दिल्ली में दिखी दमदार टोयोटा हिलक्स की झलक
भारत में भी लाइफस्टाइल पिक-अप ट्रक की मांग बढ़ रही है ऐसे में जल्द ही इसे लॉन्च किया जा सकता है
- Write a कमेंट

टोयोटा के मशहूर लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक हिलक्स की झलक देश की राजधानी दिल्ली में देखने को मिली है। अगर आप इस शानदार पिक-अप ट्रक से वाकिफ नहीं हैं तो बताते चलें कि टोयोटा की नई फॉर्च्यूनर को इसी पर तैयार किया गया है।
इंटरनेशनल मार्केट में टोयोटा हिलक्स काफी पॉपुलर है, इसे सन 1968 में सबसे पहले लॉन्च किया गया था। पिछले साल नई फॉर्च्यूनर से पहले कंपनी ने हिलक्स का नया अवतार पेश किया था।

भारत की बात करें तो संभावना है कि इसे जल्द ही यहां भी लॉन्च किया जा सकता है। इस में कई पार्ट्स वही हैं जो इनोवा क्रिस्टा और फॉर्च्यूनर में इस्तेमाल हुए हैं। ऐसे में कंपनी के लिए भारत में इसकी एसेंबलिंग करना ज्यादा मुश्किल भरा नहीं होगा। यहां इसकी संभावित कीमत 30 लाख रूपए के आस-पास रह सकती है।
भारतीय कार बाजार में वैसे तो लाइफस्टाइल पिक-अप ट्रक सेगमेंट काफी छोटा है, लेकिन पिछले कुछ समय से इसमें भी अच्छी-खासी मांग देखने को मिली है। हॉट हैचबैक, महंगी सेडान और पारंपरिक एसयूवी से कुछ हटकर चाहने वालों को लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक के तौर पर एक नया दमदार विकल्प मिला है।

दिलचस्प बात ये है कि सिर्फ टोयोटा ही नहीं बल्कि फोर्ड और शेवरले भी इस सेगमेंट में उतरने पर विचार कर रही हैं। फोर्ड के पास रेंजर और शेवरले के पास कोलोराडो पिक-अप ट्रक मौजूद है।

फोर्ड ने साल 1983 में रेंजर को इंटरनेशनल मार्केट में उतारा था। यह फोर्ड एंडेवर वाले प्लेटफॉर्म पर ही बना है। यह देखने में जितना आकर्षक है, उतना ही दमदार है। इसकी ऑफरोडिंग क्षमताएं भी जबरदस्त हैं। भारत में इसकी कीमत 26.60 लाख रूपए के करीब रह सकती है। इसी कीमत पर एडेंवर का ट्रेंड ऑल व्हील ड्राइव वेरिएंट आता है।

रेंजर की तरह ही शेवरले का कोलोराडो भी देखने में खूबसूरत और दमदार पिक-अप ट्रक है, यह शेवरले की ट्रेलब्लेज़र एसयूवी वाले प्लेटफॉर्म पर बना है। इसे ऑटो एक्सपो-2016 में भी पेश किया गया था। कोलोराडो को भी यहां उतारना कंपनी के लिए ज्यादा मुश्किल भरा नहीं होगा।

इस सेगमेंट में फिलहाल टाटा जेऩन एक्सटी, महिन्द्रा स्कॉर्पियो गेटअवे और इसुज़ु डी-मैक्स वी-क्रॉस मौजूद है। वी-क्रॉस को खासतौर पर काफी पसंद किया जा रहा है।















