटर है, जबकि टॉप स्पीड 201 किमी/घंटे है।
एमजी साइबरस्टर

कीमत : 75 लाख रुपये
साइबरस्टर ईवी एमजी की उन दो कारों में से एक है जिसे प्रीमियम सिलेक्ट आउटलेट के जरिए बेचा जाएगा। इसकी डिजाइन काफी फ्यूचरिस्टिक है और इसमें शार्प पैटल शेप्ड एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट, एरो शेप्ड टेललाइट और इन्वर्टेड यू-शेप्ड एलईडी बार दिया गया है। इसमें फाइटर जेट इंस्पायर्ड केबिन लेआउट दिया गया है जिसमें ट्राई-स्क्रीन सेटअप और फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील मिलता है। यह गाड़ी स्पोर्टी 2-सीटर लेआउट में आती है। इस इलेक्ट्रिक कार में इलेक्ट्रिक फोल्ड होने वाला सॉफ्ट टॉप रूफ, मेमोरी के साथ पावर्ड और हीटेड फ्रंट सीटें, और 8-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम जैसे फीचर दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें चार एयरबैग्स, ईएससी, टीपीएमएस और लेवल-2 एडीएएस जैसे फीचर दिए गए हैं। इसमें 77 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक के साथ डुअल मोटर दी गई हैं जो 510 पीएस की पावर और 725 एनएम का टॉर्क देती है। इसकी सर्टिफाइड रेंज 580 किलोमीटर है। 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार को यह गाड़ी 3.2 सेकंड में तय कर लेती है।
एमजी एम9

कीमत : 69.90 लाख रुपये
साइबरस्टर के साथ एमजी एम9 प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी कार को भी एमजी के सिलेक्ट आउटलेट के जरिए बेचा जाएगा। इस गाड़ी के एक्सटीरियर में कनेक्टेड एलईडी डीआरएल्स, स्प्लिट एलईडी हेडलाइट, स्लाइडिंग डोर, 19-इंच अलॉय व्हील्स और कनेक्टेड एलईडी टेललाइट दी गई हैं। केबिन के अंदर इसमें टैन और ब्लैक कलर थीम के साथ सॉफ्ट टच मटीरियल, डुअल डिजिटल डिस्प्ले और मिडल रो पर पावर्ड ओटोमन सीटें दी गई हैं। इस गाड़ी में डुअल सनरूफ, कई सारे वायरलेस फोन चार्जर, एम्बिएंट लाइटिंग, पावर्ड टेलगेट, और मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग फंक्शन के साथ फ्रंट और मिडल रो सीटें दी गई हैं। सेफ्टी के लिए इसमें 7 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा, डिजिटल आईआरवीएम, और लेवल-2 एडीएएस फीचर दिया गया है जिसके तहत फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग और हाई बीम असिस्ट शामिल है। इसमें 90 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक के साथ फ्रंट एक्सेल माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर (245 पीएस/350 एनएम) दी गई है। इसकी सर्टिफाइड रेंज 548 किलोमीटर है।
यह भी पढ़ें : अगस्त 2025 में लॉन्च या शोकेस होंगी ये नई कार, देखिए पूरी लिस्ट
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ आरईवीएक्स वेरिएंट

कीमत : 8.94 लाख रुपये से 12.99 लाख रुपये
महिंद्रा ने एक्सयूवी 3एक्सओ के मौजूदा लाइनअप के अलावा तीन नए मिड-वेरिएंट आरईवीएक्स एम, आरईवीएक्स एम (ओ) और आरईवीएक्स ए लॉन्च किए हैं। आरईवीएक्स एम और आरईवीएक्स एम (ओ) में टर्बो पेट्रोल इंजन (112 पीएस), एलईडी लाइटिंग, 6 एयरबैग्स, और ब्लैक लेदरेट अपहोल्स्ट्री दी गई है, जबकि एम (ओ) वेरिएंट में सिंगल-पेन सनरूफ दिया गया है और इसकी एंट्री प्राइस 10,000 रुपये कम हो गई है। आरईवीएक्स ए वेरिएंट में ज्यादा पावरफुल टीजीडीआई पेट्रोल इंजन (130 पीएस) के साथ मैनुअल और ऑटोमेटिक गियरबॉक्स ऑप्शन दिए गए हैं। इसमें डुअल 10.25-इंच डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग, क्रूज कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ और डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल फीचर दिए गए हैं। महिंद्रा ने 3एक्सओ रेंज में सनरूफ और 130पीएस इंजन दोनों को 37,000 रुपये तक किफायती बना दिया है।
महिंद्रा बीई 6 और एक्सईवी 9ई पैक 2 79केडब्ल्यूएच बैटरी पैक ऑप्शन
बीई 6 पैक 2 75 केडब्ल्यूएच कीमत : 23.50 लाख रुपये
एक्सईवी 9ई पैक 2 75केडब्ल्यूएच कीमत : 26.50 लाख रुपये

महिंद्रा ने एक्सईवी 9ई और बीई6 के मिड-वेरिएंट पैक टू में बड़ा 79 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक ऑप्शन शामिल किया गया है। इसकी कीमत 59केडब्ल्यूएच बैटरी पैक ऑप्शन के मुकाबले 1.6 लाख रुपये ज्यादा रखी गई है। एक्सईवी 9ई और बीई 6 के 79केडब्ल्यूएच बैटरी पैक वेरिएंट की शुरूआती कीमत क्रमशः 26.50 लाख रुपये और 23.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो गई है। महिंदा एक्सईवी 9ई और बीई 6 का बड़ा बैटरी पैक वेरिएंट पैक थ्री वेरिएंट के मुकाबले क्रमशः 4 लाख रुपये और 3.4 लाख रुपये ज्यादा सस्ता हो गया है। इसकी फीचर लिस्ट में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
हुंडई ऑरा एस एएमटी
कीमत : 8.08 लाख रुपये

जुलाई 2025 में हुंडई ने ऑरा सबकॉम्पेक्ट सेडान का नया एस एएमटी वेरिएंट लॉन्च किया , जिससे एएमटी ऑप्शन पहले उपलब्ध एसएक्स प्लस एएमटी वेरिएंट की तुलना में 87,000 रुपये ज्यादा सस्ता हो गया है। ऑरा में 5-स्पीड एएमटी का ऑप्शन एस और एसएक्स प्लस वेरिएंट में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन (83 पीएस/114 एनएम) के साथ दिया गया है। ऑरा एस एएमटी वेरिएंट में एस मैनुअल वाले ही फीचर दिए गए हैं जिनमें रियर वेंट्स के साथ मैनुअल एसी, एमआईडी के साथ एनालॉग डायलस, फुटवेल लाइटिंग और रियर सेंटर आर्मरेस्ट शामिल है। सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग्स, ईएससी, हिल स्टार्ट असिस्ट, टीपीएमएस और आइएसओफिक्स माउंट दिए गए हैं।
जीप कंपास और मेरिडियन ट्रेल एडिशन
कंपास ट्रेल एडिशन कीमत : 25.41 लाख रुपये से 27.41 लाख रुपये
मेरिडियन ट्रेल एडिशन : 31.27 लाख रुपये से 37.27 लाख रुपये


जीप ने कंपास और मेरिडियन का नया ट्रेल एडिशन लॉन्च किया है जिसमें कई हल्के फुल्के कॉस्मेटिक अपडेट दिए गए हैं। लॉन्गिट्यूड (ओ) और लिमिटेड (ओ) वेरिएंट पर बेस्ड ट्रेल एडिशन में सिग्नेचर डेकल्स, ग्रे और ब्लैक एक्सटीरियर एलिमेंट्स, रेड केबिन एक्सेंट और ऑल-वेदर फ्लोर मैट दी गई है। इसमें 2-लीटर डीजल इंजन के साथ एफडब्ल्यूडी स्टैंडर्ड दिया गया है, जबकि मेरिडियन में इस इंजन के साथ एडब्लूडी ड्राइवट्रेन दी गई है। मॉडल अनुसार इनमें पैनोरमिक सनरूफ, 10.1-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस चार्जर, और 6 या 9-स्पीकर साउंड सिस्टम दिया गया है। सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग्स, ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, हिल स्टार्ट असिस्ट और टीपीएमएस जैसे फीचर दिए गए हैं।
बीएमडब्ल्यू 2 सीरीज ग्रां कूपे फेसलिफ्ट
कीमत : 46.90 लाख रुपये से 48.90 लाख रुपये

बीएमडब्ल्यू ने फेसलिफ्ट 2 सीरीज ग्रां को जुलाई 2025 में लॉन्च किया था। यह भारत की सबसे सस्ती सेडान कार है जो दो वेरिएंट : एम स्पोर्ट और एम स्पोर्ट प्रो में आती है। प्री-फेसलिफ्ट मॉडल के मुकाबले इसमें 1.5-लीटर 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन (156 पीएस/230 एनएम) दिया गया है जिसके साथ 7-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन का ऑप्शन मिलता है। एक्सटीरियर पर इसमें इल्युमिनेटेड किडनी ग्रिल, फ्रेमलेस डोर, 18-इंच अलॉय व्हील्स और रैपअराउंड एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं। यह गाड़ी चार वेरिएंट में आती है। केबिन के अंदर इसमें कर्व्ड डुअल-स्क्रीन लेआउट (10.7-इंच टचस्क्रीन और 10.24-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले), एम्बिएंट लाइटिंग और डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल दिया गया है। इसमें 12-स्पीकर हार्मन कार्डन ऑडियो सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, डिजिटल की और इंटीरियर कैमरा भी दिया गया है। सेफ्टी के लिए कई एयरबैग्स, ईएससी, टीपीएमएस, डैशकैम और एडीएएस दिया गया है।
रेंज रोवर वेलार ऑटोबायोग्राफी
कीमत : 89.90 लाख रुपये

लैंड रोवर ने रेंज रोवर वेलार का नया टॉप वेरिएंट ऑटोबायोग्राफी लॉन्च किया है जिसकी कीमत 89.90 लाख रुपये रखी गई है। यह इकलौता वेरिएंट है जिसमें पेट्रोल और डीजल इंजन दिए गए हैं जो क्रमशः 250 पीएस और 204 पीएस की पावर जनरेट करते हैं। इन दोनों इंजन के साथ माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी, 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील-ड्राइवट्रेन दी गई है। एक्सटीरियर पर इसमें हल्के-फुल्के कॉपर एक्सेंट और बड़े 20-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। केबिन के अंदर इसमें एक्सटेंडेड लेदर पैक, स्यूड हेडलाइनर और मेरिडियन सराउंड साउंड सिस्टम दिया गया है। इसमें पावर्ड, वेंटिलेटेड, मसाज फ्रंट सीटें और इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल रियर सीटें दी गई हैं।
सभी कीमतें एक्स-शोरूम पैन इंडिया के अनुसार हैं।
आपको इनमें से कौनसी गाड़ी की लॉन्चिंग सबसे ज्यादा रोमांचक लगी? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं।














