महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी टेस्टिंग के दौरान आई नजर, जानिए रेगुलर कार से कितनी है अलग
एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी का डिजाइन आईसीई मॉडल जैसा होगा, जबकि बैटरी पैक एक्सयूवी400 ईवी वाला मिल सकता है
- Write a कमेंट

महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ को भारत में 2024 की शुरूआत में महिन्द्रा एक्सयूवी300 के फेसलिफ्ट वर्जन के तौर पर लॉन्च किया गया था। अब 3एक्सओ को कॉपर-कलर बैजिंग (महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार की पहचान) और फ्रंट फेंडर पर चार्जिंग पोर्ट के साथ देखा गया है, जिससे यह अनुमान लगाए जा रहे हैं कि यह महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी होगी। टेस्टिंग के दौरान दिखी इलेक्ट्रिक गाड़ी में क्या कुछ खास दिया गया है, जानेंगे आगे:
क्या आया नजर?

टेस्टिंग के दौरान दिखी महिन्द्रा इलेक्ट्रिक कार को आगे और पीछे से कवर से ढ़का हुआ था, हालांकि जहां पर कवर नहीं ढ़का था वहां से यह आईसीई पावर्ड एक्सयूवी3एक्सओ जैसी नजर आ रही है। लेकिन ईवी वर्जन में कुछ ईवी-स्पेसिफिक डिजाइन एलिमेंट्स जैसे ब्लैंक ग्रिल पैनल, और कॉपर-कलर बैजिंग दी गई है। इसमें कॉपर-कलर रूफ भी नजर आई है।
टेस्टिंग के दौरान दिखे मॉडल में फ्रंट फेंडर पर चार्जिंग पोर्ट दिया गया है, जबकि अलॉय व्हील का डिजाइन आईसीई वर्जन जैसा ही है। पीछे की तरफ इसमें कनेक्टेड एलईडी लाइट सेटअप भी दिया गया है। इसका बाकी का डिजाइन आईसीई पावर्ड एक्सयूवी 3एक्सओ जैसा ही है।

अपकमिंग महिंद्रा कार के केबिन की भी झलक हमें मिली है, जो एक्सयूवी 3एक्सओ जैसा है। इसमें ड्यूल-टोन व्हाइट और ब्लैक केबिन थीम, फ्री-स्टेंडिंग टचस्क्रीन, और व्हाइट सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है।
संभावित फीचर

जैसा कि हमनें ऊपर बताया एक्सयूवी 3एक्सओ का केबिन आईसीई वर्जन जैसा ही है, ऐसे में इसमें 10.25-इंच टचस्क्रीन, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और ड्यूल-जोन ऑटो एसी जैसे फीचर मिल सकते हैं। इसमें वायरलेस फोन चार्जर और पैनोरमिक सनरूफ भी दिया जा सकता है।
महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी में आईसीई पावर्ड मॉडल वाले सेफ्टी फीचर दिए जा सकते हैं, जिनमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ईएसपी), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस), हिल होल्ड असिस्ट, और रियर पार्किंग कैमरा जैसे फीचर मिल सकते हैं। इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) भी दिया जा सकता है, जिसके तहत लेन कीप असिस्ट और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फंक्शन मिलेंगे।
संभावित बैटरी पैक, मोटर और रेंज
एक्सयूवी300 (प्री-फेसलिफ्ट 3एक्सओ) पर बेस्ड महिंद्रा एक्सयूवी400 ईवी में दो बैटरी पैक: 34.5 केडब्ल्यूएच और 39.5 केडब्ल्यूएच का विकल्प दिया गया है। दोनों बैटरी पैक के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जिसक पावर आउटपुट 150 पीएस और 310 एनएम है। इसकी फुल चार्ज में सर्टिफाइड रेंज 456 किलोमीटर तक है। महिन्द्रा एक्सयूवी 3एक्सओ इलेक्ट्रिक कार में भी यही बैटरी पैक और मोटर दी जा सकती है और इसकी रेंज भी इतनी ही हो सकती है।
संभावित प्राइस और कंपेरिजन

महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ की कीमत 7.79 लाख रुपये से 15.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है, और हमारा मानना है कि महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी की प्राइस इससे ज्यादा हो सकती है। इसका मुकाबला टाटा नेक्सन ईवी से रहेगा, जबकि इसे टाटा कर्व ईवी और एमजी जेडएस ईवी से सस्ती इलेक्ट्रिक कार के तौर पर भी चुना जा सकेगा।
यह भी देखें: महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ऑन रोड प्राइस














