ऑडी लाई पेट्रोल इंजन वाली क्यू3, कीमत 32.2 लाख रूपए
यह पहली क्यू मॉडल वाली कार है जिसमें पेट्रोल इंजन का विकल्प दिया गया है
- Write a कमेंट

जर्मन लग्ज़री कार कंपनी ऑडी ने क्यू3 एसयूवी का पेट्रोल वर्जन लॉन्च किया है, इसकी कीमत 32.2 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। भारत में यह ऑडी का इस साल का चौथा लॉन्च है, इससे पहले कंपनी ने यहां ए4 डीज़ल, ए3 कैब्रियोलेट का अपडेट वर्जन और नई क्यू3 एसयूवी (डीज़ल) को लॉन्च किया था।

क्यू3 के पेट्रोल वर्जन में हाल ही में आई ए3 कैब्रियोलेट वाला 1.4 लीटर का टीएफएसआई इंजन दिया गया है, यह इंजन 150 पीएस की पावर और 250 एनएम का टॉर्क देता है। इस में नया 6-स्पीड एस ट्रॉनिक गियरबॉक्स दिया गया है, जो अगले पहियों पर पावर सप्लाई करता है। 100 की रफ्तार पाने में इसे 8.9 सेकंड का समय लगता है। इसके माइलेज का दावा 16.9 किमी प्रति लीटर का है।

क्यू3 में एलईडी हैडलाइट्स के साथ एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइटें, 17 इंच के अलॉय व्हील और पैनारोमिक सनरूफ दी गई है। केबिन में लैदर/लैदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, एलईडी इंटीरियर लाइटिंग, ड्यूल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल एसी, हिल स्टार्ट/हिल डिसेंट असिस्ट, कलर्ड ड्राइवर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले, वॉइस रिकग्निशन, क्रूज़ कंट्रोल और छह एयरबैग दिए गए हैं।

क्यू3 रेंज में आया यह वर्जन सबसे अफोर्डेबल है, क्यू3 के दूसरे वेरिएंट 2.0 टीडीआई फ्रंट व्हील ड्राइव की कीमत 34.2 लाख रूपए और 2.0 टीडीआई क्वाट्रो की कीमत 37.2 लाख रूपए है। भारत में ऑडी की अगली नई पेशकश अपडेट ए3 सेडान होगी, जिसे 6 अप्रैल को लॉन्च किया जाएगा।














