• English
    • लॉगिन / रजिस्टर

    10 लाख रूपए तक का है बज़ट, तो ये कारें बन सकती हैं आपकी शानदार सवारी

    इस साल के पहले तीन महीनों में लॉन्च हुई नई कारों पर एक नज़र…

    ख़ान मोहम्मद
    ख़ान मोहम्मद
    modified on अप्रैल 07, 2017 16:13 ist
    info icon
    published onApr 07, 2017 16:12 IST
    last updated onApr 07, 2017 16:13 IST
    38 Views
    • Write a कमेंट

    हर नए साल के पहले तीन महीनों में कई नई कारें और मौजूदा कारों के फेसलिफ्ट अवतार लॉन्च होते हैं, इस साल भी ऐसे ही कई दिलचस्प और चर्चित कारों ने भारतीय बाज़ार में कदम रखा है। इन में एंट्री लेवल हैचबैक, प्रीमियम हॉट हैचबैक, कॉम्पैक्ट सेडान, सेडान, कॉम्पैक्ट एसयूवी और एसयूवी कारों ने दस्तक दी है।

    अगर आप भी नए साल में नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो यहां हम लाए नौ नई कारों की जानकारी जिनके दाम 10 लाख रूपए के अंदर हैं और अपने बज़ट के मुताबिक आप इन में से किसी एक को चुनकर अपनी शान की सवारी बना सकते हैं...

    रेनो क्विड क्लाइंबर  

    कीमत : 4.30 लाख रूपए, लॉन्चिंग: 9 मार्च

    इस लिस्ट में सबसे पहला नाम है रेनो की क्विड क्लाइंबर का, क्विड की लोकप्रियता और मांग से तो हर कोई वाकिफ है ही, पिछले महीने कंपनी ने इसके नए अवतार क्विड क्लाइंबर को लॉन्च किया, इसकी कीमत 4.30 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इसे 1.0 लीटर क्विड के टॉप वेरिएंट आरएक्सटी (ओ) पर तैयार किया गया है, इस में मैनुअल और ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता है। यह आरएक्सटी (ओ) वेरिएंट से करीब 25000 रूपए महंगी है, इस में नया बम्पर, औरेंज हाइलाइटर वाली फॉक्स स्किड प्लेट, आउटसाइड रियर व्यू मिरर और रूफ रेल्स दी गई है। इसके अगले फेंडर में औरेंज कलर के इंडिकेटर्स, डोर प्रोटेक्शन क्लैडिंग और नए व्हील दिए गए हैं। इसे नए इलेक्ट्रिक ब्लू कलर में पेश किया गया है, केबिन में भी जगह-जगह औरेंज हाइलाइटर दी गई है। पांच लाख रूपए तक के बज़ट में यह अच्छी पेशकश है।

    हुंडई ग्रैंड आई-10

    कीमत: 4.58 लाख रूपए, लॉन्च: 6 फरवरी

    हैचबैक सेगमेंट में हुंडई ग्रैंड आई-10 का फेसलिफ्ट अवतार भी मिडियम बजट में कार चाहने वालों के लिए एक अच्छा विकल्प है। इसकी कीमत 4.58 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) से शुरू होती है। यह पहले से ज्यादा आकर्षक हो गई है। इसके अगले और पिछले बम्पर में बदलाव हुआ है। फॉग लैंप्स को बूमरैंग शेप में दिया गया है और इस में एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट भी दी गई है। सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन में हुआ है। नई ग्रैंड आई-10 में नया 1.2 लीटर का यू2 सीआरडीआई डीज़ल इंजन दिया गया है, जो 75 पीएस की पावर और 190 एनएम का टॉर्क देता है। बज़ट के मुताबिक इसके वेरिएंट चुन सकते हैं।

    मारूति सुज़ुकी इग्निस  

    कीमत: 4.59 लाख रूपए, लॉन्च: 13 जनवरी

    मारूति की सबसे चर्चित हैचबैक क्रॉसओवर इग्निस भी बाज़ार में आ गई है और अच्छा प्रदर्शन कर रही है, कुछ हटकर दिखने वाली कार चाहने वालों के लिए इग्निस अच्छा ऑप्शन है। इसकी कीमत 4.59 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इसका डिजायन मारूति की अब तक आई सभी कारों से अलग है। इस में ड्यूल-टोन कलर, एलईडी प्रोजेक्टर हैडलाइटें, डे-टाइम रनिंग लाइटें और सुज़ुकी का स्मार्टप्ले टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया गया है, जो एंड्रॉयड ऑटो, एपल कारप्ले, मिररलिंक और नेविगेशन सपोर्ट करता है। कस्टमाइजेशन किट के जरिये एक इग्निस को दूसरी इग्निस से अलग भी बनाया जा सकता है। इग्निस के पेट्रोल वर्जन में 1.2 लीटर का इंजन दिया गया है, जो 83 पीएस की पावर देता है। डीज़ल वर्जन में 1.3 लीटर का इंजन दिया गया है, जो 75 पीएस की पावर देता है। इस में भी मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प रखा गया है।

    टाटा टिगॉर  

    कीमत: 4.70 लाख रूपए, लॉन्च: 29 मार्च

    अगर कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में जाना चाहते हैं तो टाटा की टिगॉर से अच्छा विकल्प कुछ भी नही है, इसकी कीमत 4.70 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) से शुरू होती है। टियागो और हैक्सा की तरह टिगॉर को भी टाटा की नई इंपेक्ट डिजायन थीम पर बनाया गया है, इस में ड्यूल-बैरल स्मोक्ड प्रोजेक्टर लैंप्स, 12 वोट के दो पावर सॉकेट, रियर आर्मरेस्ट के साथ कपहोल्डर्स और 8-स्पीकर्स (4 स्पीकर्स और 4 ट्विटर्स) वाला हारमन का 5.0 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया गया है। इस में रिवर्स कैमरा, वीडियो प्लेबैक, वॉइस रिकग्निशन, जीपीएस नेविगेशन और एसएमएस रीड-आउट की सुविधा मिलती है। इसका बूट स्पेस 419 लीटर का है।

    होंडा डब्ल्यूआर-वी

    कीमत: 7.74 लाख रूपए, लॉन्च: 16 मार्च

    कॉम्पैक्ट एसयूवी में दिलचस्पी है तो होंडा डब्ल्यूआर-वी पर भी विचार कर सकते हैं। इसकी कीमत 7.74 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। ये केवल दो वेरिएंट एस और वीएक्स में उपलब्ध है। इसे होंडा जैज़ पर तैयार किया गया है, इस में ड्यूल एयरबैग और एबीएस के साथ ईबीडी स्टैंडर्ड दिए गए हैं। डब्ल्यूआर-वी में जैज़ वाले ही इंजन दिए गए हैं, इस में सनरूफ, 7 इंच का इंफोटेंमेंट सिस्टम, पैसिव कीलेस एंट्री और 16 इंच के अलॉय व्हील भी दिए गए हैं। इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 188 एमएम का है, जो कि जैज़ से 23 एमएम ज्यादा है।

    निसान सनी फेसलिफ्ट

    कीमत: 7.91 लाख रूपए, लॉन्च: 17 जनवरी

    फुल साइज़ सेडान कार लेने का मन है तो फिर फेसलिफ्ट निसान सनी भी अच्छा विकल्प हो सकती है। इसकी कीमत 7.91 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इसे नए सेंडस्टोन ब्राउन कलर में पेश किया गया है, इसका केबिन ऑल-ब्लैक लेआउट में है। इस में 1.5 लीटर एचआर15 पेट्रोल और 1.5 लीटर डीसीआई डीज़ल इंजन दिया गया है। पेट्रोल इंजन की पावर 99 पीएस है। इस में पहले की तरह 5-स्पीड मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स का विकल्प रखा गया है।

    फेसलिफ्ट होंडा सिटी

    कीमत: 8.50 लाख रूपए, लॉन्च: 14 फरवरी

    होंडा ने वेलेंटाइन-डे के दिन फेसलिफ्ट सिटी सेडान को लॉन्च किया, इसकी कीमत 8.50 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। पुरानी सिटी में ई बेस वेरिएंट था, जबकि नई सिटी में एस बेस वेरिएंट है, इसका नया टॉप वेरिएंट जेडएक्स है। इसकी फ्रंट ग्रिल पहले से बड़ी और एयरडैम पहले से ज्यादा चौड़े हैं। इस में नए एलईडी हैडलैंप्स को एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइटों के साथ दिया गया है। फॉग लैंप्स भी एलईडी वाले हैं, अगले और पिछले बम्पर में भी नए बदलाव हुए हैं। साइड में 16 इंच के नए अलॉय व्हील दिए गए हैं। नई सिटी में नेविगेशन, मिररलिंक, वॉइस रिकग्निशन और रियर व्यू कैमरा सपोर्ट करने वाला 7 इंच का नया टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम 1.5 जीबी की स्टोरेज के साथ दिया गया है। इस में पुराने मॉडल वाले 1.5 लीटर आई-वीटेक पेट्रोल और 1.5 लीटर आई-डीटेक डीज़ल इंजन लगे हैं।

    मारूति बलेनो आरएस

    कीमत: 8.69 लाख रूपए, लॉन्च: 3 मार्च

    मारूति ने मार्च महीने में बलेनो आरएस के साथ परफॉर्मेंस हैचबैक सेगमेंट में कदम रखा, बलेनो आरएस को स्टैंडर्ड बलेनो पर तैयार किया गया है, यह केवल टॉप वेरिएंट अल्फा में ही उपलब्ध है। इसकी कीमत 8.69 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इस में सुज़ुकी का नया 1.0 लीटर बूस्टरज़ेट पेट्रोल इंजन दिया गया है, इसकी पावर 102 पीएस और टॉर्क 150 एनएम है। इंजन 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है। इसके माइलेज का दावा 21.1 किमी प्रति लीटर है। स्टैंडर्ड बलेनो से अलग दिखाने के लिए इस में नए बम्पर, बॉडी स्कार्टिंग, नई ग्रिल और ऑल-ब्लैक अलॉय व्हील दिए गए हैं।

    फेसलिफ्ट निसान टेरानो

    कीमत: 9.99 लाख रूपए, लॉन्च: 27 मार्च

    सनी सेडान के बाद निसान का इस साल का दूसरा लॉन्च फेसलिफ्ट टेरानो एसयूवी का था, इसकी शुरूआती कीमत 9.99 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इसके डिजायन और फीचर में कुछ नए बदलाव हुए हैं। फेसलिफ्ट टेरानो में नई ग्रिल और ओआरवीएम पर टर्न इंडिकेटर्स दिए गए हैं। टेरानो के ओआरवीएम में इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल की सुविधा भी दी गई है। इसके केबिन में नई ब्लैक अपेहोल्स्ट्री और नई ड्यूल-टोन फेब्रिक अपहोल्स्ट्री का विकल्प रखा गया है। इस में 7.0 इंच की टचस्क्रीन भी दी गई है। फेसलिफ्ट टेरानो में मौजूदा मॉडल वाले 1.6 लीटर पेट्रोल और 1.5 लीटर डीज़ल इंजन दिए गए हैं।

    was this article helpful ?

    ख़ान मोहम्मद
    <p>Holding a Bachelor's degree in Biotechnology and later a Master's degree in English Literature, Irfan always loved to play around with words. His aim is to strive hard and gain knowledge which could be then skilfully employed in the journey of life. He believes in learning new things and that's one of the reasons why he is a writer today. Additionally, he keeps an eye on what's the latest buzz on the automobile planet. Managing things and people are some of his tasks at CarDekho. With an experience of half a decade in a variety of domains, his journey to learn is still on...</p>और देखें

    Write your कमेंट

    कार न्यूज़

    • ताजा खबरें

    ट्रेंडिंग कारें

    • अपकमिंग
    • पॉपुलर
    *नई दिल्ली में एक्स-शोरूम प्राइस
    ×
    हमें आपके अनुभव को कस्टमाइज करने के लिए आपके शहर की आवश्यकता है