
सियाज़ के अपडेट मॉडल में सुज़ुकी की माइल्ड हायब्रिड टेक्नोलॉजी से लैस 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है। जैसे ही आप गाड़ी ऑन करते हैं तो एक हल्की सी गड़गड़ाहट के साथ इसका इंजन शुरू हो जाता है। कार को ड्राइव करते समय इसका इंजन काफी शांत रहता है। 
कार में दिया गया नया इंजन 105 पीएस की पावर और 138 एनएम का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। इसका पावर और टॉर्क फिगर पिछले मॉडल वाले 1.4 लीटर इंजन से क्रमश: 12.5 पीएस और 8 एनएम की ज्यादा पावर और टॉर्क जनरेट करता है। 
सियाज़ के पिछले मॉडल की तरह ही नए मॉडल को चलाना काफी आसान है। जैसे ही आप क्लच छोड़ते हैं तो ये कार तुंरत रफ्तार पकड़ने लगती है। इसमें पावर और टॉर्क की कोई कमी महसूस नहीं होती है, जिससे बार-बार गियर बदलने की झंझट से भी छुटकारा मिल जाता है। कुल मिलाकर सिटी ड्राइविंग के लिहाज़ से सियाज़ एक अच्छी कार साबित होती है।

बात की जाए हाईवे की तो यहां भी सियाज़ अच्छा परफॉर्म करती है, मगर जल्दी से आप किसी दूसरे व्हीकल को ओवरटेक नहीं कर सकते हैं। वरना और सिटी जैसी कारों में भी यह समस्या सामने आती है।

यदि आप सियाज़ पेट्रोल लेना चाहते हैं तो इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन दिया गया है। हम आपको मैनुअल गियरबॉक्स वाला वेरिएंट लेने की सलाह देंगे क्योंकि सियाज़ की परफॉर्मेंस ही इतनी अच्छी है कि इसमें बार बार गियर चेंज करने की जरूरत ही नहीं पड़ती है। इसके अलावा इसका गियर एक्शन भी काफी स्मूद है और क्लच भी काफी हल्का है। ऑटोमैटिक गियरबॉक्स होने से ड्राइवर को थोड़ी राहत जरूर मिलती है, मगर 2000 आरपीएम पर इसके ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिलता है।

क्या होती है एसएचवीएस टेक्नोलॉजी

सुज़ुकी ने अपनी माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी को पहली बार मारुति की इस पेट्रोल कार में पेश किया था। साथ ही कंपनी ने इसमें लिथियम आयन बैटरी भी दी है। स्टार्टर जनरेटर से लैस यह सिस्टम व्हीकल के न्यूट्रल होने पर इंजन को बंद कर देता है और दोबारा क्लच लगाते ही गाड़ी स्टार्ट हो जाती है। जैसा की हमने एस-क्रॉस में भी देखा था, इस सिस्टम के ज़रिए कार में फ्यूल की अच्छी खासी बचत होती है। कंपनी ने मारुति सुज़ुकी सियाज़ को लेकर 21.56 किलोमीटर प्रति लीटर माइलेज का दावा किया है। मगर, हमारे द्वारा किए गए टेस्ट में हमें इसके ऑटोमैटिक वेरिएंट से 16.5 किलोमीटर लीटर का माइलेज प्राप्त हुआ, वहीं मैनुअल वेरिएंट से 18.5 किलोमीटर लीटर का माइलेज मिला। 
राइड और हैंडलिंग
राइड क्वालिटी की बात करें तो सियाज़ चलाने में काफी आरामदायक है। इसके सस्पेंशन की ट्यूनिंग बदल दी गई है और इन्हें पहले से थोड़ा सॉफ्ट कर दिया गया है। बदहाल सड़कों पर भी इस कार का केबिन स्थिर रहता है। हाईवे पर तेज रफ्तार में भी यह कार स्थिर रहती है। हालांकि कार को 100 से ऊपर की स्पीड पर चलाते वक्त पीछे बैठने वाले पैसेंजर थोड़ा अस्थिर हो जाते हैं। 
सियाज़ की हैंडलिंग भी काफी बेहतर है। सिटी में ड्राइव करते वक्त इसका स्टीयरिंग व्हील काफी हल्का महसूस होता है, वहीं हाईवे पर ये थोड़े भारी लगते हैं।
और देखें