• English
    • लॉगिन / रजिस्टर

    साप्ताहिक आॅटो रिपोर्ट: शुरू हुई महिन्द्रा केयूवी-100 की बुकिंग, फोर्ड की नई एंडेवर 19 जनवरी को होगी लॉन्च और क्रेटा को मिला इंडियन कार ऑफ द ईयर का खिताब

    साल 2015 खत्म होने को है और सबकी नज़रें अब नए साल और जल्द लॉन्च होने वाली कारों पर टिकी हुई हैं।  बीते हफ्ते की बात करें तो फॉक्सवेगन बीटल की लॉन्चिंग के अलावा घरेलू कार बाजार नई लॉन्चिंग से महरूम ही रहा। हालांकि महिन्द्रा ने अपनी माइक्रो एसयूवी केयूवी-100 से जरूर पर्दा हटाया। इसकी बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और 10 हजार रुपए देकर इसे बुक कराया जा सकता है।

    नबील
    नबील
    modified on दिसंबर 28, 2015 11:48 ist
    info icon
    published onDec 28, 2015 11:44 IST
    last updated onDec 28, 2015 11:48 IST
    34 Views
    • Write a कमेंट

    नई कार की बात करें तो फोर्ड तैयार है नई एंडेवर के साथ जो 19 जनवरी को लॉन्च होनी है। वहीं दिल्ली में डीज़ल कारों पर बैन के बाद यूज्ड एसयूवी की मांग में खासा इजाफा हुआ है और यूज्ड कार डीलर्स के लिए यह बैन फायदे का सौदा साबित होता दिख रहा है। दूसरी ओर, हुंडई की क्रेटा, इंडियन कार ऑफ द ईयर-2016 (आईसीओटीवाई) का खिताब अपने नाम करने में सफल रही है। हुंडई को लगातार तीसरी बार यह अवॉर्ड मिला है।

    वहीं नए साल कारों के दाम बढ़ाने वाली कपंनियों की लिस्ट में होंडा भी शुमार हो गई है। होंडा की कारें 16 हजार रूपए तक महंगी होने जा रही हैं। वहीं गूगल प्लेस्टोर ने कारदेखो एप के लिए गिरनार सॉफ्ट को टॉप डेवलपर के स्टेटस से नवाजा है। एक्सक्लूसिव सेक्शन में बात होगी मारूति स्विफ्ट डिजायर डीज़ल के ऑटोमैटिक वेरिएंट की जिसकी टेस्ट ड्राइव कार कैमरे में कैद हुई। वहीं महिन्द्रा के पिकअप फेसलिफ्ट जीनियो की पहली झलक तेलंगाना में देखने को मिली है।

    खबरों के इस पिटारे में और भी काफी कुछ है, सभी खबरे विस्तार से जानने के लिए पढ़ें हमारी साप्ताहिक ऑटो रिपोर्ट…

    महिन्द्रा केयूवी-100 की बुकिंग 10 हजार रूपए से शुरू

    महिन्द्रा की नई कार केयूवी-100 की बुकिंग शुरू हो चुकी हैं। महिन्द्रा डीलरशिप की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक बुकिंग राशि 10 हजार रूपए रखी गई है। कार की डिलीवरी 30 जनवरी 2016 से शुरू होगी। केयूवी-100 की कीमत 4-7 लाख रूपये के बीच रहने की उम्मीद है। इसे 15 जनवरी 2016 को लॉन्च किया जाना है। अधिक पढ़ें

    नए साल में होंडा की कारें 16 हजार रूपए तक होंगी महंगी


    दूसरी कार कंपनियों की तर्ज पर अब होंडा भी नए साल से अपनी कारों के दाम बढ़ाने जा रही है। कंपनी के मुताबिक कारों की कीमतों में 16 हजार रूपए तक की बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी की ओर से कहा गया है कि बढ़ती उत्पादन लागत की वजह से दाम बढ़ाए जा रहे हैं। यह बढ़ी हुई कीमतें जनवरी, 2016 से लागू होंगी। अधिक पढ़ें

    क्रेटा बनी इंडियन कार ऑफ द ईयर-2016

    हुंडई की कॉम्पैक्ट एसयूवी क्रेटा, इंडियन कार ऑफ द ईयर-2016 (आईसीओटीवाई) का खिताब अपने नाम करने में सफल रही है। हुंडई को यह अवाॅर्ड लगातार तीसरी बार मिला है। इससे पहले हुंडई की एलीट आई-20 2015 में और ग्रैंड आई-10 2014 में कार ऑफ द ईयर का अवाॅर्ड जीत चुकी हैं। अधिक पढ़ें

    रिसर्च और डेवलपमेंट: दुनिया की टॉप-50 कंपनियों में शामिल हुई टाटा मोटर्स


    टाटा मोटर्स शोध एवं विकास (आरएंडडी) में निवेश के लिहाज से दुनिया की शीर्ष 50 कंपनियों की सूची में शामिल है। सूची में यह एकमात्र भारतीय कंपनी है। इस सूची में जर्मनी की फॉक्सवैगन शीर्ष पर है। यूरोपीय आयोग द्वारा 2015 के लिए तैयार वार्षिक औद्योगिक आरएंडडी निवेश सूची में फॉक्सवैगन के बाद सैमसंग दूसरे स्थान पर है। अधिक पढ़ें

    डिजायन के मामले में एलीट आई-20, वेंटो और एक्सयूवी-500 हैं बेस्ट

    हुंडई एलीट आई-20, फॉक्सवेगन वेंटो व महिन्द्रा एक्सयूवी-500 अपने सेगमेंट की सबसे अच्छे डिजायन वाली कारें हैं। इन कारों को यह खिताब ऑटोमोबाइल के क्षेत्र की प्रतिष्ठित रिसर्च फर्म जेडी पावर-इंडिया की ओर से मिला है। जेडी पावर-2015 इंडियन ऑटोमोटिव परफॉर्मेंस, एक्जिक्यूशन और ले-आउट (एपीईएएल-अपील) स्टडी में इन कारों को यह खिताब दिया है। अधिक पढ़ें

    गिरनार सॉफ्ट को गूगल प्ले से मिला 'टॉप डेवलपर' का खिताब

    गूगल प्लेस्टोर ने कारदेखो एप के लिए गिरनार सॉफ्ट को 'टॉप डेवलपर' के स्टेटस से नवाजा है। इस नए खिताब के साथ कारदेखो, फेसबुक, उबर और डिज़नी जैसे ब्रांड्स के बराबर में आ खड़ा हुआ है। ऑटोमोबाइल कैटेगरी में गिरनार सॉफ्ट एकमात्र कंपनी है जिसे यह खिताब हासिल हुआ है। अधिक पढ़ें

    गिरनार सॉफ्ट ने किया दृश्य360एस का अधिग्रहण

    कारदेखो, गाड़ी और जिगव्हील्स की पेरेंट कंपनी गिरनार सॉफ्ट ने दृश्य360एस सॉफ्टवेयर कंपनी का अधिग्रहण किया है। इस डील के बाद दृश्य360एस के सभी कर्मचारी गिरनार सॉफ्ट में नियुक्त होंगे। दृश्य360एस फोटोग्राफी, वीडियो प्रोडक्शन, वर्चुअल रियलिटी, वेब डिजायनिंग और होस्टिंग के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी है। अधिक पढ़ें

    एक्सक्लूसिव न्यूज़

    जल्द आएगा स्विफ्ट डिज़ायर का ऑटोमैटिक अवतार, कैमरे में कैद हुई टेस्ट ड्राइव कार

    ऑटोमैटिक कारों की बढ़ती डिमांड को देखते हुए मारूति सुजु़की अपनी कॉम्पैक्ट सेडान डिज़ायर का ऑटोमैटिक वर्जन लॉन्च करने वाली है। ऑटो गियरशिफ्ट वाली डिज़ायर (डीज़ल) की टेस्ट ड्राइव कार कैमरे में कैद हुई है। मारूति की ओर से यह पहली डीज़ल कार होगी, जिसमें ऑटो गियरशिफ्ट का फीचर मिलेगा। अधिक पढ़ें

    चीन में दिखी मिनी कंट्रीमैन की झलक, भारत में भी आनी है यह कार


    मिनी की नेक्सट जनरेशन लग्ज़री हैचबैक कंट्रीमैन की झलक चीन में देखने को मिली है। संभावना है कि यह कार अगले साल के आखिर तक भारत में आ सकती है। डिजायन की बात करें तो नई जनरेशन की कंट्रीमैन रेट्रो-मॉर्डन लुक्स के साथ आएगी। इसे फ्रंट व्हील ड्राइव के साथ उतारा जाएगा। अधिक पढ़ें

    शेवरले निवा की तस्वीरें हुईं लीक, फोर्ड ईकोस्पोर्ट को देगी टक्कर


    शेवरले काफी वक्त से कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में उतरने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी मॉडल पर काम भी कर रही है। इसे निवा नाम दिया गया है। निवा की कुछ तस्वीरें लीक हुई हैं। माना जा रहा है कि यह साल 2017 तक लॉन्च होगी। इसे भारत में भी उतारा जा सकता है। अधिक पढ़ें

    अर्टिगा ड्रेजा की जानकारियां हुईं लीक, इंडोनेशिया में होनी है लॉन्च


    इंडोनेशिया में इन दिनों सुज़ुकी काफी सुर्खियों में है। वजह है यहां जल्द ही लॉन्च होने वाला अर्टिगा का नया वेरिएंट ‘ड्रेजा’। लेकिन लॉन्चिंग से पहले ही इस वेरिएंट की जानकारियां लीक हो गई हैं। सुज़ुकी अर्टिगा को ‘ड्रेजा’ और ‘ड्रेजा-जीएस’ वेरिएंट में उतारेगी। अधिक पढ़ें

    फेसलिफ्ट महिन्द्रा जीनियो की दिखी पहली झलक


    महिन्द्रा  पिक-अप मॉडल जीनियो का फेसलिफ्ट मॉडल लाने की तैयारी में है। इसकी पहली झलक तेलंगाना में देखने को मिली  है। इसे ज़ायलो के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। संभावना है कि नई जीनियो की  बिक्री अगले कुछ हफ्ते में शुरू हो जाएगी। यह मॉडल सिंगल व डबल-कैबिन में उपलब्ध होगा। अधिक पढ़ें

    अपकमिंग कार

    फोर्ड की नई एंडेवर 19 जनवरी को होगी लॉन्च


    फोर्ड की दमदार एसयूवी एंडेवर का नया अवतार 19 जनवरी, 2016 को लॉन्च होगा। इसे 2016-फोर्ड एंडेवर भी कहा जा रहा है।  कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार फोर्ड इंडिया ने देशभर की डीलरशिप पर नई एंडेवर को भेजना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने सर्विस टेक्नीशियनों के लिए ट्रेनिंग सेशंस भी शुरू कर दिए हैं। अधिक पढ़ें

    नए साल में आने वाली कारें, जिनका बेसब्री से है इंतजार


    कार फैंस और बाजार के लिए नया साल काफी खास रहने वाला है। इसकी वजह है फरवरी में आयोजित होने वाला ऑटो एक्सपो। इसमें कंपनियां अपने नए प्रोडक्ट और कॉन्सेप्ट को उतारेंगी। इनमें से कुछ कारें तो साल की शुरुआत से लेकर आखिर तक लॉन्च भी हो जाएंगी। वहीं कुछ ऐसी भी होंगी जिनको आते-आते और वक्त लग जाएगा। जानिए कुछ ऐसी ही कारों के बारे में जिनका काफी शिद्दत से हो रहा है इंतजार। अधिक पढ़ें

    महिन्द्रा की इलेक्ट्रिक वेरिटो फरवरी 2016 में होगी लॉन्च


    दिल्ली में डीजल वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंध से प्रभावित होने के बाद महिन्द्रा अब पेट्रोल और इलेक्ट्रिक कारों पर फोकस कर रहा है। ई2ओ के बाद महिंद्रा की अगली इलेक्ट्रिक पेशकश है वेरिटो। इलेक्ट्रिक वेरिटो को फरवरी 2016 में लॉन्च किया जाएगा। इस कार को महिंद्रा ने ऑटो एक्सपो- 2012 में शो-केस किया था। अधिक पढ़ें

    was this article helpful ?

    नबील
    Nabeel Khan is an Associate Editor with the CarDekho Group and an automotive journalist with over 12 years of experience covering cars, motorcycles, and ever-evolving mobility trends. A Mechanical Engineering graduate, he specialises in vehicle testing, buyer guidance, ownership analysis, and automotive video content. His hands-on automotive experience began early, working on everything from tanks and motorcycles to project cars with his dad, and later rebuilding two-stroke engines during his engineering studies. He combines technical expertise with real-world driving experience to help consumers make informed vehicle purchase decisions.और देखें

    Write your कमेंट

    कार न्यूज़

    • ताजा खबरें

    ट्रेंडिंग कारें

    • अपकमिंग
    • पॉपुलर
    *नई दिल्ली में एक्स-शोरूम प्राइस
    ×
    हमें आपके अनुभव को कस्टमाइज करने के लिए आपके शहर की आवश्यकता है