सिट्रोएन ईसी3 1000 किलोमीटर रिव्यू: इलेक्ट्रिक कार को ड्राइव करने के बाद पता चली ये कुछ खामियां
Published On अगस्त 25, 2025 By अंश for सिट्रोएन e-c3 एक्स
- 1 View
- Write a comment
इसकी राइड क्वालिटी और सिटी ड्राइविंग अच्छी है, लेकिन ईसी3 ने कुछ अजीब कारणों से मुझे परेशान किया

सिट्रोएन ईसी3 को मेरे पास आए एक महीने से ज्यादा हो गया है और इस दौरान यह मेरी रोजमर्रा की ड्राइविंग कार रही। हालांकि कभी-कभी यह कार दूसरे हाथों में भी गई, लेकिन अब तक इसे सिर्फ शहर में ही चलाया गया। इस कार ने शहर में हर वो काम किया जो आप कर सकते हैं, फिर चाहे वो ऑफिस आना-जाना हो, आधी रात की ड्राइव हो, या दोस्तों के साथ कभी-कभार लंबे सफर पर जाना हो।

इन सभी ड्राइव में एक चीज हमेशा एक जैसी थी और वो यह कि इसमें सफर करना आरामदायक है। सिट्रोएन अपने सस्पेंशन सेटअप पर गर्व करती है जो आरामदायक राइड क्वालिटी देने का दावा करते हैं, और ईसी3 के मामले में यह सच भी है। मैं और मेरा सहकर्मी पुणे में इस कार को चला रहे हैं, और ईसी3 के साथ हमें हमेशा आरामदायक राइड मिली।

कार में तीन या उससे ज्यादा लोग होने पर भी राइड कंफर्ट में कमी नहीं आई, और मुझे जल्दी ही अहसास हो गया कि ये कार शहर में चलाने के लिए काफी अच्छी है। छोटी होने के कारण यह शहर के ट्रैफिक को आसानी से पार कर लेती है, इसमें चार लोगों के लिए पर्याप्त स्पेस है, 180 किलोमीटर की रेंज मिलती है और सभी को सफर में आरामदायक रखती है।
लेकिन, मुझे कुछ ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ा जिसकी मैनें 13 लाख रुपये की कार में न तो कल्पना की थी और न ही उम्मीद की थी। हमारे कारदेखो ऑफिस में ईसी3 को चार्ज करने के लिए मुझे इसे बेसमेंट में पार्क करना पड़ता है और वह भी ढ़लान पर, ऐसा हर ईवी के साथ होता है। लेकिन किसी कारण से, जब ईसी3 ढ़लान में पार्क की गई तो इसका बूट ओपन नहीं हुआ।

इसलिए, अगर मुझे वापस कार को चार्ज लगाना होता तो मुझे उसे बाहर समतल रोड़ पर लाना होता और फिर डिक्की खोलनी पड़ती। यह कोई बार-बार होने वाली समस्या नहीं है, लेकिन इसने हमें उलझन में डाल दिया। शुक्र है कि पिछले दो सप्ताह में ऐसा नहीं हुआ। इसी तरह, चार्जर पोर्ट के अंदर फंस जाता है और उसे निकालने के लिए कोई खास बटन नहीं दिया गया है। चार्जिंग बंद करने पर यह अपने आप निकल जाना चाहिए, लेकिन ऐसा हर बार नहीं होता।

10 में से 5 बार मुझे बोनट खोलना पड़ा और इमरजेंसी रिलीज ढूंढना पड़ा, और चार्जर निकालने के लिए उसे खिंचना पड़ा। ऐसा घर पर भी हुआ और फास्ट चार्जिंग स्टेशन पर भी। कार ज्यादा गर्म होने पर अचानक चार्ज होना बंद हो जाती है और डीसी फास्ट चार्जिंग के दौरान ऐसा होना स्वाभाविक है। लेकिन मेरे साथ स्लो एसी चार्जिंग के दौरान भी ऐसा दो बार हुआ।

केबिन में भी कुछ समस्याएं हैं। हमें जो यूनिट मिली उसके पिछले चार्जिंग पोर्ट्स टूटे हुए थे, और मेरा यह मतलब नहीं है कि वे काम नहीं करते। वे बस टूटे हुए थे और केसिंग के अंदर गहरे धंसे हुए थे। हमने इस बारे में सिट्रोएन से बात की, और उन्होंने कहा कि इसे ठीक किया जा सकता है, लेकिन कार वापस आने में कम से कम एक सप्ताह लगेगा।

एक समस्या इसके आईआरवीएम में है, मैनें जब दूसरी कार के हाई बीम से बचने के लिए इसे एडजस्ट करने की कोशिश की तो यह निकल गया, और मुझे अहसास हुआ कि यह भी क्षतिग्रस्त है और जल्द ही कार वापस भेजने पर इसे ठीक कर दिया जाएगा। लेकिन यह कार लगभग 7000 किलोमीटर ही चली है और गुणवत्ता की ऐसी समस्याएं अपेक्षित नहीं है। 13 लाख रुपये की कार में हम ऐसी कोई उम्मीद नहीं करते।

अब तक, केवल एक चीज जिसे मुझे और इसे चलाने वाले अन्य लोगों को प्रभावित किया, वह है इसकी आरामदायक राइड क्वालिटी और चलाने में आसान। अगले कुछ हफ्तो में, मैं ईसी3 को मुंबई लेकर जाऊंगा, और यह देखूंगा कि क्या यह एक शहर से आसपास के दूसरे शहर में जाने के लिए उपयुक्त है, और इस कार के फीचर और प्रैक्टिकेलिटी पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करूंगा। तो, अधिक अपडेट के लिए बने रहें।
खूबियां: आरामदायक सवारी, शहर में चलाना आसान, शहर में इस्तेमाल करने लायक रेंज
खामियां: कम सुविधाएं, घटिया केबिन क्वालिटी, चार्जिंग की समस्या
ड्राइव के लिए किस दिन मिली: 9 मई 2025
तब तक कितने किलोमीटर की जा चुकी थी ड्राइव: 7271 किलोमीटर
अब तक कितने किलोमीटर हो चुकी ड्राइव: 8294 किलोमीटर