नई लैंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट में ऑल ब्लैक इंटीरियर दिया गया है। डार्क शेड होने का मतलब ये नहीं है कि इसके केबिन में खुलेपन का अहसास नहीं होता है। इसके डैशबोर्ड पर सॉफ्ट टच मैटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। वहीं डोर पैड्स और सेंट्रल कंसोल पर ओक वीनर का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही इसमें इबॉनी लैदर सीट्स और उनपर कॉन्ट्रास्ट स्टिचंग की गई है। इसके सेंट्रल पैनल और स्टीयरिंग व्हील्स पर क्रोम का अच्छा खासा इस्तेमाल किया गया है।

इसकी ड्राइवर सीट पर बैठकर हर तरफ का व्यू काफी अच्छे से मिलता है। इसमें 12 तरीकों से एडजस्ट हो सकने वाली फ्रंट सीट के साथ 2 स्टेप मैनुअल हेडरेस्ट दिए गए हैं। वहीं टॉप वेरिएंट आर डायनैमिक में सीटों के लिए मैमोरी फंक्शन भी दिया गया है। इसके केबिन में 6 फुट से ज्यादा लंबा व्यक्ति आराम से बैठ सकता है वहीं इसमें अच्छा खासा हेडरूम और अंडरथाई सपोर्ट भी मिलता है।

इसमें इवोक जैसा नया लैदर कवर वाला स्टीयरिंग व्हील दिया गया है जिसमें ऑडियो सिस्टम, क्रूज़ कंट्रोल और लेन कीप असिस्ट जैसे फंक्शन मौजूद हैं।

हमने डिस्कवरी स्पोर्ट के टॉप वेरिएंट की टेस्ट ड्राइव की है जिसके 12.3 इंच ऑल डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले में ना सिर्फ मीडिया डीटेल्स और ट्रिप डिस्टेंस की जानकारी मिलती है बल्कि स्टीयरिंग एंगल और ट्रेक्शन लेवल जैसे ऑफ रोडिंग स्टेटिस्टक की डीटेल्स भी मिलती है।

इस गाड़ी में अब हाई रेज़ोल्यूशन के साथ नई 10 इंच की टच प्रो इंफोटेनमेंट यूनिट दी गई है। इसकी स्क्रीन पर इस एसयूवी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां भी डिस्प्ले होती है। इस सिस्टम में एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो कनेक्टिविटी का फीचर भी दिया गया है जो कनेक्ट होने में थोड़ा समय लेता है। हालांकि, ड्राइव करते वक्त इसमें दिए गए आइकंस को ऑपरेट करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।

इंफोटेनमेंट सिस्टम के नीचे ड्यूल जोन क्लाइमेट कंट्रोल और टैरेन रिस्पॉन्स सिस्टम के लिए डायल्स भी दिए गए हैं। इसके अलावा वायरलैस चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है जिसमें मॉडर्न मोबाइल फोन को फिट करने में थोड़ी परेशानी आती है। इसके अलावा इसमें डोर पैनल के ऊपर विंडो कंट्रोल्स दिए गए हैं। वहीं हीटेड आउटसाइड रियरव्यू मिरर को कंट्रोल करने के लिए पहले की तरह टॉगल दिया गया है।

इसमें कुछ और खास फीचर्स भी मौजूद हैं जिनमें फिक्सड पैनोरमिक सनरूफ, फ्रंट में 12 वोल्ट के सॉकेट के साथ यूएसबी सॉकेट्स, 360 डिग्री कैमरा और एंबिएंट लाइटिंग शामिल है। केवल टॉप वेरिएंट आर डायनैमिक में 380 वॉट का मेरिडियन साउंड सिस्टम, ऑटो हाई बीम असिस्ट और क्लीयरसाइट इंटीरियर रियरव्यू मिरर जैसे फीचर्स मौजूद हैं। क्लीयरसाइट इंटीरियर रियरव्यू मिरर में शार्क फिन एंटीना में लगे कैमरे से आने वाली लाइव फीड्स को देखा जा सकता है। इनके अलावा कीलैस एंट्री और ऑटो डिमिंग आईआरवीएम का फीचर बेस वेरिएंट एस में नहीं दिया गया है।
सेकंड और थर्ड रो सीटिंग

लैंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट 5+2 सीटिंग कॉन्फिग्रेशन के साथ आती है। सबसे अच्छी बात ये है कि लंबे सफर के दौरान इसकी सेकंड रो में पैसेंजर्स की सुविधा के लिए काफी सारे फीचर्स दिए गए हैं। फ्रंट रो की ही तरह इसकी सेकंड रो में भी अच्छा खासा नीरूम स्पेस मिलता है। हैडरूम,नीरूम और अंडरथाई सपोर्ट की बात करें तो सब चीज़ों में आप कंफर्टेबल रहते हैं। अच्छी खासी कद काठी के दो पैसेंजर भी आराम से एक दूसरे के बगल में बैठ सकते हैं यानी शोल्डर रूम की भी कोई कमी नहीं है। एक्सट्रा कंफर्ट के लिए सेकंड रो की सीटों को स्लाइड और रिक्लाइन किया जाता है, मगर इसके बाद थर्ड रो में जगह थोड़ी कम पड़ जाती है। प्रैक्टिकैलिटी के लिए इसमें एसी वेंट, कपहोल्डर्स के साथ फोल्डेबल आर्मरेस्ट, फ्लैट स्टोरेज स्पेस और यूएसबी पोर्ट्स भी दिए गए हैं।

इसकी थर्ड रो में जाने के लिए सेकंड रो की सीट को आगे की ओर लुढ़काना पड़ता है जो कि हट्टे कट्टे पैसेंजर के लिहाज से काफी अच्छी चीज है। इसके थर्ड रो की सीटों पर बैकरेस्ट भी दिया गया है, मगर सीटें ऊंची होने के कारण आपको सीधा बैठना पड़ता है। यहां भी आपको 12 वोल्ट का चार्जिंग पॉइन्ट मिल जाएगा।

बूट और स्टोरेज स्पेस
डिस्कवरी स्पोर्ट में छिटपुट सामान रखने के लिए बड़ा सा डोर पॉकेट, ग्लवबॉक्स और फ्रंट आर्मरेस्ट स्टोरेज दिए गए हैं।

इसमें पावर्ड टेलगेट का फीचर स्टैंडर्ड दिया गया है। मगर इसका बूट स्पेस काफी कम है जो केवल 115 लीटर ही है। मगर थर्ड रो हटाने के बाद आपको 657 लीटर का बूट स्पेस मिल जाता है। यदि इतना स्पेस भी कम पड़े तो सेकंड रो सीटों को पावर फोल्ड करके आप 1451 लीटर का बूट स्पेस तैयार कर सकते हैं। हालांकि इसकी सेकंड रो पूरी तरह से सीधी फोल्ड नहीं होती है, मगर फिर भी आप यहां सामान रख सकते हैं।
