2025 रेनो ट्राइबर में पहली बार दिए गए हैं ये 5 नए फीचर, जानिए क्या है इनकी खासियत
इन नए फीचर के जुड़ने से ट्राइबर एमपीवी पहले से ज्यादा बेहतर हो गई है
- Write a कमेंट

रेना ट्राइबर को हाल ही में नया फेसलिफ्ट अपडेट मिला है और अब ये सब-4 मीटर एमपीवी कार ज्यादा प्रीमियम डिजाइन और नए स्टाइलिश केबिन के साथ आती है। रेनो ने नई ट्राइबर में कुछ नए फीचर भी जोड़े हैं, जिससे यह पहले से ज्यादा बेहतर हो गई है। यहां हम ट्राइबर कार में पहली बार दिए गए 5 नए फीचर के बारे में जानेंगे:
6 एयरबैग स्टैंडर्ड

हमारे अनुसार, सबसे बड़े फीचर अपडेट में छह एयरबैग स्टैंडर्ड करना है। पहले इस सब-4 मीटर एमपीवी में 4 एयरबैग मिलते थे। हमें उम्मीद है कि अतिरिक्त एयरबैग से ट्राइबर ज्यादा सुरक्षित होगी, क्योंकि 2024 में ग्लोबल एनकैप ने साउथ अफ्रीका में बिकने वाली प्री-फेसलिफ्ट ट्राइबर का क्रैश टेस्ट किया था, जिसमें इसे केवल 2-स्टार मिले थे।
ऑटो एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट

आज के समय की मांग को देखते हुए रेनो ट्राइबर अब एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट के साथ आने लगी है। यह पिछले मॉडल के हेलोजन प्रोजेक्टर यूनिट से अच्छी रोशनी देती है। नए मॉडल में ऑटो फंक्शनैलिटी भी मिलती है जो ड्राइवर के लिए थोड़ी सुविधाजनक है।
रेन सेंसिंग वाइपर

ड्राइवर की सुविधा बढ़ाने वाला एक और फीचर रेन-सेंसिंग वाइपर है। जैसा कि इसके नाम से पता चलता है, जब विंडशिल्ड को पानी की बूंद का पता चलता है तो वाइपर अपने आप चालू हो जाता है, और बारिश के हिसाब से इसकी स्पीड एडजस्ट हो सकती है। जब विंडशिल्ड से पानी साफ हो जाता है तो वाइपर अपने आप बंद हो जाते हैं।
क्रूज कंट्रोल

नई रेनो ट्राइबर में अब क्रूज कंट्रोल मिलता है, जिससे हाईवे पर ड्राइविंग और भी ज्यादा आरामदायक हो जाती है। यह फीचर आपको थ्रॉटल पेडल पर पैर रखे बिना गाड़ी पूर्व में निर्धारित स्पीड पर चलाने की अनुमति देता है। जब आप ब्रेक लगाते हैं तो यह सिस्टम अपने आप बंद हो जाता है।
आगे पार्किंग सेंसर

2025 रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट अब आगे पार्किंग सेंसर के साथ आती है, जो अल्ट्रासोनिक सेंसर का इस्तेमाल करके आपको गाड़ी के सामने किसी भी चीज की दूरी की जानकारी देता है। यह फीचर खासतौर पर तब काम आएगा जब आप कार को तंग पार्किंग स्पेस में पार्क करेंगे या संकरी गलियों में चलाएंगे।
रेनो ने ट्राइबर 2025 मॉडल में ये 5 नए फीचर जोड़े हैं। आपको इनमें से कौनसा फीचर उपयोगी लगा? हमें नीचे कमेंट में बताएं।














