टेस्टिंग के दौरान दिखी 2020 फोर्ड ईकोस्पोर्ट बीएस6
फोर्ड ईकोस्पोर्ट को पुणे में बीएस6 इंजन के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। भारत में इसे कंपनी जल्द ही लॉन्च कर सकती है।
- Write a कमेंट

भारत में अप्रैल 2020 से बीएस6 नियम लागू होने वाले हैं, जिसके चलते सभी कंपनियों को अपनी गाड़ियों में बीएस6 इंजन देना अनिवार्य हो जाएगा। फोर्ड की भारत में उपलब्ध कारों में अभी बीएस6 इंजन का अभाव है और कंपनी ने अब इस पर काम भी शुरू कर दिया है। हाल ही में कंपनी की सबसे पॉपुलर सब-4 मीटर एसयूवी ईकोस्पोर्ट को बीएस6 इंजन के साथ देखा गया है।

मौजूदा फोर्ड ईकोस्पोर्ट की बात करें तो यह दो पेट्रोल और एक डीजल इंजन में उपलब्ध है। पेट्रोल वेरिएंट में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पेरेटेड और 1.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड ईकोबूस्ट इंजन दिया गया है। यह इंजन क्रमशः 1123 पीएस/150 एनएम और 125 पीएस/170एनएम की पावर और टॉर्क जनरेट करते हैं। डीजल वेरिएंट में 1.5 लीटर इंजन लगा है, इसकी पावर 100 पीएस और टॉर्क 205 एनएम है।
इस साल की शुरूआत में फोर्ड ने कहा था कि वह अपनी डीजल कारों को भी बीएस6 इंजन पर अपग्रेड करेगी। ऐसे में कहा जा सकता है कि अप्रैल 2020 के बाद ईकोस्पोर्ट, फिगो, एस्पायर और फ्रीस्टाइल पहले की तरह डीजल इंजन में भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।

मौजूदा ईकोस्पोर्ट में लगे 1.0 लीटर ईकोबूस्ट टर्बो पेट्रोल इंजन को कंपनी फिलहाल बाहर से इंपोर्ट करती है। चर्चाएं हैं कि आने वाले समय में कंपनी इस में भारत में तैयार किया हुआ नया टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दे सकती है। हाल ही में फोर्ड और महिन्द्रा के बीच एक जॉइंट वेंचर भी हुआ है। ऐसे में उम्मीद है कि कंपनी इसमें महिन्द्रा एक्सयूवी300 वाला 1.2 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दे सकती है।
अनुमान लगाए जा रहे हैं कि बीएस6 इंजन पर अपग्रेड होने के बाद इसकी कीमत बढ़ सकती है। सब-4 मीटर एसयूवी सेगमेंट में फोर्ड ईकोस्पोर्ट का मुकाबला मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा, हुंडई वेन्यू और टाटा नेक्सन से होगा।
यह भी पढें : फोर्ड की कारों में मिलेगा महिन्द्रा एक्सयूवी300 वाला पेट्रोल इंजन














