बेंटले लाई अब तक की सबसे पावरफुल कॉन्टिनेंटल
पावर और फुर्ती के मामले में ये लैम्बोर्गिनी और फेरारी के कुछ मॉडलों को पीछे छोड़ने की काबिलियत रखती है
- Write a कमेंट

ब्रिटिश लग्ज़री कार कंपनी बेंटले, कॉन्टिनेंटल सीरीज़ में अब तक की सबसे पावरफुल कार लेकर आई है। बेंटल की इस पेशकश का नाम कॉन्टिनेंटल सुपरस्पोर्ट्स है। यह दो दरवाजों और चार सीटों वाला मॉडल है, जो कूपे और कन्वर्टेबल दोनों अवतार में मिलेगा। ।

पावर स्पेसिफिकेशन की बात करें तो कॉन्टिनेंटल सुपरस्पोर्ट्स में नया 6.0 लीटर का ट्विन-टर्बो डब्ल्यू12 इंजन लगा है, यह 710 पीएस की पावर और 1,017 एनएम का टॉर्क देता है। 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पाने में इसके कूपे वर्जन को 3.5 सेकंड लगते हैं, जबकि कन्वर्टेबल अवतार 3.9 सेकंड में यह रफ्तार पा लेता है। कूपे अवतार की टॉप स्पीड 336 किमी प्रति घंटा है, जबकि कन्वर्टेबल की टॉप स्पीड 330 किमी प्रति घंटा है। इसका वजन करीब 2.4 टन है।

कॉन्टिनेंटल सुपरस्पोर्ट्स को नए डिजायन, ज्यादा क्षमता वाले टर्बोचार्जर और नया चार्ज एयर एयरकूलिंग सिस्टम दिया गया है। इसमें नया टॉर्क कंवर्टर सिस्टम लगा है जो पावर को सही तरीके से डिलिवर करने में मदद करता है। वजन के मामले में यह दूसरी परफॉर्मेंस कारों से काफी भारी है, लेकिन मौजूदा कॉन्टिनेंटल जीटी और 2009 में आई 4-सीटर सुपरस्पोर्ट मॉडल से यह काफी हल्की है।

पावर सप्लाई के लिए इसमें ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम लगा है, जो 60 फीसदी पावर पिछले पहियों को सप्लाई करता है। बेंटले का दावा है कि पहले के मुकाबले हल्की होने के बावजूद इसके कंफर्ट और स्पोर्टी राइडिंग में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है।

अब बात करते हैं इसके डिजायन की... इसमें कॉन्टिनेंटल सीरीज के दूसरे वेरिएंट की झलक बरकरार रखी गई है। हालांकि इस में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। इस में आगे और पिछले बंपर पर क्रमशः कार्बन-फाइबर स्प्लिटर और डिफ्यूजर का इस्तेमाल हुआ है। इसमें नए साइड सिल एक्सटेंशन दिए गए हैं और बोनट वेंट्स में कार्बन-फाइबर का इस्तेमाल हुआ है। इसके आगे वाले विंग वेंट और पिछले लगे एग्जॉस्ट पाइप पर भी ग्लॉसी ब्लैक कलर का इस्तेमाल हुआ है। यही ट्रीटमेंट हैडलैंप्स और टेललैंप्स पर भी दिया गया है। आगे वाली ग्रिल ब्लैक कलर में है, जबकि लाइट, पिछले बंपर, डोर हैंडल और विंडो के चारों ओर भी ब्लैक फिनिशिंग दी गई है।
कुछ फीचर ग्राहक अपने मन-मुताबिक भी चुन सकते हैं, इन में रियर स्पॉइलर, कूपे के लिए फ्रंट स्प्लिटर कॉम्बिनेशन, नई सुपरस्पोर्ट्स बैजिंग, 21 इंच के ब्लैक फिनिशिंग वाले नए अलॉय व्हील और साइड डिकेल्स जैसे शामिल हैं।

अब आते हैं केबिन की तरफ... बेंटले ने केबिन को भी कुछ अलग हटकर बनाने की कोशिश की है। मौजूदा कॉन्टिनेंटल जीटी की तरह इसका केबिन भी ट्राइ-टोन यानी यहां आपको तीन तरह के कलर कॉम्बिनेशन मिलेंगे। सीटों पर डायमंड क्वालिटी वाली फिनिशिंग और डोर पैनल पर अलकैंट्रा मैटिरियल दिया गया है। इसमें नया स्टीयरिंग व्हील और गियर लीवर भी नए डिजायन में हैं और इन में भी अलकैंट्रा मैटेरियल का इस्तेमाल हुआ है।

ग्राहक चाहे तो वह ‘एक्स स्पेसिफिकेशन’ पैक भी चुन सकता है। इसमें आठ तरह के ड्यूल-टोन पेंट ट्रीटमेंट, कार्बन-फाइबर डोर मिरर और हील प्लेट्स, टाइटेनियम एग्जॉस्ट, इंटीरियर साइड पैनल में कार्बन-फाइबर फिनिशिंग, कार्बन-फाइबर इंजन कवर और 21 इंच के ग्लॉसी ब्लैक अलॉय व्हील मिलेंगे।














