इस क्रॉसओवर कार के इंटीरियर में डिजाइन को बदलने के बजाए छोटे मोटे अपडेट्स दिए गए हैं। ऑल ब्लैक कलर स्कीम को छोड़कर बाकी सबकुछ वैसा का वैसा ही है। इस गाड़ी में अब भी स्पेस की कोई कमी नहीं है। बाहर की विजिबिलिटी भी काफी अच्छे से मिलती है और प्रैक्टिकैलिटी भी पहले की तरह बरकरार है। इसके इंटीरियर की क्वालिटी भी ठीक है, मगर इस मोर्चे पर टाटा नेक्सन,हुंडई वेन्यू,महिंद्रा एक्सयूवी300 जैसी कारें कहीं आगे है।

इसके डैशबोर्ड के काफी हिस्से में प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है, वहीं एसी वेंट्स,स्टीयरिंग व्हील,इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और सेंटर कंसोल के चारो ओर सिल्वर एलिमेंट का इस्तेमाल किया गया है।
वहीं ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल पर पियानो ब्लैक फिनिशिंग की गई है। इसमें ड्राइवर के लिए कूल्ड कप होल्डर और डीप आर्मरेस्ट स्टोरेज भी दिया गया है जो कि 12 वोल्ट एसेसरीज़ सॉकेट से लैस है। हालांकि इसी जगह पर एक यूएसबी पोर्ट की कमी महसूस होती है।

इसकी ड्राइविंग सीट पर बैठते ही अहसास हो जाता है कि यह पहले से ज्यादा कंफर्टेबल और सपोर्टिव हो गई है। इसपर लंबा और चौड़ा शख्स आराम से फिट हो सकता है। डब्ल्यूआर-वी में हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट के साथ टिल्ट एंड टेलिस्कोपिक एडजस्टेबल स्टीयरिंग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। होंडा की इस कार में एक अच्छी ड्राइविंग पोजिशन मिलती है। इसके टॉप मॉडल डब्ल्यूआर-वी वीएक्स में कीलैस एंट्री,पुश बटन स्टार्ट स्टॉप,लैदर रैप्ड मल्टी फंक्शन स्टीयरिंग व्हील,ब्लू ब्लैक लाइटिंग वाला मल्टी इंफॉर्मेंशन डिस्प्ले और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। पहले इसमें क्रूज कंट्रोल का फीचर केवल डीजल वेरिएंट में ही दिया गया था जो अब स्टैंडर्ड कर दिया गया है।

इसमें पहले की तरह एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी से लैस 7 इंच की 2.0 डिजिपैड टचस्क्रीन दी गई है। इस इंफोटेनमेंट की एक बात जो हमें पसंद नहीं आई वो ये है कि ये इग्निशन ऑन करने के कुछ देर बार अपने हिसाब से बूट होता है। इसके अलावा सीधी धूप पड़ने से इस पर डिस्प्ले होने वाली इंफॉर्मेशन को भी ठीक ढंग से पढ़ने में नहीं आती है। इसके साइड में ही वर्टिकली पोजिशन किए गए कंट्रोल्स दिए गए हैं और ये 6 स्पीकर वाले साउंड सिस्टम से जुड़ा है। डब्ल्यूआर-वी में वीडियो प्लेबैक के लिए एचडीएमआई और यूएसबी पोर्ट भी दिए गए हैं।

इस गाड़ी में काफी फीचर्स की कमी भी खलती है, जिनमें ऑटोमैटिक हेडलैंप्स,रेन सेंसिंग वायपर्स,वायरलैस चार्जिंग,रियर एसी वेंट्स और आर्मरेस्ट शामिल हैं। वहीं फ्रंट आर्मरेस्ट में स्लाइडिंग फंक्शन भी मौजूद नहीं है।

रियर रो
इसके डोर काफी चौड़े हैं जिससे सेकंड रो में प्रवेश करना और उससे बाहर निकलना काफी आसान रहता है। फ्रंट की तरह इस कार के रियर में भी काफी स्पेस नजर आता है जिसका श्रेय इसकी बड़ी विंडो और सनरूफ को दिया जाना चाहिए जिनसे एक खुलेपन का अहसास होता है।
इसकी सीट्स भी काफी कंफर्टेबल है जिनपर बैठकर लंबा सफर किया जा सकता है। इसमें नीरूम और हेडरूम स्पेस की भी कोई कमी नहीं है, मगर अंडरथाई सपोर्ट थोड़ा कम मिलता है। इसमें काफी नीचे की तरफ सेट किए गए हेडरेस्ट दिए गए हैं जो ना ही तो कंफर्ट देने के लिहाज से बेहतर हैं और ना ही ये आपके सिर को सेफ रख पाने में सक्षम होते हैं।
हालांकि इसमें अच्छा शोल्डर रूम मिलता है जिससे कि कोई अच्छी खासी चौड़ाई वाला पैसेंजर भी बाकी पैसेंजर्स के साथ पीछे की सीट पर आराम से बैठ सकता है।

बूट और स्टोरेज स्पेस
इस गाड़ी में अच्छे खासे स्टोरेज स्पेस दिए गए हैं चाहे फिर वो कप होल्डर्स हों या फ्रंट आर्मरेस्ट के नीचे स्पेस हो या फिर फ्रंट सीट पॉकेट्स। इसके सभी दरवाजों पर बॉटल होल्डर्स भी दिए गए हैं जिसमें केवल एक लीटर तक की बॉटल रखी जा सकती है।

डब्ल्यूआर-वी में 363 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है जो टाटा नेक्सन,मारुति विटारा ब्रेजा और हुंडई वेन्यू के कंपेरिजन में कहीं बेहतर है। चार लोगों की फैमिली के हिसाब से इसमें आराम से काफी सारा लगेज ले जाया जा सकता है। लो लोडिंग लिप के कारण इसके बूट एरिया में काफी आराम से सामान रखा जा सकता है। मगर, इसमें 60:40 के अनुपात में फोल्ड होने स्पिलट सीटें नहीं दी गई है जिसके चलते आप कोई ज्यादा भारी और साइज में बड़ा बैग इसमें नहीं रख सकते हैं।
