भारत में लॉन्च होगी एक काफी किफायती जीप एसयूवी, स्टेलांटिस ग्रुप के 12 प्रोडक्ट्स में से एक होगी ये कार
क्या हम उम्मीद कर सकते हैं कि जीप ग्लैडिएटर भारत आएगी? शायद, हां!
- Write a कमेंट

स्टेलंटिस ग्रुप ने भारत के लिए अपनी फास्टलेन 2030 रणनीति का खुलासा कर दिया है। अगले तीन साल में जीप और सिट्रोएन मिलकर 12 गाड़ियां लेकर आएंगे, जिनमें 7 बिल्कुल नई कारें और 5 मौजूदा मॉडल्स के बड़े अपग्रेड शामिल होंगे। पहला प्रोडक्ट 2027 की दूसरी तिमाही में पेश किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि जीप की एक सस्ती बी-सेगमेंट एसयूवी भी आ रही है, जिसे कंपास के नीचे पोजिशन किया जाएगा और यह भारत में जीप की सबसे किफायती गाड़ी बन जाएगी।
यह जानकारी स्टेलंटिस और टाटा मोटर्स के बीच हुए समझौते के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसके तहत टाटा के आर्गोस प्लेटफॉर्म पर सिएरा बेस्ड मिड-साइज जीप एसयूवी बनाई जाएगी। इस मॉडल के 2028 की पहली छमाही में आने की उम्मीद है और यह उन 12 प्रोडक्ट्स का हिस्सा नहीं होगा।
जीप के कौनसे नए मॉडल आ रहे हैं?
जीप इंडिया, जो अब तक अपने प्रीमियम एसयूवी लाइनअप के लिए जानी जाती थी, अब मास-मार्केट सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। फास्टलेन 2030 प्लान के तहत, जीप चार नए मॉडल लॉन्च करेगी जो अलग-अलग सेगमेंट को टारगेट करेंगे। साथ ही, स्टेलंटिस ने “ब्रांड हाउस 2030” लाइनअप भी पेश किया है, जो बताता है कि हर ब्रांड के नए मॉडल किस-किस सेगमेंट में आएंगे।
-
जीप बी-एसयूवी: यह एक कॉम्पैक्ट एसयूवी होगी जिसे जीप कंपास के नीचे पोज़िशन किया जाएगा। यह भारत में जीप की छोटी गाड़ी होगी। अगर इसकी कीमत सही रखी गई, तो यह जीप के लिए एक वॉल्यूम-ड्राइवर बन सकती है और ब्रांड की बिक्री को कई गुना बढ़ा सकती है। यह उन खरीदारों को आकर्षित करेगी जो जीप की ऑफ-रोड क्षमता और दमदार ब्रांड इमेज को एक किफायती पैकेज में चाहते हैं।
-
जीप सी-एसयूवी: यह एक नई मिड-साइज एसयूवी होगी जो कंपास वाले सेगमेंट में ही आएगी। इससे जीप को मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी, जहां मुकाबला लगातार बढ़ता जा रहा है।
-
जीप डी-एसयूवी: यह एक फुल-साइज, 3-रो एसयूवी कार होगी जिसे जीप के लाइनअप में टॉप पर पोजिशन किया जाएगा। अनुमान है कि यह मौजूदा जीप ग्रैंड चेरोकी का फेसलिफ्ट या अपडेटेड वर्जन हो सकता है। इसका मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर और स्कोडा कोडिएक जैसी गाड़ियों से होगा।
-
जीप डी-पिकअप: भारतीय बाजार में प्रीमियम लाइफस्टाइल पिकअप का ट्रेंड धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए जीप एक डी-सेगमेंट पिकअप ट्रक भी लॉन्च करेगी। अनुमान है कि यह जीप ग्लैडिएटर हो सकता है। यह इसुजु वी-क्रॉस और टोयोटा हाइलक्स को टक्कर देगा।
सिट्रोएन के कौनसे नए मॉडल्स पेश होंगे?
सिट्रोएन भारत में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने जा रही है। फास्टलेन 2030 प्लान के तहत कंपनी तीन नए मॉडल लॉन्च करेगी, जिसमें एक एंट्री-लेवल कार और दो बड़े प्रीमियम व्हीकल शामिल होंगे। यह दिखाता है कि कंपनी मास-मार्केट के साथ-साथ प्रीमियम सेगमेंट में भी अपनी जगह बनाना चाहती है।
-
सिट्रोएन ए-कार: यह सिट्रोएन की भारत में सबसे छोटी और सबसे सस्ती कार होगी। इसे खासतौर पर पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा। इसका मुकाबला मारुति ऑल्टो के10 और रेनो क्विड जैसी गाड़ियों से हो सकता है।
-
सिट्रोएन सी-एसयूवी: यह एक नई मिड-एसयूवी कार होगी, जिसे एयरक्रॉस और बसॉल्ट के ऊपर पोजिशन किया जाएगा। इससे बाज़ार के सबसे ज़्यादा कॉम्पिटिटिव सेगमेंट में सिट्रोएन की मौजूदगी और भी मज़बूत हो जाएगी।
-
सिट्रोएन डी-एमपीवी: यह एक फुल-साइज एमपीवी होगी जिसका मुकाबला टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस और किआ कार्निवल जैसी गाड़ियों से रहेगा। यह सिट्रोएन का भारत में फ्लैगशिप मॉडल भी होगा। भारत में बड़े परिवारों और ऐसे खरीदारों के लिए एमपीवी एक पॉपुलर विकल्प है, जो अक्सर ज़्यादा पैसेंजर्स के साथ सफर करते हैं।
हालांकि, स्टेलंटिस ने फिलहाल किसी भी गाड़ी का नाम, कीमत या स्पेसिफिकेशन साझा नहीं किए हैं।
मौजूदा गाड़ियों को पांच बड़े अपडेट्स
इन सात नए मॉडल्स के अलावा स्टेलंटिस अपने मौजूदा लाइनअप के पांच मॉडल्स को कई बड़े अपडेट्स भी देगी। कंपनी ने घोषणा की है कि अगले तीन सालों में 5 बड़े अपग्रेड लाए जाएंगे, जिनमें 1 जीप का मॉडल और 4 सिट्रोएन के मॉडल शामिल होंगे।

कंपनी द्वारा दिखाए गए 'ब्रांड हाउस 2030' लाइनअप से पता चला है कि इन नई गाड़ियों के अलावा जीप की तरफ से कंपास, मेरिडियन और रैंगलर, और सिट्रोएन की तरफ से सी3, ईसी3, एयरक्रॉस और बसॉल्ट जैसी गाड़ियां मार्केट में मौजूद रहेंगी। इससे यह साफ है कि यह मॉडल कंपनी की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा हैं और इन्हीं में से कुछ को बड़े अपडेट मिलेंगे।

हालांकि, स्टेलंटिस ने यह कंफर्म नहीं किया है कि इन्हें क्या अपडेट्स मिलेंगे। आमतौर पर मिड-लाइफ अपडेट्स में गाड़ी की एक्सटीरियर डिजाइन में बदलाव किए जाते हैं, जैसे कि नई ग्रिल, बंपर, लाइट या अलॉय व्हील्स। इन सभी गाड़ियों का केबिन नया हो सकता है और इनमें अपडेटेड फीचर्स और टेक्नोलॉजी भी मिल सकती है। कई बार गाड़ियों को पावरट्रेन अपडेट्स भी मिलते हैं।
| दिलचस्प बात: स्टेलंटिस लाइनअप के दो मौजूदा मॉडल जीप ग्रैंड चेरोकी और सिट्रोएन सी5 एयरक्रॉस 'ब्रांड हाउस 2030' लाइनअप में शामिल नहीं हैं। स्टेलंटिस ने इन दोनों मॉडल्स के भारत में भविष्य को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। हो सकता है कि इन्हें बंद कर दिया जाए या फिर न्यू जनरेशन मॉडल्स से रिप्लेस किया जाए। अपकमिंग जीप डी-एसयूवी और सिट्रोएन सी-एसयूवी इनकी जगह ले सकती हैं। |
आईसीई, हाइब्रिड, पीएचईवी और ईवी : कौनसी पावरट्रेन आ रही है?
स्टेलंटिस भारत में एक 'मल्टी-एनर्जी' रणनीति अपनाएगी। इसका मतलब है कि कंपनी किसी एक पावरट्रेन टेक्नोलॉजी पर निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि ग्राहकों को पेट्रोल/डीजल (आईसीई), हाइब्रिड, प्लग-इन हाइब्रिड (पीएचईवी) और इलेक्ट्रिक (बीईवी) के विकल्प देगी। यह एक फ्लेक्सिबल अप्रोच है जो कंपनी को बाजार के बदलते ट्रेंड्स और सरकारी नियमों के हिसाब से ढलने में मदद करेगी।

स्टेलंटिस का कहना है कि हर गाड़ी की पावरट्रेन ग्राहकों की जरूरतों, गाड़ी की कीमत, सरकारी नियम, चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता और उस खास सेगमेंट की अर्थव्यवस्था पर निर्भर करेगी। यह रणनीति स्टेलंटिस को हर सेगमेंट में ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बनाएगी।
भारत के लिए नया निवेश
अपने नए प्रोडक्ट प्लान को साकार करने के लिए स्टेलंटिस भारत में एक बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी अगले तीन सालों में करीब 4,000 रुपये करोड़ का नया निवेश करेगी। इस नए निवेश के साथ, 2030 तक भारत में कंपनी का कुल निवेश 11,000 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 15,000 करोड़ रुपये हो जाएगा। इसे नए प्रोडक्ट्स का डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग करने और लोकलाइजेशन पर खर्च किया जाएगा।

कंपनी ने हालिया बिक्री के आंकड़ों का भी जिक्र किया है, जो एक पॉजिटिव ट्रेंड की ओर इशारा करते हैं। स्टेलंटिस के मुताबिक, 2026 की दूसरी तिमाही में भारत में उसका बिजनेस पहली तिमाही के मुकाबले 35% बढ़ा है। वहीं, सिट्रोएन की रिटेल सेल्स में पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में 68% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये आंकड़े कंपनी के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और दिखाते हैं कि उसकी मौजूदा रणनीति काम कर रही है।
भारत में स्टेलंटिस ग्रुप से जुड़ी जानकारी
स्टेलंटिस एक ग्लोबल ब्रांड है, जो भारत में जीप और सिट्रोएन ब्रांड की गाड़ियां बेचती है। जीप ने 2017 में 'कंपास' के साथ भारतीय बाजार में कदम रखा था और मार्केट में फिलहाल इसकी चार एसयूवी : कंपास, मेरिडियन, ग्रैंड चेरोकी और रैंगलर बिक्री के लिए उपलब्ध है। वहीं, सिट्रोएन के मौजूदा लाइनअप में पांच मॉडल: सी3एक्स, ई-सी3एक्स, बसॉल्टएक्स, एयरक्रॉसएक्स और सी5 एयरक्रॉस शामिल हैं।

स्टेलंटिस के भारत में तीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं जो महाराष्ट्र के रंजनगांव, और तमिलनाडु के तिरुवल्लुर और होसुर में स्थित है। होसुर में बनने वाले लगभग 95 प्रतिशत इंजन और गियरबॉक्स एक्सपोर्ट किए जाते हैं।

कारदेखो का क्या है कहना
अब देखना यह होगा कि स्टेलंटिस इस रणनीति को लागू कैसे करती है। जीप और सिट्रोएन दोनों ही ब्रांड्स अपने बेहतरीन प्रोडक्ट्स को अच्छी बिक्री में बदलने के लिए संघर्ष करते रहे हैं। इनके लाइनअप को स्पष्ट रूप से दो हिस्सों में बांटा गया है।
ए-सेगमेंट कार, बी-एसयूवी और दो सी-एसयूवी मास-मार्केट के लिए हैं। यह ऐसे सेगमेंट हैं जहां बिक्री बहुत ज्यादा होती है, और यही तय करेंगे कि जीप और सिट्रोएन अपनी बिक्री बढ़ा पाते हैं या नहीं। इनमें से जीप की बी-एसयूवी सबसे अहम है। अगर इसकी कीमत सही रखी जाए, तो कंपास से नीचे आने वाली यह जीप ब्रांड की बिक्री बढ़ाने में सबसे बड़ा योगदान दे सकती है। लेकिन अगर इसकी कीमत गलत हुई, तो यह केवल एक सीमित सेगमेंट की कार बनकर रह सकती है।
डी-सेगमेंट के प्रोडक्ट्स की भूमिका अलग है। जीप डी-एसयूवी और डी-पिकअप प्रीमियम प्रोडक्ट्स हैं, जिनका मकसद बिक्री के आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि ब्रांड इमेज बनाना है। यह जीप के लिए बिल्कुल सही है, और खासकर इसका पिकअप मॉडल, गाड़ियों के शौकीन लोगों को शोरूम तक खींच सकता है। सिट्रोएन की डी-एमपीवी एक दिलचस्प दांव है, यह भारत में ब्रांड का 'फ्लैगशिप' प्रोडक्ट बन सकता है और सिट्रोएन को ऐसे प्रीमियम सेगमेंट में ले जा सकता है, जहां उसने भारत में पहले कभी कदम नहीं रखा है।
यह योजना कितनी सफल होगी, यह सिर्फ प्रोडक्ट्स पर नहीं, बल्कि उनकी कीमत, सही समय पर लॉन्च, बिक्री और आफ्टर सेल्स सपोर्ट पर भी निर्भर करेगा।
आप इस रणनीति के बारे में क्या सोचते हैं? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं।














