थर्ड रो एक्सपीरियंस

इसकी थर्ड रो पर जाना काफी आसान है। सेकंड रो की लेफ्ट सीट पर एक स्ट्रेप को खींचने से सीट फोल्ड और टंबल हो जाती है। हालांकि आपको इस दौरान रूफ हाइट से भी अपना बचाव करना होता है, मगर आपको थर्ड रो सीट पर जाने के लिए अच्छा खासा स्पेस मिल जाएगा।
दूसरी छोटी 3 रो एसयूवी कार की तरह इसकी सीटें काफी नीचे की ओर हैं। मगर इस कार में हमें स्पेस से कोई शिकायत नहीं रही। 5.7 फुट की लंबाई वाले पैसेंजर का घुटना फ्रंट रो सीट के नहीं अड़ता है और आप सेकंड रो सीट के अंदर भी अपने पांव आराम से पहुंचा सकते है। हालांकि इसमें थोड़ा कम हेडरूम स्पेस मिलता है और कोई बड़ा गड्ढा आने पर आपका सिर भी रूफ से टकरा सकता है, मगर सिटी के सफर के हिसाब से इसकी थर्ड रो सीट काफी प्रैक्टिकल है। यहां तक कि दो वयस्क पैसेंजर्स के सीटों की चौड़ाई अच्छी खासी है और दोनों का कंधा भी एकदूसरे से नहीं टकराता है।
इसकी प्रैक्टिकैलिटी को यहां दिए गए फीचर और ज्यादा अच्छा कर देते हैं। इसमें रियर पैसेंजर्स के लिए कपहोल्डर्स और यूएसबी चार्जर्स दिए गए हैं। इसके 7 सीटर वेरिएंट में आपको ब्लोअर कंट्रोल्स के साथ रूफ माउंटेड एसी वेंट्स दिए गए हैं। इसका एयरफ्लो काफी अच्छा है और थर्ड रो पर बैठने वाले पैसेंजर को भी गर्मी नहीं लगेगी। हालांकि ये केवल हवा को सर्कुलेट करते हैं, जिसके लिए केबिन का पहले अच्छी तरह से ठंडा होना काफी जरूरी है और ज्यादा गर्मियों के दिन में इस चीज में काफी समय लगता है। यहां सबसे बड़ी समस्या ये है कि आप रियर विंडस्क्रीन के काफी करीब होकर बैठते हैं जिससे आपको अच्छी ऑल राउंड विजिबिलिटी नहीं मिलती है। इसका क्वार्टर ग्लास काफी छोटा है और फ्रंट सीट्स काफी ऊंची है।
सेकंड रो एक्सपीरियंस
सेकंड रो पर बैठने वाले पैसेंजर्स को भी यहां काफी कंफर्टेबल एक्सपीरियंस मिलता है। यहां अच्छा लेगरूम स्पेस और नीरूम स्पेस दिया गया है और लंबे कद के पैसेंजर्स भी कंफर्टेबल होकर बैठ सकते हैं। सीट बेस एक्सटेंशन के रहते अच्छा अंडर थाई सपोर्ट भी मिलता है और इसका बैकरेस्ट एंगल भी आपको एक रिलैक्स्ड पोजिशन देता है। यहां सिर्फ एक दिक्कत आती है वो ये कि सीटबैक बोल्स्ट्रिंग अच्छी नहीं है। जब तीन लोग बैठते हैं तब तो कोई समस्या नहीं आती है, मगर जब दो ही लोग हों तो सपोर्ट अच्छा नहीं मिलता है।

इसकी सीटें और स्पेस तो काफी अच्छा है, लेकिन इस कार में फीचर्स की कमी महसूस होती है। इसमें कपहोल्डर्स के साथ सेंटर आर्मरेस्ट के रूप में एक बहुत बड़ी कमी नजर आती है और इसमें रूफ माउंटेड एसी वेंट्स केवल 7 सीटर वेरिएंट्स में ही दिए गए हैं, जिसका मतलब ये हुआ कि 5 सीटर वेरिएंट्स में रियर एसी वेंट्स का फीचर आपको नहीं मिलेगा। ये फीचर तो अब काफी हैचबैक कारों में मिलने लगा है और एक 15 लाख रुपये तक की एसयूवी में भी आपको ये मिलना ही चाहिए। यहां फीचर्स के तौर पर केवल डोर आर्मरेस्ट, 2 यूएसबी चार्जर और डोर पर बॉटल होल्डर ही दिया गया है।
केबिन एक्सपीरियंस
ड्राइवर सीट से महसूस करें तो आपको सी3 एयरक्रॉस में सी3 हैचबैक कार में बैठने जैसा अहसास होगा। इसके डैशबोर्ड का डिजाइन, ऊंची सीटिंग पोजिशन और स्टीयरिंग और फीचर्स सी3 हैचबैक जैसे ही है। इसका साफ मतलब है कि मुकाबले में मौजूद दूसरी कॉम्पैक्ट एसयूवी के कंपेरिजन में इसका केबिन उतना बड़ा नहीं दिखाई देता है, मगर इसे कुछ सब 4 मीटर एसयूवी कारों से कंपेयर किया जा सकता है।

जहां इसका केबिन काफी बेसिक है तो वहीं सिट्रोएन ने एक्सपीरियंस को अच्छा रखने के लिए मैटेरियल्स और क्वालिटी को सही जगह पर इस्तेमाल किया है। इसमें सेमी लैदरेट सीट्स दी गई है और ड्राइवर का आर्मरेस्ट ज्यादा प्रीमियम महसूस होता है और साथ डोर पैड पर इस्तेमाल किया गया लैदर छूने में काफी अच्छा महसूस होता है। इसके स्टीयरिंग व्हील पर भी लैदर रैप किया गया है।
प्रैक्टिकैलिटी
कंपनी की दूसरी कारों की तरह सी3 एयरक्रॉस प्रैक्टिकैलिटी के मोर्चे पर काफी अच्छी कार है। इसमें अच्छे साइज के डोर पॉकेट्स जिनमें आप 1 लीटर तक की बॉटल रख सकते है और उसके बाद भी थोड़ा बहुत स्पेस बच जाता है। आपको फोन रखने के लिए यहां डेडिकेटेड ट्रे दी गई है और चाबी और वॉलेट रखने के लिए भी डीप पॉकेट दी गई है। गियर शिफ्टर के पीछे दो कपहोल्डर्स और कबी होल्स भी दिए गए हैं। इसमें दिए गए ग्लव बॉक्स का साइज भी काफी अच्छा है। ग्लवबॉक्स के ऊपर दिया गया छोटा सा स्पेस केवल शो के लिए है और ये कोई असल स्टोरेज एरिया नहीं है। बैक में सेंटर कंसोल में आपको बॉटल होल्डर मिलेगा और थर्ड रो पर भी दो बॉटल होल्डर दिए गए हैं।
चार्जिंग ऑप्शंस की बात करें तो फ्रंट में यूएसबी पोर्ट्स और 12 वोल्ट के सॉकेट दिए गए हैं। इसके अलावा आपको मिडिल में दो यूएसबी चार्जर और थर्ड रो पर दो यूएसबी चार्जर मिलेंगे। यदि इसमें सी टाइप पोर्ट दिया गया होता तो और ज्यादा बेहतर बात होती।
फीचर

फीचर्स की बात करें तो इस मोर्चे पर ये कार आपका दिल शायद नहीं जीत पाएगी। जैसा कि हमनें पहले भी बताया इसमें बेसिक फीचर्स ही दिए गए हैं जिनमें स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल, मैनुअल एसी, इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ओआरवीएम, अच्छी सी डिस्प्ले और अलग अलग मोड्स और थीम के साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टायर प्रेशर वार्निंग सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ एक बड़ी 10.25 इंच की टचस्क्रीन और 6-स्पीकर साउंड सिस्टम शामिल है। इसमें आपको क्रूज़ कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, ऑटो डे/नाइट आईआरवीएम और सनरूफ जैसे फीचर्स नहीं मिलेंगे। इसी वजह से ये भी जरूरी हो जाता है कि फिर ऐसी कार की कीमत भी कम ही रखी जानी चाहिए। कुल मिलाकर बात करें तो सी3 एयरक्रॉस के टॉप वेरिएंट में वो ही फीचर्स मिलेंगे जो इसके मुकाबले में मौजूद कुछ एसयूवी कारों के लोअर और मिडिल वेरिएंट्स में मिलते हैं।