टाटा हैरियर ईवी लॉन्ग टर्म इंट्रोडक्शन: अब तक 1,500 किलोमीटर का तय हुआ सफर, कुछ चीजों का अनुभव अब भी बाकी
Published On मई 18, 2026 By तीर्थ for टाटा हैरियर ईवी
- 1 View
- Write a comment

पिछले एक महीने से मैं रोज टाटा हैरियर ईवी का इस्तेमाल कर रहा हूं । और वो भी कोई आम वेरिएंट नहीं, बल्कि पूरी तरह से लोडेड एम्पावर्ड क्यूडब्ल्यूडी 75 केडब्ल्यूएच वाला मॉडल, जो डुअल मोटर्स, ऑल-व्हील ड्राइव और टाटा की मौजूदा ईवी एसयूवी में मिलने वाली सभी फीचर्स से लैस है। चार हफ़्तों से कुछ ज़्यादा समय में ही यह मेरे साथ 1,500 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है, ऑफिस आने-जाने, शहर के कामों में मेरा साथ देने और रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुकी है।
पहला इंप्रेशन: हर मायने में बड़ी एसयूवी लगती है ये
हैरियर ईवी को देखते ही सबसे पहले आपको पता चल जाता है कि यह एक भारी-भरकम गाड़ी है। दरवाज़ा खोलते ही इसका ठोसपन महसूस हो जाता है, और एक बार जब आप गाड़ी चलाना शुरू करते हैं, तो इसके साइज और वज़न का स्पष्ट अहसास होता है।

आप ऊंची सीट पर बैठते हैं, विजिबिलिटी शानदार मिलती है, और सड़क पर इसकी मौजूदगी बेमिसाल है। लेकिन हल्की फुल्की दिखने वाली छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के विपरीत, हैरियर ईवी हमेशा आपको याद दिलाती है कि इसके नीचे बहुत सारा मैटल और बैटरी मौजूद है। यह कभी भी अजीब नहीं लगती, लेकिन निश्चित रूप से भारी महसूस होती है, क्योंकि यह है ही भारी।
चार्जिंग की सच्चाई
इलेक्ट्रिक व्हीकल रखने का मतलब सिर्फ उसे चलाना ही नहीं है; इसे चार्ज करना भी ज़रूरी है। और इतनी बड़ी बैटरी के साथ, यह बात आपको जल्दी ही समझ आ जाती है।

हमारे ऑफिस के बेसमेंट में, जहां मैं इसे 3.3 केडब्ल्यू के एसी चार्जर से चार्ज करता हूं, लगभग 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में आमतौर पर 24 घंटे लगते हैं। यह सिर्फ कार की खराबी नहीं है, बल्कि धीमी चार्जिंग व्यवस्था पर बड़ी बैटरी को चार्ज करने की यही सच्चाई है। आप जल्दी ही सीख जाते हैं कि इसे समय से पहले चार्ज करना चाहिए और अपनी यात्राओं की योजना बनानी चाहिए। खासकर अब, जब हमारे गैरेज में सिर्फ इलेक्ट्रिक व्हीकल ही हैं, जिनमें हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और किआ कैरेंस क्लैविस ईवी भी शामिल हैं।
ड्राइव करने में आसान
सड़क पर निकलते ही हैरियर ईवी अपनी भूमिका बखूबी निभाती है। ज्यादातर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की तरह, यह स्मूद, शांत और कंफर्टेबल महसूस होती है। पावर डिलीवरी तुरंत और सटीक होने के कारण ट्रैफिक में गाड़ी चलाना आसान हो जाता है। खाली जगह में गाड़ी चलाना आसान है, ओवरटेक करने के लिए ज्यादा प्लानिंग की जरूरत नहीं पड़ती और बाहर का शोरगुल होने पर भी केबिन शांत रहता है। यह एक ऐसी कार है जो बिना ज्यादा कोशिश किए ही रोज़ाना ड्राइविंग के तनाव को कम कर देती है।

सस्पेंशन: इंप्रेस होने में लगेगा समय
एक पहलू जिस पर मैं अभी भी अपनी राय बना रहा हूं, वह है सस्पेंशन। हैरियर ईवी के सस्पेंशन की काफी चर्चा हुई है, खासकर कई सख्त राइडिंग वाली ईवी की तुलना में, क्योंकि इसमें मल्टी-लिंक सस्पेंशन दिए गए है।
अब तक, जिन सड़कों पर मैंने इसे नियमित रूप से चलाया है, वहां यह असाधारण के बजाय सक्षम ही लगा है। यह खराब रास्तों पर भी ठीक-ठाक चलती है, लेकिन मुझे अभी तक ऐसा कोई पल नहीं मिला जब मैं कहूं, हां, यह वाकई में शानदार है। इसकी पूरी क्षमता का पता लगाने के लिए शायद इसे किसी लंबी हाईवे ड्राइव या ज्यादा उबड़-खाबड़ सड़कों पर चलाना पड़ेगा।
बड़ी ड्राइव्स में ही पता चलेगी असल कहानी
शहर में अभी तक हैरियर ईवी का सिर्फ एक पहलू ही देखने को मिला है। जल्द ही, यह लंबी यात्राओं पर निकलेगी, जिसमें गुजरात में अपने घर तक की यात्रा भी शामिल है, जिससे इसकी रेंज, कंफर्ट और हाईवे पर इसकी परफॉर्मेंस के बारे में और भी बहुत कुछ पता चलेगा।
टेस्ला मॉडल वाई एल के लॉन्च इवेंट के लिए मुंबई की यात्रा भी तय है, इसलिए हैरियर ईवी अब वह काम शुरू करने वाली है जो एक बड़ी इलेक्ट्रिक एसयूवी को सबसे अच्छे से करना चाहिए: लंबी दूरी तय करना।
एक महीने बाद
फिलहाल, हैरियर ईवी एक ऐसी कार है जिसे मैं आधा-अधूरा ही समझ पाया हूं। इसने अपनी खूबियां दिखा दी हैं, इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़ी कुछ वास्तविकताओं से परिचित कराया है, और कुछ सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं।

सच कहूं तो, लंबी अवधि के लिए कार से यही उम्मीद की जाती है। अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है, और मुझे लगता है कि असली कहानी अब शुरू होती है।
प्राप्त करने की तिथि: 18 मार्च 2026
अब तक तय किए गए किलोमीटर: 1,500 किलोमीटर
खूबियां: दमदार रोड प्रजेंस, आसान राइड, रिफाइंड केबिन, फीचर्स से भरपूर
कमियां: धीमी एसी चार्जिंग, वजन, सस्पेंशन ने उतना नहीं किया इंप्रेस