फुल चार्ज होने पर 312 किलोमीटर की दूरी तय करेगी टाटा नेक्सन ईवी
टाटा नेक्सन ईवी (Tata Nexon EV) को फरवरी 2020 में लॉन्च किया जाएगा। इसकी प्राइस 15 लाख से 17 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
- Write a कमेंट

टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने पिछले साल दिसंबर में नेक्सन ईवी (Nexon EV) के प्रोडक्शन मॉडल से पर्दा उठाया था। अब एआरएआई ने दावा किया है कि यह सब-कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार 312 किलोमीटर की रेंज तय करने में सक्षम होगी। भारत में इसे फरवरी 2020 में लॉन्च किया जाएगा।
नेक्सन ईवी में टाटा ज़िप्ट्रोन ईवी पॉवरट्रेन टेक्नोलॉजी के साथ 30.2 किलोवॉट आवर लिथियम बैटरी पैक का प्रयोग किया गया है। नेक्सन ईवी में लगी इलेक्ट्रिक मोटर फ्रंट व्हील पर पावर सप्लाई करती है। इसकी पावर 129 पीएस और टॉर्क 245 एनएम है। कंपनी का दावा है कि यह अपकमिंग इलेक्ट्रिक कार 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार को महज 4.6 सेकंड में पा लेगी। वहीं, 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 10 सेकंड के अंदर पकड़ लेती है। यह ईवी दो ड्राइव मोड 'ड्राइव' और 'स्पोर्ट' के साथ आएगी।
यह भी पढ़ें : ऑटो एक्सपो 2020: टाटा के पवेलियन में नजर आएंगी ये चार नई कारें

टाटा नेक्सन ईवी को रेगुलर 15ए वॉल सॉकेट के जरिए भी चार्ज किया जा सकता है। हालांकि, इस चार्जर से यह 8 घंटे में 0 से 80% तक चार्ज हो सकती है। वहीं, सीसीएस2 फास्ट चार्जर से यह कार 60 मिनट में 0-80% तक चार्ज हो जाएगी। 80% चार्ज होने के बाद यह कार 250 किमी तक का सफर तय कर लेगी।
यह भी पढ़ें : इस मामले में टाटा नेक्सन ईवी जैसी है नेक्सन फेसलिफ्ट, टेस्टिंग के दौरान आई नजर
कंपनी नेक्सन ईवी के बैटरी पैक के साथ 8 साल या 1.6 लाख किमी तक की वारंटी भी दे रही है। बता दें, इसमें लगी बैटरी पैक को डस्ट और वॉटरप्रूफिंग के लिए आईपी67 रेटिंग मिल चुकी है। कंपनी ने इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक व्हीकल की कीमत का खुलासा नहीं किया है। अनुमान है कि टाटा नेक्सन ईवी की प्राइस (Tata Nexon EV price) 15 लाख रुपए से 17 लाख रुपए के बीच हो सकती है।
यह भी पढ़ें: क्या हुंडई कोना इलेक्ट्रिक से सस्ती होगी एमजी जेडएस ईवी, लॉन्च से पहले जानिए इसके दाम!














