रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट में क्या कुछ मिलता है खास, इन 25 तस्वीरों के जरिए डालिए एक नजर
2025 रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट एमपीवी में नई ग्लॉस ब्लैक ग्रिल, स्टाइलिश व्हील्स, अपडेटेड एलईडी लाइटिंग एलिमेंट और तीन नए कलर ऑप्शन दिए गए हैं
- Write a कमेंट
2025 रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट एमपीवी में नई ग्लॉस ब्लैक ग्रिल, स्टाइलिश व्हील्स, अपडेटेड एलईडी लाइटिंग एलिमेंट और तीन नए कलर ऑप्शन दिए गए हैं

रेनो इंडिया ने 2025 ट्राइबर फेसलिफ्ट को भारत में लॉन्च कर दिया है। इस गाड़ी की कीमत 6.29 लाख रुपये (इंट्रोडक्ट्री, एक्स-शोरूम, पैन इंडिया) रखी गई है। इस क्रॉसओवर एमपीवी कार में कई कई नए डिजाइन अपडेट दिए गए हैं, साथ ही इसमें नए फीचर और तीन नए कलर ऑप्शन : शैडो ग्रे, अंबर टेराकोटा और जांस्कर ब्लू भी शामिल किए गए हैं।
नई रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट कार चार वेरिएंट : ऑथेंटिक, इवॉल्यूशन, टेक्नो और इमोशन में आती है। इसमें प्री-फेसलिफ्ट वर्जन वाले इंजन ऑप्शन दिए गए हैं। 2025 रेनो ट्राइबर में क्या कुछ मिलता है खास, तस्वीरों के जरिए डालिए एक नजर :-
आगे की डिजाइन


2025 रेनो ट्राइबर लुक्स में प्री-फेसलिफ्ट मॉडल से ज्यादा मॉडर्न और दमदार लगती है। इसमें नया 2डी रेनो लोगो दिया गया है, जो भारत में रेनो कि किसी कार में पहली बार मिल रहा है। आगे की तरफ इसमें वर्टिक्ल स्लेट्स के साथ ग्लॉस ब्लैक ग्रिल दी गई है।


इसमें स्लीक डिजाइन वाले एलईडी हेडलैंप्स के साथ आइब्रो शेप्ड एलईडी डीआरएल्स दी गई है। इसमें फॉग लैंप्स को स्पोर्टी बंपर के नीचे की तरफ पोजिशन किया गया है जिससे इसे दमदार लुक मिलता है।


आगे वाले बंपर पर इसमें रग्ड लुक के लिए चौड़ा एयर डैम और सिल्वर सराउंड दिया गया है।
साइड



साइड प्रोफाइल पर गौर करें तो इसका लुक प्री-फेसलिफ्ट मॉडल जैसा लगता है। इसमें ब्लैक रूफ के साथ रूफ रेल्स दी गई हैं।
इसमें आउटसाइड रियर व्यू मिरर (ओआरवीएम्स) और डोर हैंडल्स पर ब्लैक फिनिश दी गई है। राइडिंग के लिए इसमें डुअल-टोन स्टाइलिश कवर के साथ 15-इंच स्टील व्हील्स दिए गए हैं।
पीछे की डिजाइन


2025 रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट के पीछे की डिजाइन भी एकदम नई है। पीछे की तरफ इसमें नया रेनो लोगो और टेलगेट के सेंटर पर चौड़ा 'ट्राइबर' बैज दिया गया है जिस पर ब्रश्ड एल्युमिनियम फिनिश मिलती है। इस गाड़ी की टेललाइट की डिजाइन काफी शार्प है और इसे ग्लॉस ब्लैक स्ट्रिप से कनेक्ट किया गया है, जिससे इसे ज्यादा मॉडर्न लुक मिलता है। इसका रियर बंपर ब्लैक क्लैडिंग के साथ काफी बोल्ड लगता है और इस पर नीचे की तरफ सिल्वर स्किड प्लेट दी गई है।

इंटीरियर


केबिन के अंदर इसमें लाइट बेज और ब्लैक कलर थीम दी गई है। ट्राइबर फेसलिफ्ट कार 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ 3-रो सीटिंग लेआउट में आती है जिसे 5 या 6-सीटर लेआउट में एडजस्ट भी किया जा सकता है। इसमें सीटों पर डुअल-टोन फैब्रिक अपहोल्स्ट्री दी गई है।


पुराने मॉडल के मुकाबले इसका डैशबोर्ड एकदम नया है। अब इसमें लेयर्ड डैशबोर्ड डिजाइन के साथ सेंटर पर फॉक्स वुडन ट्रिम मिलती है। केबिन का सबसे हाइलाइट एलिमेंट नया फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट डिस्प्ले है जो ट्राइबर को मॉडर्न लुक देता है। इस गाड़ी में डैशबोर्ड के दोनों कॉर्नर पर दो एसी वेंट्स दिए गए हैं और बाकी दो वेंट्स को इसमें डिस्प्ले के नीचे पोजिशन किया गया है।

एसी वेंट्स के नीचे की तरफ इसमें कंट्रोल्स के लिए फिजिकल बटन दिए गए हैं और इसके नीचे डेडिक्टेड एसी कंट्रोल्स के लिए तीन रोटरी डायल्स दिए गए हैं। इन डायल्स पर क्रोम सराउंड दिया गया है जिससे इसे प्रीमियम फील मिलती है। सेंटर कंसोल में डायल्स के नीचे की तरफ थोड़ी बहुत स्टोरेज स्पेस, चार्जिंग के लिए यूएसबी पोर्ट और पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप दिया गया है।

इसमें वायरलेस फोन चार्जर को गियर सिलेक्टर के आगे की तरफ पोजिशन किया गया है।


इस गाड़ी में 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील पर सिल्वर इंसर्ट दिए गए हैं और इसमें ऑडियो और कॉलिंग के लिए कंट्रोल्स भी मिलते हैं।
फीचर और सेफ्टी

2025 रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट कार में फ्लोटिंग 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, 7-इंच सेमी-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, दूसरी और तीसरी रो में रियर वेंट्स के साथ मैनुअल एसी, वायरलेस फोन चार्जर, पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप के साथ रिमोट कीलेस एंट्री, 6-स्पीकर साउंड सिस्टम और क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर दिए गए हैं।

सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग (स्टैंडर्ड), फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, रेन-सेंसिंग वाइपर, एबीएस के साथ ईबीडी, हिल स्टार्ट असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ईएससी), ऑटो-हेडलैंप, रियर डिफॉगर, रियर पार्किंग कैमरा, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर दिए गए हैं।
इंजन व ट्रांसमिशन ऑप्शन

फेसलिफ्ट रेनो ट्राइबर कार में प्री-फेसलिफ्ट मॉडल वाला 1-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, साथ ही इसमें ऑप्शनल डीलरशिप-रेट्रोफिटेड सीएनजी किट भी दी गई है। यहां देखें इसके स्पेसिफिकेशन :-
| इंजन |
1-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन |
| ट्रांसमिशन |
5-स्पीड एमटी / 5-स्पीड एएमटी* |
| पावर |
72 पीएस |
| टॉर्क |
96 एनएम |
*एमटी - मैनुअल ट्रांसमिशन, एएमटी - ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि 2025 रेनो ट्राइबर में मैनुअल गियरबॉक्स सभी वेरिएंट के साथ स्टैंडर्ड दिया गया है, जबकि 52,000 रुपये अतिरिक्त प्राइस पर एएमटी गियरबॉक्स का ऑप्शन केवल टॉप वेरिएंट में दिया गया है।
कीमत और मुकाबला

रेनो ट्राइबर की कीमत 6.29 लाख रुपये से 9.16 लाख रुपये (इंट्रोडक्ट्री एक्स-शोरूम पैन-इंडिया) के बीच है। रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट का सीधा मुकाबला किसी से नहीं है, लेकिन यह गाड़ी मारुति अर्टिगा, मारुति एक्सएल6, किआ कैरेंस और किआ कैरेंस क्लाविस के मुकाबले ज्यादा सस्ता ऑप्शन है।














