किया मोटर्स ने साझा की आफ्टर-सेल्स नेटवर्क से जुड़ी जानकारी
किया मोटर्स ने अब तक देश के 160 शहरों में कुल 192 सर्विस सेंटर खोले हैं। कंपनी सबसे पहले यहां सेल्टोस एसयूवी को लॉन्च करेगी।
- Write a कमेंट

किया मोटर्स जल्द ही भारत के कार बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाली है। कंपनी यहां सबसे पहले सेल्टोस एसयूवी को उतारेगी, भारत में इसे 22 अगस्त 2019 को लॉन्च किया जाएगा। कार के प्रति ग्राहकों का रूझान इतना ज्यादा है कि इसे पहले ही दिन 6000 से ज्यादा बुकिंग मिली थी। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि लॉन्च के वक्त तक इसे अच्छी-खासी बुकिंग मिल जाएगी। कंपनी ने अब अपने ऑफ्टर-सेल्स सर्विस सेंटर की जानकारी साझा की है।

कंपनी ने देश के 160 शहरों में अब तक 192 सर्विस सेंटर खोले हैं। इन सर्विस सेंटर पर कार के पार्ट्स पहुंचाने के लिए कंपनी ने चार पार्ट्स डिस्पेच सेंटर भी खोले हैं, जो दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, चेन्नई और नई मुंबई में स्थित हैं। ग्राहकों के लिए सर्विस प्रक्रिया को आसान बनाने और सर्विस को ट्रेक करने के लिए कंपनी काफी कुछ कर रही है। कंपनी किया लिंक एप की पेश करेगी, जिसकी मदद से ग्राहक सर्विस और रिपेयर को सेड्यूल कर सकेंगे।
सर्विस प्रोसेस को साफ-सुथरा और पेपरलैस बनाने के लिए कंपनी इस पूरी प्रोसेस में इंटरनेट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी। एप पर किया के ग्राहकों को समय-समय पर उनकी कार के सर्विस की जानकारी मिलती रहेगी। ग्राहक एप पर अपने नजदीकी डीलरशिप का चयन कर सर्विस अपॉइंटमेंट को सेड्यूल कर सकते हैं। इससे ग्राहकों को एक फायदा ये भी होगा कि वे एप के जरिये सर्विस की रियल-टाइम अपडेट पा सकेंगे।
यह भी पढें : डीलरशिप पर पहुंची किया सेल्टोस, 22 अगस्त को होगी लॉन्च














